BALCO की टेंडर शर्तों पर उठे सवाल, स्थानीय ठेकेदारों के हितों की अनदेखी का आरोप
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
कोरबा, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
संवाददाता :-
BALCO में स्थानीय ठेकेदारों के हितों की अनदेखी पर पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने जताई चिंता, 5 और 10 करोड़ टर्नओवर की अनिवार्य शर्तों की समीक्षा की मांग, कलेक्टर से हस्तक्षेप का आग्रह
कोरबा ACGN:- भारत एल्युमिनियम कंपनी लिमिटेड (BALCO) में स्थानीय ठेकेदारों के हितों को लेकर पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता श्री जयसिंह अग्रवाल ने चिंता व्यक्त की है। वेदांता कॉन्ट्रेक्टर एसोसिएशन बालको नगर के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने उनसे मुलाकात कर निविदा प्रक्रिया में लागू की गई 5 करोड़ एवं 10 करोड़ रुपये वार्षिक टर्नओवर की अनिवार्य पात्रता शर्तों से उत्पन्न समस्याओं से अवगत कराया।
एसोसिएशन के सदस्यों ने बताया कि BALCO में वर्षों से कार्यरत कई अनुभवी और सक्षम स्थानीय ठेकेदार केवल उच्च वित्तीय पात्रता मानदंडों के कारण निविदा प्रक्रिया में शामिल नहीं हो पा रहे हैं। इससे स्थानीय व्यापार, रोजगार और उनसे जुड़े हजारों श्रमिकों के हित प्रभावित होने की संभावना बनी हुई है।



पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर कोरबा को पत्र लिखकर BALCO प्रबंधन और स्थानीय ठेकेदारों के बीच समन्वय स्थापित कर उचित समाधान निकालने का आग्रह किया है।
उन्होंने कहा कि कोरबा जिला प्रदेश का प्रमुख औद्योगिक क्षेत्र है और BALCO जैसी बड़ी औद्योगिक इकाई के विकास में स्थानीय ठेकेदारों, उद्यमियों और श्रमिकों का वर्षों से महत्वपूर्ण योगदान रहा है। स्थानीय ठेकेदारों ने अपनी तकनीकी दक्षता, अनुभव और संसाधनों के माध्यम से कंपनी के विभिन्न कार्यों को सफलतापूर्वक पूरा किया है।
श्री अग्रवाल ने कहा कि बड़ी औद्योगिक इकाइयों की जिम्मेदारी केवल उत्पादन और व्यवसाय तक सीमित नहीं होती, बल्कि जिस क्षेत्र में वे स्थापित हैं वहां के स्थानीय लोगों, उद्यमियों और श्रमिकों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना भी उनका सामाजिक दायित्व है।
उन्होंने कहा कि छोटे एवं मध्यम स्तर के स्थानीय ठेकेदारों के पास पर्याप्त अनुभव और कार्य क्षमता होने के बावजूद केवल अधिक टर्नओवर की शर्तों के कारण उन्हें अवसरों से वंचित करना उचित नहीं है। औद्योगिक विकास के साथ स्थानीय सहभागिता और रोजगार संरक्षण के बीच संतुलन बनाए रखना आवश्यक है।
पूर्व मंत्री ने कहा कि BALCO विस्तार परियोजना के दौरान आयोजित जनसुनवाई में तत्कालीन BALCO सीईओ द्वारा स्थानीय बेरोजगारों, व्यवसायियों, ठेकेदारों, सप्लायरों एवं स्थानीय समुदाय के हितों को प्राथमिकता देने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन वर्तमान स्थिति में स्थानीय हितों की अनदेखी होती दिखाई दे रही है।
उन्होंने कलेक्टर कोरबा से मांग की है कि BALCO प्रबंधन से चर्चा कर 5 करोड़ एवं 10 करोड़ रुपये वार्षिक टर्नओवर की अनिवार्य शर्तों की समीक्षा कराई जाए। साथ ही जिला प्रशासन की मौजूदगी में BALCO प्रबंधन और वेदांता कॉन्ट्रेक्टर एसोसिएशन के बीच बैठक आयोजित कर व्यवहारिक समाधान निकाला जाए।
उन्होंने कहा कि वर्षों से BALCO में कार्यरत स्थानीय ठेकेदारों एवं उनसे जुड़े श्रमिकों के हितों की रक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाए जाने चाहिए, जिससे क्षेत्र में रोजगार और स्थानीय उद्योगों को बढ़ावा मिल सके।
श्री जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि कोरबा की औद्योगिक पहचान यहां के उद्योगों और स्थानीय लोगों के आपसी सहयोग से बनी है। स्थानीय उद्यमियों और श्रमिकों के हितों का संरक्षण क्षेत्र के संतुलित, समावेशी एवं सतत विकास के लिए बेहद जरूरी है।
उन्होंने उम्मीद जताई कि जिला प्रशासन इस विषय को गंभीरता से लेते हुए BALCO प्रबंधन से सकारात्मक संवाद स्थापित करेगा और स्थानीय ठेकेदारों के हित में न्यायसंगत समाधान की दिशा में पहल करेगा।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
अपने क्षेत्र के समाचार एवं विज्ञापन प्रसारण हेतु संपर्क करें 7647981711, 9303 948 009
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


