नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 7647981711 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें , मुख्यमंत्री निवास में दीपावली मिलन का अनूठा संगम, पद्मश्री विभूतियों से लेकर समाजसेवियों तक हर वर्ग से मिले सीएम साय – Anjor Chhattisgarh News

Anjor Chhattisgarh News

सच की तह तक

मुख्यमंत्री निवास में दीपावली मिलन का अनूठा संगम, पद्मश्री विभूतियों से लेकर समाजसेवियों तक हर वर्ग से मिले सीएम साय

😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊

रायपुर, छत्तीसगढ़

By ACGN – 7647981711, 9303948009

प्रदेशभर से पहुंचे विभिन्न समाजों, सामाजिक संगठनों, लोकतंत्र सेनानियों, वरिष्ठ कार्यकर्ताओं, कलाकारों और शिक्षाविदों के प्रतिनिधि। मुख्यमंत्री ने एक-एक टेबल पर पहुंचकर जाना हालचाल, सुने अनुभव और सेवा-संस्कृति में योगदान की सराहना की।

रायपुर ACGN:- दीपावली का पर्व केवल दीप जलाने और शुभकामनाएं देने तक सीमित नहीं, बल्कि आपसी रिश्तों, सामाजिक सद्भाव और अपनत्व को मजबूत करने का भी अवसर होता है। नवा रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में आयोजित दीपावली मिलन समारोह में इसकी झलक देखने को मिली।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेश के अलग-अलग जिलों से पहुंचे पद्मश्री सम्मानित विभूतियों, विभिन्न समाजों के वरिष्ठजनों, लोकतंत्र सेनानियों, सामाजिक संगठनों, शिक्षा, साहित्य, संस्कृति, सेवा, सुरक्षा और आर्थिक क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधियों से आत्मीय मुलाकात की।


समारोह की खास बात यह रही कि मुख्यमंत्री औपचारिक मंच तक सीमित नहीं रहे, बल्कि स्वयं एक-एक टेबल पर पहुंचकर अतिथियों का हालचाल जाना। उन्होंने वरिष्ठजनों के अनुभव सुने, विभिन्न संगठनों की गतिविधियों की जानकारी ली और समाज के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना की। अलग-अलग क्षेत्रों में वर्षों से सेवा और समर्पण के साथ काम कर रहे लोगों के बीच यह आयोजन संवाद और अनुभव साझा करने का अवसर बना।


मुख्यमंत्री साय ने कहा कि दीपावली प्रेम, विश्वास, सद्भाव और सामाजिक एकता को मजबूत करने का पर्व है। छत्तीसगढ़ की सबसे बड़ी शक्ति यहां के लोगों की सरलता, आत्मीयता, सामाजिक एकता और सेवा भावना है। समाज के हर वर्ग की सहभागिता और सामूहिक प्रयासों से ही प्रदेश की गौरवशाली परंपराओं को सहेजते हुए विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचा जा सकता है।
विभिन्न समाजों के वरिष्ठजनों से मुलाकात, सामाजिक समरसता पर जोर


समारोह में जैन समाज, वैष्णव समाज, छत्तीसगढ़िया सोनार समाज सहित विभिन्न समाजों के वरिष्ठजन और प्रतिनिधि शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने उनसे सामाजिक, सांस्कृतिक और जनकल्याणकारी गतिविधियों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की पहचान विविधता में एकता और सामाजिक सद्भाव की समृद्ध परंपरा से है। अलग-अलग समाजों की परंपराएं और जीवन मूल्य मिलकर प्रदेश की साझा संस्कृति को समृद्ध बनाते हैं। वरिष्ठजनों का अनुभव नई पीढ़ी के लिए मार्गदर्शन का महत्वपूर्ण आधार है।राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के लगभग चार दशक से सक्रिय वरिष्ठ कार्यकर्ताओं तथा संघ के छत्तीसगढ़ प्रांत के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से भी मुख्यमंत्री ने मुलाकात की। इस दौरान पुराने अनुभवों और स्मृतियों पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि लंबे समय तक निष्ठा, अनुशासन और सेवा भावना से कार्य करने वाले वरिष्ठजनों का अनुभव नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
लोकतंत्र सेनानियों के संघर्ष को किया नमन


प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे लोकतंत्र सेनानियों से मुख्यमंत्री ने आत्मीय संवाद किया और आपातकाल के दौरान लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए किए गए संघर्ष के अनुभव जाने। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र भारत की सबसे बड़ी शक्ति है।

लोकतांत्रिक अधिकारों, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के लिए संघर्ष करने वालों का योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।
सेवा और शिक्षा के क्षेत्र में सक्रिय संगठनों से चर्चा


समारोह में आरोग्य भारती, राष्ट्रीय सेवा भारती और भारतीय कुष्ठ निवारक संघ सहित सेवा संगठनों के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री से मुलाकात की। स्वास्थ्य जागरूकता, रोग निवारण, जरूरतमंदों की सहायता, सामाजिक पुनर्वास और जनकल्याण के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की जानकारी साझा की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि सेवा हमारी संस्कृति का मूल भाव है और जरूरतमंदों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने वाले संगठनों की सामाजिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका है।


अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, भारतीय शिक्षण मंडल और विद्या भारती सहित शिक्षा क्षेत्र से जुड़े संगठनों के प्रतिनिधियों से भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने शिक्षा, विद्यार्थी विकास, संस्कार, कौशल और नई पीढ़ी के व्यक्तित्व निर्माण से जुड़े विषयों पर विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल ज्ञान अर्जित करने का माध्यम नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण, सामाजिक उत्तरदायित्व और कर्तव्यबोध विकसित करने का आधार भी है।
प्रज्ञा प्रवाह और भारतीय साहित्य परिषद सहित वैचारिक एवं साहित्यिक संगठनों के प्रतिनिधियों से मुलाकात के दौरान साहित्य, भाषा, विचार और बौद्धिक विमर्श के महत्व पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज को नई दिशा देने और ज्ञान परंपरा को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने में साहित्यिक व वैचारिक संस्थाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है।
जनजातीय समाज, सामाजिक जागरण और सुरक्षा से जुड़े संगठनों की भागीदारी


विश्व हिंदू परिषद, वनवासी कल्याण आश्रम और राष्ट्रीय सेवा समिति सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी मुख्यमंत्री से मुलाकात की। जनजातीय क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, सेवा, सांस्कृतिक संरक्षण और सामाजिक जागरूकता से जुड़े प्रयासों पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनजातीय समाज छत्तीसगढ़ की गौरवशाली सांस्कृतिक पहचान का महत्वपूर्ण आधार है और इन क्षेत्रों में सकारात्मक पहल प्रदेश के सर्वांगीण विकास में सहायक है।
पूर्व सैनिक परिषद और हिंदू जागरण मंच सहित सुरक्षा एवं सामाजिक जागरण से जुड़े संगठनों के प्रतिनिधि भी समारोह में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने पूर्व सैनिकों के योगदान का सम्मान करते हुए कहा कि देश की सुरक्षा में जीवन समर्पित करने वाले सैनिक राष्ट्र का गौरव हैं। सेवानिवृत्ति के बाद भी समाजसेवा और राष्ट्रहित के कार्यों में उनकी सक्रियता अनुकरणीय है।
उद्योग, श्रमिक और उद्यमिता के विषयों पर भी हुआ संवाद


लघु उद्योग भारती और भारतीय मजदूर संघ सहित आर्थिक एवं श्रमिक क्षेत्र से जुड़े संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी मुख्यमंत्री से मुलाकात की। इस दौरान लघु उद्योगों, स्थानीय उद्यमिता, रोजगार सृजन, श्रमिक कल्याण और आर्थिक गतिविधियों के विस्तार जैसे विषयों पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में उद्योगों, उद्यमियों, श्रमिकों और युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। लघु एवं सूक्ष्म उद्योग स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाने के साथ प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूती देते हैं।
पद्मश्री विभूतियों से मुलाकात, कला-संस्कृति के योगदान को सराहा


समारोह में पद्मश्री सम्मानित कलाकारों और कला-साधकों से मुख्यमंत्री की मुलाकात विशेष आकर्षण रही। उन्होंने सूफी गायक पद्मश्री मदन सिंह चौहान से आत्मीय भेंट कर उनकी संगीत साधना और योगदान की सराहना की। मदन सिंह चौहान ने सीमित संसाधनों में टिन के पीपे को ढोलक बनाकर संगीत का अभ्यास शुरू किया था। करीब 30 वर्षों तक तबला वादन के बाद उन्होंने गजल और सूफी गायकी में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। लोग उन्हें स्नेह से ‘गुरुजी’ कहते हैं।


मुख्यमंत्री ने पद्मश्री काष्ठ शिल्पकार पंडीराम मंडावी से भी मुलाकात की। नारायणपुर निवासी मंडावी ने 15 वर्ष की उम्र में लकड़ी पर आकृतियां उकेरने की शुरुआत की थी। उनकी कृतियों में बस्तर के जनजातीय जीवन, संस्कृति और परंपराओं की झलक दिखाई देती है। मुख्यमंत्री के आग्रह पर उन्होंने करीब एक माह तक 12 अबूझमाड़िया युवाओं को काष्ठ शिल्प का प्रशिक्षण भी दिया। मुख्यमंत्री ने पारंपरिक कला को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने के उनके प्रयासों की सराहना की।


पद्मश्री सम्मानित भारती बंधु से भी मुख्यमंत्री ने आत्मीय मुलाकात की और संत कबीर की वाणी तथा भक्ति संगीत को जन-जन तक पहुंचाने में उनके योगदान की प्रशंसा की।
‘स्पेस ऑन व्हील’ से जनजातीय बच्चों तक पहुंच रहा विज्ञान


विज्ञान भारती के प्रतिनिधियों ने भी मुख्यमंत्री से मुलाकात कर जनजातीय और दूरस्थ क्षेत्रों के बच्चों को अंतरिक्ष विज्ञान से परिचित कराने के लिए संचालित ‘स्पेस ऑन व्हील’ पहल की जानकारी दी। इस विशेष वाहन में इसरो के प्रक्षेपित उपग्रहों के मॉडल और अंतरिक्ष विज्ञान से जुड़ी प्रदर्शन सामग्री रखी जाती है। वैज्ञानिक और प्रशिक्षित शिक्षक बच्चों को सरल भाषा में उपग्रहों, अंतरिक्ष अभियानों और अनुसंधान की कार्यप्रणाली समझाते हैं।
संस्था के प्रतिनिधि वर प्रसाद कोला ने विज्ञान भारती की गतिविधियों और उद्देश्यों की जानकारी दी। इस अवसर पर शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय के सहायक प्राध्यापक डॉ. कुशकुमार नायक और एनआईटी रायपुर के कंप्यूटर साइंस विभाग के प्रोफेसर डॉ. दिलीप कुमार सिसोदिया भी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनजातीय और दूरस्थ अंचलों के बच्चों में प्रतिभा की कमी नहीं है। उन्हें सही अवसर, मार्गदर्शन और आधुनिक शैक्षणिक संसाधन उपलब्ध कराना जरूरी है।


मुख्यमंत्री साय ने कहा कि समाज के विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत संगठनों और विभूतियों का अनुभव, समर्पण और जनसेवा की भावना छत्तीसगढ़ की विकास यात्रा को नई ऊर्जा देती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प के अनुरूप छत्तीसगढ़ को विकसित, समृद्ध और आत्मनिर्भर राज्य बनाने में समाज के प्रत्येक वर्ग और नागरिक की सहभागिता महत्वपूर्ण है।
दीपावली मिलन समारोह में शुभकामनाओं के साथ-साथ सामाजिक अनुभवों, सेवा कार्यों, कला, संस्कृति, शिक्षा और विकास से जुड़े विषयों पर संवाद हुआ। मुख्यमंत्री ने सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनके सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
अपने क्षेत्र की महत्वपूर्ण खबर, जनसमस्या और जनहित से जुड़े मुद्दे हमें भेजें।
संपर्क : 7647981711, 9303948009

Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें 

Advertising Space


स्वतंत्र और सच्ची पत्रकारिता के लिए ज़रूरी है कि वो कॉरपोरेट और राजनैतिक नियंत्रण से मुक्त हो। ऐसा तभी संभव है जब जनता आगे आए और सहयोग करे.

Donate Now