2047 का भारत युवाओं के हाथों में, राज्यपाल रमेन डेका बोले- लक्ष्य के लिए मेहनत, अनुशासन और नवाचार जरूरी
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN – 7647981711, 9303948009
लोक भवन में सात दिवसीय ‘वंदे मातरम् राज्य युवा शिविर’ का आयोजन, महाराष्ट्र सहित छह राज्यों के युवा ले रहे हिस्सा; राज्यपाल ने गांवों में रोजगार, कृषि उद्यमिता और राष्ट्रीय एकता पर दिया जोर।
रायपुर ACGN:- वर्ष 2047 तक भारत को विकसित और आत्मनिर्भर राष्ट्र बनाने का सपना तभी पूरा होगा, जब देश की युवा शक्ति अपनी शिक्षा, कौशल, मेहनत और नवाचार का उपयोग राष्ट्र निर्माण में करेगी। युवाओं को केवल लक्ष्य तय नहीं करना है, बल्कि उसे हासिल करने के लिए अनुशासन, धैर्य और निरंतर परिश्रम भी करना होगा। यह बात राज्यपाल रमेन डेका ने रायपुर के लोक भवन स्थित छत्तीसगढ़ मंडपम में आयोजित ‘वंदे मातरम् राज्य युवा शिविर’ में विभिन्न राज्यों से आए युवा स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए कही।

‘मेरा युवा भारत’ द्वारा आयोजित यह सात दिवसीय शिविर 17 से 23 नवंबर 2026 तक चल रहा है। इसमें महाराष्ट्र, त्रिपुरा, उत्तर प्रदेश, ओडिशा, तेलंगाना और जम्मू-कश्मीर के युवा प्रतिभागी शामिल हुए हैं। राज्यपाल ने कहा कि भारत युवाओं का देश है और देश की लगभग 35 प्रतिशत आबादी युवा है। यही युवा शक्ति 2047 तक विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे जीवन में जो भी काम करें, पूरी लगन, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ करें, ताकि समाज और राष्ट्र को उसका लाभ मिल सके।

राष्ट्रीय एकता और सांस्कृतिक मेलजोल पर जोर
राज्यपाल ने कहा कि ऐसे युवा शिविर विभिन्न राज्यों के युवाओं को एक-दूसरे की संस्कृति, परंपराओं और विचारों को समझने का अवसर देते हैं। इससे आपसी सद्भाव, राष्ट्रीय एकता और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है। राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने का उल्लेख करते हुए उन्होंने इसे मातृभूमि के प्रति प्रेम, समर्पण और राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक बताया।

टालमटोल छोड़ें, समय की कीमत समझें युवा
युवाओं को सफलता का मंत्र देते हुए राज्यपाल ने धैर्य, दृढ़ता और स्पष्ट उद्देश्य को जरूरी बताया। उन्होंने कहा कि केवल लक्ष्य निर्धारित कर लेना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसे हासिल करने के लिए निरंतर प्रयास और कठोर परिश्रम करना पड़ता है। युवाओं को आज का काम कल पर टालने की आदत छोड़नी चाहिए। समय की पाबंदी, अनुशासन और जिम्मेदारी ही सफलता की मजबूत नींव हैं।
गांवों में रोजगार और कृषि में उद्यमिता की अपार संभावनाएं
राज्यपाल ने युवाओं को गांवों की ओर रुख करने की सलाह देते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में विकास और रोजगार की व्यापक संभावनाएं मौजूद हैं। युवाओं को गांवों की जरूरतों को समझकर स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर तलाशने चाहिए। उन्होंने कृषि को केवल पारंपरिक पेशा मानने के बजाय उद्यमिता और स्टार्टअप के रूप में विकसित करने पर जोर दिया। इसके लिए जैविक खेती, प्राकृतिक संसाधनों के बेहतर उपयोग और आधुनिक कृषि पद्धतियों को अपनाने की अपील की।

बस्तर में बदलती तस्वीर का किया उल्लेख
बस्तर का उदाहरण देते हुए राज्यपाल ने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होने से शांति और विकास का वातावरण तैयार होता है। नक्सलवाद का प्रभाव कम होने और सुरक्षा व्यवस्था बेहतर होने से बस्तर में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहे हैं। जिन क्षेत्रों में पहले संचार सुविधाओं का अभाव था, वहां अब मोबाइल टावर, रेडियो और टेलीविजन की पहुंच बढ़ रही है। बच्चे नियमित रूप से स्कूल जा रहे हैं और क्षेत्र विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

युवा स्वयंसेवकों का सम्मान, सवालों का दिया जवाब
कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल ने विभिन्न राज्यों से आए प्रतिभाशाली युवा स्वयंसेवकों को सम्मानित किया। उन्होंने युवाओं से संवाद करते हुए उनके सवालों और जिज्ञासाओं का समाधान किया तथा सफल जीवन के लिए मार्गदर्शन दिया।

कार्यक्रम के प्रारंभ में ‘मेरा युवा भारत’ के राज्य निदेशक अर्पित तिवारी ने शिविर के उद्देश्यों और प्रस्तावित गतिविधियों की जानकारी दी।
इस अवसर पर राज्यपाल के सचिव डॉ. सी.आर. प्रसन्ना सहित लोक भवन के अधिकारी, विभिन्न राज्यों से आए अधिकारी और युवा प्रतिभागी उपस्थित रहे। शिविर के माध्यम से युवाओं को राष्ट्रीय एकता, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका समझने का अवसर मिल रहा है।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
अपने क्षेत्र की महत्वपूर्ण खबर, जनसमस्या और जनहित से जुड़े मुद्दे हमें भेजें।
संपर्क : 7647981711, 9303948009
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
आणखी कथा
















































