मानिकपुर खदान विस्तार को लेकर ग्रामीणों के साथ अन्याय नहीं होगा सहन – जयसिंह अग्रवाल की SECL प्रबंधन को कड़ी चेतावनी
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
कोरबा, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
भूमि अधिग्रहण, मुआवजा और रोजगार को लेकर उठे सवाल, समाधान नहीं होने पर जनआंदोलन की चेतावनी
कोरबा। मानिकपुर खदान विस्तार परियोजना से प्रभावित ग्रामीणों के अधिकारों को लेकर पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने कड़ा रुख अपनाते हुए एस ई सी एल के अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक को पत्र लिखकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि प्रभावित परिवारों को न्यायसंगत मुआवजा और रोजगार उपलब्ध नहीं कराया गया तो क्षेत्र में व्यापक जनआंदोलन की स्थिति बन सकती है।
जयसिंह अग्रवाल ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि भिलाई खुर्द क्रमांक एक दो और तीन सहित आसपास के गांवों के सैकड़ों परिवार मानिकपुर खदान विस्तार के कारण गंभीर संकट का सामना कर रहे हैं। पूर्व में लगभग अस्सी एकड़ भूमि अधिग्रहण के दौरान स्थानीय ग्रामीणों को रोजगार देने का आश्वासन दिया गया था लेकिन आज तक उस वादे पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। अब पुनः लगभग साठ एकड़ भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू होने से ग्रामीणों की आजीविका पर बड़ा संकट मंडरा रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि मुआवजा निर्धारण की प्रक्रिया में भारी अनियमितता और असमानता बरती जा रही है। नव निर्मित मकानों को पुराने ड्रोन सर्वे का हवाला देकर नजरअंदाज किया जा रहा है जो प्रभावित ग्रामीणों के साथ खुला अन्याय है। साथ ही स्थानीय युवाओं को रोजगार देने के मामले में एस ई सी एल प्रबंधन की उदासीनता भी सामने आ रही है जिससे ग्रामीणों में असंतोष लगातार बढ़ता जा रहा है।

पूर्व मंत्री ने कहा कि यह स्थिति प्रशासनिक संवेदनहीनता का प्रतीक बन चुकी है और यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो क्षेत्र में बड़े स्तर पर आंदोलन खड़ा हो सकता है। उन्होंने एस ई सी एल प्रबंधन से मांग की है कि सभी प्रभावित परिवारों को उनकी भूमि और मकानों का वर्तमान बाजार मूल्य के आधार पर पारदर्शी और न्यायपूर्ण मुआवजा दिया जाए तथा नव निर्मित मकानों का पुनः सर्वे कराया जाए।

इसके साथ ही उन्होंने प्रभावित गांवों के युवाओं को प्राथमिकता के आधार पर स्थायी रोजगार उपलब्ध कराने और कोरबा क्षेत्र के महाप्रबंधक को निर्देशित कर ग्रामीणों से संवाद स्थापित करने की भी मांग की है ताकि उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान हो सके।
जयसिंह अग्रवाल ने दो टूक शब्दों में कहा कि यदि एस ई सी एल प्रबंधन द्वारा जल्द ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो क्षेत्र में उत्पन्न होने वाली जन अशांति की पूरी जिम्मेदारी प्रबंधन की होगी।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष निर्भीक और सच्ची खबरों और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






