बिना लाइसेंस चल रही थी कॉस्मेटिक फैक्ट्री, पांच लाख की सामग्री जब्त, जांच के बाद होगी आगे की कार्रवाई
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN – 7647981711, 9303948009
संवाददाता :- अनादि पांडेय रायपुर
महावीर नगर की फर्म में बिना वैध निर्माण अनुज्ञप्ति बन रहे थे ब्यूटी क्रीम और फेस सीरम, 12 प्रकार की मशीनें और 8 प्रकार के कच्चे माल जब्त
रायपुर ACGN:- खूबसूरती निखारने के नाम पर बाजार में बिकने वाले कॉस्मेटिक उत्पादों की गुणवत्ता और वैधता को लेकर खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। रायपुर के महावीर नगर स्थित एक फर्म में बिना वैध निर्माण अनुज्ञप्ति के कॉस्मेटिक उत्पाद तैयार किए जाने का मामला सामने आया है। विभागीय टीम ने औचक निरीक्षण कर करीब 5 लाख रुपये की सामग्री जब्त की है। कार्रवाई के दौरान 12 प्रकार की मशीनें और 8 प्रकार के कच्चे माल भी जब्त किए गए।

खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने नियंत्रक दीपक कुमार अग्रवाल के निर्देश और सहायक औषधि नियंत्रक बेनी राम साहू के मार्गदर्शन में मेसर्स शिव बाबा इंटरनेशनल का निरीक्षण किया। इस दौरान फर्म के संचालक महेंद्र सचदेव द्वारा बिना वैध निर्माण अनुज्ञप्ति के विभिन्न कॉस्मेटिक उत्पादों का निर्माण किया जाना पाया गया। विभाग के अनुसार, संबंधित फर्म को निर्माण अनुज्ञप्ति जारी नहीं की गई थी।
निरीक्षण के दौरान ग्लैमरिक्स ब्यूटी क्रीम, मॉम ब्यूटी व्हाइटनिंग क्रीम और क्वीनज़ पर्ल फेशियल सीरम का निर्माण होता मिला। टीम ने तीनों उत्पादों के नमूने गुणवत्ता परीक्षण और विश्लेषण के लिए लिए हैं। इसके साथ ही तैयार उत्पादों, निर्माण में इस्तेमाल होने वाली 12 प्रकार की मशीनों और 8 प्रकार के कच्चे माल को जब्त कर लिया गया। जब्त सामग्री का अनुमानित मूल्य लगभग 5 लाख रुपये बताया गया है।
विभागीय अधिकारियों के मुताबिक यह कार्रवाई औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम, 1940 तथा उसके अंतर्गत बनाए गए नियमों के प्रावधानों के तहत की गई है। फिलहाल तीनों उत्पादों के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई में औषधि नियंत्रण अधिकारी टेकचंद धिरहे, ईश्वरी नारायण सिंह, लक्ष्मी कौशिक और सुरेश साहू शामिल रहे।
कॉस्मेटिक खरीदते समय उपभोक्ता भी रहें सतर्क
खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने आम नागरिकों और व्यापारियों से अपील की है कि बिना वैध निर्माण अनुज्ञप्ति के कॉस्मेटिक उत्पादों का निर्माण, भंडारण, विक्रय या वितरण न करें। उपभोक्ताओं को भी क्रीम, सीरम और अन्य सौंदर्य प्रसाधन खरीदते समय उत्पाद का लेबल, निर्माता का नाम-पता, निर्माण अनुज्ञप्ति संबंधी विवरण और उपयोग की अंतिम तिथि जरूर जांचनी चाहिए।

विभाग ने संदिग्ध, अवैध अथवा बिना उचित लेबल वाले कॉस्मेटिक उत्पादों की सूचना देने के लिए मोबाइल नंबर 9340597097 जारी किया है। विभाग के अनुसार सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। जनस्वास्थ्य और उपभोक्ताओं की सुरक्षा के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
अपील : आपके आसपास की महत्वपूर्ण खबर, जनसमस्या एवं जनहित से जुड़े मुद्दों को हम तक पहुंचाएं। आपकी आवाज को प्रमुखता से उठाने के लिए संपर्क करें : 7647981711, 9303948009।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
आणखी कथा
















































