कबरा कान वाले हाथी का कहर जारी,छह महीने में 17 मौतें!
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
सूरजपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN – 7647981711, 9303948009
एक सप्ताह में पांच ग्रामीणों की मौत से गांवों में दहशत, दीपावली की रात दो लोगों को कुचलने के बाद फिर ली एक और जान, अब ट्रैंकुलाइज कर कॉलर आईडी लगाने की तैयारी; निगरानी व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल।
प्रतापपुर ACGN:- जंगल से लगे गांवों में रहने वाले ग्रामीणों के लिए अब रात का अंधेरा ही नहीं, दिन का उजाला भी खतरे का संकेत बनता जा रहा है। सूरजपुर जिले में कबरा कान वाले हाथी का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। हाथी के हमलों में एक और ग्रामीण की दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि पिछले एक सप्ताह में इस हाथी के हमले से पांच लोगों की जान जा चुकी है, जबकि बीते छह महीनों में यह हाथी 17 लोगों की जिंदगी छीन चुका है। लगातार हो रही जनहानि ने ग्रामीणों को दहशत में डाल दिया है और वन विभाग की निगरानी एवं हाथी प्रबंधन व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

ताजा घटना कन्दरई क्षेत्र की है, जहां सोमवार देर रात कबरा कान वाले हाथी ने 55 वर्षीय ग्रामीण विसुन को कुचलकर मार डाला। जानकारी के अनुसार टुरी पतरा निवासी विसुन अपने एक रिश्तेदार के घर दूसरे मोहल्ले गया हुआ था। रात करीब एक बजे वह वापस अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान बाजारपारा के समीप अचानक उसका सामना हाथी से हो गया। इससे पहले कि वह संभल पाता, हाथी ने उसे अपनी चपेट में लेकर कुचल दिया। इस दर्दनाक घटना में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि घटना से पहले हाथी कल्याणपुर से करमपुर की ओर विचरण कर रहा था और रास्ते में किसानों की फसलों को भी नुकसान पहुंचा रहा था। इसी दौरान कन्दरई क्षेत्र में विसुन का सामना उससे हो गया और एक और परिवार का सहारा हमेशा के लिए छिन गया।

दीपावली की रात भी दो ग्रामीणों की गई थी जान
गौरतलब है कि दीपावली की रात भी कबरा कान वाले हाथी ने सूरजपुर और प्रतापपुर वन परिक्षेत्र में अलग-अलग घटनाओं में दो ग्रामीणों को कुचलकर मार डाला था। इन घटनाओं के बाद ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखी गई थी। लोगों ने हाथी की गतिविधियों पर 24 घंटे निगरानी रखने, प्रभावित गांवों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और ग्रामीणों को समय रहते सूचना देने की मांग उठाई थी। लेकिन इसके बाद भी एक और मौत ने क्षेत्र में भय और आक्रोश को बढ़ा दिया है।
अब ट्रैंकुलाइज करने और कॉलर आईडी लगाने की तैयारी
लगातार हो रही जनहानि के बाद वन विभाग अब इस हाथी को ट्रैंकुलाइज कर उसके गले में कॉलर आईडी लगाने की तैयारी कर रहा है। इसके माध्यम से हाथी की लोकेशन और उसकी गतिविधियों पर लगातार नजर रखने की योजना है, ताकि उसकी मौजूदगी की जानकारी समय रहते प्रभावित गांवों तक पहुंचाई जा सके और संभावित दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
वन विभाग के एसडीओ संतोष पांडेय ने इस संबंध में विभागीय प्रयासों की जानकारी दी है। वहीं घटना के बाद मृतक के परिजनों को विभाग की ओर से 25 हजार रुपये की तत्कालिक सहायता राशि प्रदान की गई है।
17 मौतों के बाद भी सवालों के घेरे में निगरानी व्यवस्था!
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब एक हाथी के हमलों में छह महीने के भीतर 17 लोगों की जान जा चुकी है, तो उसकी गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी और ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए पहले से पर्याप्त इंतजाम क्यों नहीं हो सके? क्या वन विभाग के पास हाथी की आवाजाही का पता लगाने और प्रभावित गांवों को समय रहते सतर्क करने की पुख्ता व्यवस्था नहीं है? आखिर लगातार मौतों के बाद ही ट्रैंकुलाइज करने और कॉलर आईडी लगाने की तैयारी क्यों शुरू हुई?
ग्रामीणों को केवल घटना के बाद मिलने वाली सहायता राशि और आश्वासनों से सुरक्षा नहीं मिल सकती। उन्हें ऐसी व्यवस्था चाहिए, जिससे खेतों में काम करते समय, जंगल के रास्तों से गुजरते हुए और रात में घर लौटते वक्त उनकी जान सुरक्षित रहे। हाथी प्रभावित गांवों में नियमित निगरानी, समय पर चेतावनी, प्रशिक्षित टीमों की तैनाती और आपातकालीन सुरक्षा व्यवस्था अब बेहद जरूरी हो गई है।
अब सवाल सिर्फ एक हाथी के आतंक का नहीं, बल्कि उन 17 जिंदगियों का है, जिन्हें बचाने में व्यवस्था कहां और क्यों चूक रही है? वन विभाग की ट्रैंकुलाइज करने की योजना कब धरातल पर उतरेगी और ग्रामीणों को इस जानलेवा दहशत से कब राहत मिलेगी, इसका जवाब अब प्रशासन को देना होगा।
फिलहाल सूरजपुर के हाथी प्रभावित गांवों में भय का माहौल है और ग्रामीणों की निगाहें वन विभाग की ठोस कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
अपनी महत्वपूर्ण खबर, जनसमस्या और जनहित से जुड़े मुद्दे हम तक पहुंचाएं। संपर्क करें: 7647981711, 9303948009।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
















































