महिलाओं को बनाता था निशाना, सात वारदातों का खुला राज! 3.60 लाख का माल बरामद, आरोपी गिरफ्तार
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
दुर्ग, छत्तीसगढ़
By ACGN – 7647981711, 9303948009
संवाददाता :- अनादि पांडेय
दुर्ग जिले के चार थाना क्षेत्रों में सात अलग-अलग जगहों पर की थी झपटमारी, खुर्सीपार पुलिस और ACCU की संयुक्त कार्रवाई में लक्ष्मण राव गिरफ्तार, मोबाइल, सोने-चांदी के जेवर और बाइक सहित मशरूका जब्त।
दुर्ग ACGN:- सड़क पर चलती महिलाओं के हाथों से मोबाइल, पर्स और जेवर छीनकर फरार होने वाला आरोपी आखिरकार पुलिस के शिकंजे में आ गया। दुर्ग जिले के चार थाना क्षेत्रों में सात अलग-अलग स्थानों पर झपटमारी की वारदातों को अंजाम देने के मामले में खुर्सीपार पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) की संयुक्त टीम ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 3 लाख 60 हजार रुपये कीमत का सामान बरामद किया है। लगातार हो रही इन घटनाओं के बाद पुलिस की तकनीकी जांच और संयुक्त कार्रवाई से मामले का खुलासा हुआ है।
पुलिस के अनुसार, खुर्सीपार थाना क्षेत्र में लगातार झपटमारी की शिकायतें सामने आ रही थीं। इसे गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई। खुर्सीपार पुलिस, ACCU और संबंधित थानों की टीमों ने घटनास्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले, तकनीकी साक्ष्य जुटाए और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखने के बाद संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
जांच में सामने आई घटनाओं के अनुसार, आरोपी ने खुर्सीपार चौक स्थित तुलसी ट्रेडर्स के सामने मोबाइल और जेवरात छीने थे। वहीं डबरा पारा ओवरब्रिज के ऊपर बैग छीनकर नकदी और दस्तावेज लेकर फरार हुआ था। इसके अलावा पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर मोबाइल छीनने, जामुल थाना क्षेत्र के नंदनी रोड पर सोने के जेवर और नकदी से भरा बैग छीनने तथा छावनी थाना क्षेत्र के पावर हाउस ओवरब्रिज पर मोबाइल और नकदी वाला बैग लेकर भागने की वारदातें भी सामने आईं।
झपटमारी का सिलसिला सुपेला थाना क्षेत्र तक पहुंचा, जहां चंद्र मौर्य टॉकीज के पास और ओवरब्रिज के ऊपर दो अलग-अलग घटनाओं में बैंक दस्तावेज, कार्ड और आभूषण छीने गए। इस तरह जिले के चार थाना क्षेत्रों में सात अलग-अलग वारदातों के मामले सामने आए।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान लक्ष्मण राव (29 वर्ष), पिता एस. सीमांचल राव, निवासी डी.एम.सी. तालाब, कुम्हारी, जिला दुर्ग के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक होंडा सीबी शाइन मोटरसाइकिल, 5 ग्राम का एक सोने का सिक्का, टूटा हुआ सोने का मंगलसूत्र, चार मोबाइल फोन, दो बड़े पर्स/बैग और 1,300 रुपये नकद बरामद किए हैं। इसके साथ ही राशन कार्ड, पैन कार्ड, मतदाता परिचय पत्र, ड्राइविंग लाइसेंस, आरसी कार्ड, मेडिकल कार्ड, विभिन्न बैंकों के एटीएम एवं डेबिट कार्ड, दो एसबीआई बैंक पासबुक, एक चेकबुक और एक डायरी भी जब्त की गई है। बरामद सामग्री की कुल कीमत लगभग 3 लाख 60 हजार रुपये बताई गई है।

दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि भीड़भाड़ वाले इलाकों, ओवरब्रिज और सुनसान रास्तों पर चलते समय मोबाइल, पर्स और सोने-चांदी के आभूषणों का विशेष ध्यान रखें। बैग को सड़क की ओर लटकाकर न चलें और सड़क पर मोबाइल का उपयोग करते समय सतर्क रहें। यदि किसी के साथ झपटमारी की घटना हुई है या कोई संदिग्ध व्यक्ति दिखाई देता है, तो तत्काल पुलिस को सूचना दें।
अब इस कार्रवाई के बाद सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि झपटमारी की घटनाओं से प्रभावित लोगों तक बरामद दस्तावेज, मोबाइल और आभूषणों की पहचान कर उन्हें वापस पहुंचाने की प्रक्रिया कितनी शीघ्र पूरी होती है।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
अपनी महत्वपूर्ण खबर, जनसमस्या और जनहित से जुड़े मुद्दे हम तक पहुंचाएं। संपर्क करें: 7647981711, 9303948009।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
















































