नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 7647981711 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें , हरेली पर सजा मुख्यमंत्री निवास, गूंजा हर-हर महादेव; गेड़ी, लोकनृत्य और छत्तीसगढ़ी व्यंजनों से दिखी माटी की महक – Anjor Chhattisgarh News

Anjor Chhattisgarh News

सच की तह तक

हरेली पर सजा मुख्यमंत्री निवास, गूंजा हर-हर महादेव; गेड़ी, लोकनृत्य और छत्तीसगढ़ी व्यंजनों से दिखी माटी की महक

😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊

रायपुर, छत्तीसगढ़

By ACGN 7647981711, 9303948009

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कृषि औजारों, गौमाता और भगवान शिव की पूजा कर प्रदेश की सुख-समृद्धि, अच्छी वर्षा और भरपूर फसल की कामना की; पारिजात का पौधा लगाकर दिया प्रकृति संरक्षण का संदेश।

रायपुर। छत्तीसगढ़ के प्रथम लोक पर्व हरेली तिहार पर बुधवार को नवा रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास पूरी तरह छत्तीसगढ़ी रंग में रंगा नजर आया।

खेत-खलिहान की परंपरा, लोकगीतों की स्वर लहरियां, मांदर की थाप, गेड़ी का उल्लास और पारंपरिक व्यंजनों की खुशबू ने मुख्यमंत्री निवास को गांव की जीवंत झांकी में बदल दिया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने विधि-विधान से भगवान शिव, गौमाता और कृषि औजारों की पूजा-अर्चना कर प्रदेश में अच्छी वर्षा, भरपूर फसल और किसानों की समृद्धि की कामना की।


हरेली के अवसर पर मुख्यमंत्री साय पारंपरिक वेशभूषा में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह के साथ महिला ऑटो चालक संगीता यादव के गुलाबी ऑटो में कार्यक्रम स्थल पहुंचे।

इस दौरान मुख्यमंत्री निवास में आयोजित कार्यक्रम में मंत्री, जनप्रतिनिधि, किसान और बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए।


मुख्यमंत्री ने नांगर, रापा, कुदाल और फावड़ा सहित कृषि कार्यों में उपयोग होने वाले औजारों की पूजा की तथा गौशाला पहुंचकर गौमाता और बछड़े को हरा चारा, चना-गुड़ और पारंपरिक लोंदी खिलाई।

उन्होंने कहा कि हरेली केवल कृषि उपकरणों की पूजा का पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति, पशुधन और खेती-किसानी के प्रति छत्तीसगढ़ की गहरी कृतज्ञता का प्रतीक है।


मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की बड़ी आबादी खेती-किसानी से जुड़ी है और किसान की खुशहाली ही गांव तथा प्रदेश की समृद्धि का आधार है। सरकार किसानों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के साथ आधुनिक कृषि तकनीक और यंत्रीकरण को बढ़ावा दे रही है।


कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कृषि विभाग के विभिन्न प्रदर्शनी स्टॉलों का अवलोकन किया। उन्होंने रायपुर के किसान इंद्र कुमार वर्मा को हार्वेस्टर पर मिलने वाली 16 लाख रुपये की अनुदान राशि का चेक प्रदान किया।

वहीं ड्रोन दीदी चंद्रकली वर्मा से संवाद कर आधुनिक तकनीक के माध्यम से कृषि क्षेत्र में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी की सराहना की। चंद्रकली ने बताया कि वह अब तक ढाई हजार एकड़ से अधिक क्षेत्र में ड्रोन से छिड़काव कर चुकी हैं और इससे आय भी अर्जित कर रही हैं।


हरेली के प्रकृति संरक्षण के संदेश को आगे बढ़ाते हुए मुख्यमंत्री साय और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने मुख्यमंत्री निवास परिसर में पारिजात के पौधे लगाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि केवल पौधरोपण करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि लगाए गए पौधों को वृक्ष बनने तक उनकी देखभाल करना भी जरूरी है।


मुख्यमंत्री निवास में गेड़ी, बिल्लस, गोटी, बाटी और रहचुली जैसे पारंपरिक खेलों ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। लोक कलाकारों ने छत्तीसगढ़ी गीत और नृत्यों की प्रस्तुतियां दीं।

मांदर और ढोलक की थाप पर मुख्यमंत्री साय भी कलाकारों के बीच पहुंचे और लोकधुनों पर उनके साथ उत्साह साझा किया। ठेठरी, खुरमी और बड़ा जैसे पारंपरिक छत्तीसगढ़ी व्यंजनों ने भी आयोजन में ग्रामीण स्वाद घोल दिया।


विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि हरेली छत्तीसगढ़ की कृषि परंपरा, संस्कृति और प्रकृति से जुड़ा महत्वपूर्ण लोक पर्व है। उन्होंने कहा कि किसान का घर खुशहाल होगा और गांव मजबूत होगा, तभी छत्तीसगढ़ समृद्धि की ओर तेजी से आगे बढ़ेगा।


कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने हरेली को खेती-किसानी, हरियाली और प्रकृति के प्रति आस्था का पर्व बताते हुए कहा कि किसान समृद्ध होगा तो प्रदेश और देश दोनों समृद्ध होंगे।


मुख्यमंत्री साय ने प्रदेशवासियों को हरेली की बधाई देते हुए कहा कि आधुनिक विकास के साथ अपनी लोक संस्कृति, परंपरागत ज्ञान, ग्रामीण खेल, लोककला और खानपान को सहेजना भी हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने भगवान भोलेनाथ और प्रकृति से छत्तीसगढ़ के खेतों में हरियाली, किसानों के घर खुशहाली और प्रदेश में निरंतर समृद्धि की कामना की।

प्रदीप मिश्रा
देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़ हम लाते हैं निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरें।

Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें 

Advertising Space


स्वतंत्र और सच्ची पत्रकारिता के लिए ज़रूरी है कि वो कॉरपोरेट और राजनैतिक नियंत्रण से मुक्त हो। ऐसा तभी संभव है जब जनता आगे आए और सहयोग करे.

Donate Now