सुशासन तिहार में दिखी उपमुख्यमंत्री अरुण साव की संवेदनशीलता, मंच से उतर सीढ़ियों पर बैठकर सुनी दिव्यांग युवक की पीड़ा
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
कोरबा, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
दिव्यांग युवक की बात सुनने मंच से उतरे उपमुख्यमंत्री, तत्काल ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराने दिए निर्देश
कोरबा ACGN:- प्रदेश में चल रहे सुशासन तिहार के अंतर्गत कोरबा जिले के विकासखंड पाली के ग्राम डोंगानाला में आयोजित जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर में उस समय एक अत्यंत मानवीय, संवेदनशील और भावुक दृश्य देखने को मिला, जिसने उपस्थित लोगों का दिल जीत लिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने एक दिव्यांग युवक की समस्या सुनने के लिए न केवल मंच से नीचे उतरने का निर्णय लिया, बल्कि मंच की सीढ़ियों पर बैठकर उससे आत्मीयता के साथ बातचीत की।

ग्राम मादन निवासी दिव्यांग युवक कपिल अपनी ट्राइसाइकिल की मांग लेकर शिविर में पहुंचा था। भीड़ के बीच खड़े कपिल पर जैसे ही उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव की नजर पड़ी, उन्होंने तत्काल उसे अपने पास बुलाने के बजाय स्वयं मंच से नीचे उतरना उचित समझा। वे मंच तक जाने वाली सीढ़ियों पर बैठ गए और कपिल को अपने समीप बुलाकर उसकी पूरी बात गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुनी।
इस दौरान उपमुख्यमंत्री ने अधिकारियों को भी मौके पर बुलाया और निर्देश दिया कि वे भी औपचारिकता छोड़कर दिव्यांग युवक की समस्या को प्राथमिकता से सुनें तथा उसका तत्काल समाधान सुनिश्चित करें। अधिकारियों ने वहीं बैठकर कपिल से जानकारी ली और आवश्यक कार्रवाई प्रारंभ कर दी।
उपमुख्यमंत्री के निर्देश के बाद प्रशासन ने तेजी से कार्रवाई करते हुए कुछ ही समय में कपिल को ट्राइसाइकिल उपलब्ध करा दी। ट्राइसाइकिल मिलने के बाद कपिल की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। भावुक होते हुए उसने कहा कि अब उसकी दैनिक जिंदगी पहले की अपेक्षा कहीं अधिक आसान हो जाएगी और उसे आने-जाने में होने वाली कठिनाइयों से काफी राहत मिलेगी।
उपस्थित ग्रामीणों ने कहा कि आमतौर पर बड़े मंचों पर बैठे जनप्रतिनिधियों तक पहुंच पाना कठिन होता है, लेकिन उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने जिस तरह स्वयं आगे बढ़कर एक दिव्यांग युवक की समस्या सुनी, वह उनकी सादगी, संवेदनशीलता और जनसेवा के प्रति समर्पण को दर्शाता है। लोगों का कहना था कि मंच की ऊंचाई छोड़कर जनता के बीच बैठना ही एक सच्चे जनप्रतिनिधि की पहचान है।
सुशासन तिहार के इस आयोजन में देखने को मिला यह दृश्य केवल एक समस्या के समाधान तक सीमित नहीं था, बल्कि यह संदेश भी दे गया कि शासन की प्राथमिकता समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना और उसकी समस्याओं का सम्मानपूर्वक समाधान करना है। मंच की सीढ़ियों पर बैठकर एक दिव्यांग युवक की बात सुनने का यह क्षण कार्यक्रम का सबसे भावुक, प्रेरणादायक और चर्चित पल बन गया।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर। जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


