उदन्त मार्तण्ड से डिजिटल युग तक, 200 वर्षों की हिंदी पत्रकारिता की गौरवशाली गाथा
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
संपादकीय
कोरबा, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
हिंदी पत्रकारिता के 200 वर्ष : गौरव, संघर्ष और जनचेतना की ऐतिहासिक यात्रा
लेख – प्रदीप मिश्रा
हिंदी पत्रकारिता की यात्रा भारतीय इतिहास की वह गौरवशाली गाथा है, जिसने समाज को जागरूक करने, विचारों को दिशा देने और स्वतंत्रता की चेतना जगाने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई है। इस यात्रा की शुरुआत वर्ष 1826 में कोलकाता से प्रकाशित उदन्त मार्तण्ड से हुई, जिसे हिंदी भाषा का प्रथम समाचार पत्र माना जाता है।
उदन्त मार्तण्ड केवल एक समाचार पत्र नहीं था, बल्कि यह भारतीय जनमानस में जागरण की पहली किरण था। “उदन्त मार्तण्ड” अर्थात “उगता हुआ सूर्य” उस समय के समाज में ज्ञान, चेतना और नई सोच के उदय का प्रतीक बना। पंडित जुगल किशोर शुक्ल ने सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद हिंदी भाषा में पत्रकारिता का जो बीज बोया, वही आगे चलकर विशाल वटवृक्ष बन गया।
19वीं और 20वीं शताब्दी में हिंदी पत्रकारिता ने स्वतंत्रता आंदोलन में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। यह वह दौर था जब समाचार पत्र केवल सूचना का माध्यम नहीं थे, बल्कि स्वतंत्रता संग्राम के सशक्त हथियार बन चुके थे। अनेक पत्र-पत्रिकाओं ने ब्रिटिश शासन की नीतियों का विरोध किया, जिसके कारण उन पर प्रतिबंध लगाए गए, जुर्माने लगे और कई पत्रकारों को जेल भी जाना पड़ा।
इस दौर में पत्रकारिता ने जनचेतना, राष्ट्रवाद और सामाजिक सुधार की मजबूत नींव रखी। केसरी, हिंदू, अमृत बाजार पत्रिका जैसे अनेक प्रकाशनों ने स्वतंत्रता आंदोलन को वैचारिक शक्ति प्रदान की और जनता को जागरूक करने का महत्वपूर्ण कार्य किया।
स्वतंत्रता प्राप्ति के बाद हिंदी पत्रकारिता ने राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस समय पत्रकारिता ने शिक्षा, स्वास्थ्य, ग्रामीण विकास, सामाजिक समानता और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने में योगदान दिया। समाचार पत्र केवल घटनाओं की रिपोर्टिंग नहीं करते थे, बल्कि समाज को दिशा और दृष्टि भी प्रदान करते थे।
धीरे धीरे पत्रकारिता का स्वरूप बदलता गया। रेडियो, टेलीविजन और फिर डिजिटल माध्यमों के आने से सूचना का प्रसार तेज हुआ और पत्रकारिता अधिक व्यापक और त्वरित हो गई। तकनीकी विकास ने पत्रकारिता को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया।
इस 200 वर्षों की यात्रा में हिंदी पत्रकारिता ने अनेक उतार-चढ़ाव देखे, लेकिन इसकी मूल आत्मा हमेशा जनहित, सत्य और जागरूकता ही रही। इसने समाज को जोड़ने, सवाल उठाने और सच्चाई को सामने लाने का कार्य निरंतर किया।
आज हिंदी पत्रकारिता केवल भारत में ही नहीं बल्कि वैश्विक स्तर पर भी एक मजबूत पहचान बना चुकी है। यह लोकतंत्र की आवाज, जनता की शक्ति और समाज का दर्पण बनकर उभरी है।
आज की वर्तमान स्थिति: वर्तमान समय में हिंदी पत्रकारिता तकनीकी रूप से अत्यंत उन्नत है, लेकिन व्यावसायिक दबाव, प्रतिस्पर्धा और सूचनाओं की तेज गति के कारण निष्पक्षता और विश्वसनीयता के सामने चुनौतियाँ भी बढ़ी हैं। ऐसे समय में पत्रकारिता के मूल सिद्धांत सत्य, निष्पक्षता और निर्भीकता को बनाए रखना पहले से अधिक आवश्यक हो गया है।
आज के डिजिटल और सोशल मीडिया के युग में सूचना का प्रसार अत्यंत तीव्र गति से हो रहा है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर हर प्रकार की खबरें तत्काल साझा कर दी जाती हैं, लेकिन इनमें कई बार भ्रामक, अपुष्ट और आधी-अधूरी सूचनाएं भी प्रसारित हो जाती हैं, जिससे समाज में भ्रम की स्थिति उत्पन्न होती है। ऐसे समय में यह और अधिक आवश्यक हो जाता है कि पत्रकारिता अपने मूल सिद्धांतों सत्यता, निष्पक्षता और विश्वसनीयता को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखे।
वर्तमान परिदृश्य में समाचार पत्रों और चैनलों द्वारा बढ़ते विज्ञापनों के दबाव का प्रभाव भी स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है। ऐसे में कई जमीनी रिपोर्टर पत्रकार हैं जो सीमित संसाधनों के बावजूद स्वयं के वेब पोर्टल और डिजिटल माध्यमों के जरिए समाज में जन-जागरूकता फैलाने, सच्चाई को उजागर करने और निष्पक्ष पत्रकारिता करने का प्रयास कर रहे हैं। वे बिना किसी पक्षपात के सत्य को सामने लाने का कार्य करते हैं, लेकिन कई बार ऐसे पत्रकारों को अपेक्षित समर्थन और समान अवसर नहीं मिल पाते, जिससे उनके कार्य में बाधाएं उत्पन्न होती हैं।
आज यह भी एक कटु सत्य है कि कई बार चापलूसी और पक्षपातपूर्ण पत्रकारिता को अधिक प्रोत्साहन मिलता दिखाई देता है, जबकि जो पत्रकार सत्य और वास्तविकता को सामने लाने का साहस करते हैं, उन्हें अनेक प्रकार की कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
यह स्थिति पत्रकारिता की मूल आत्मा के लिए चिंताजनक है। कहा भी जाता है कि सत्य भले ही प्रारंभ में परेशान करता है, लेकिन अंततः वही समाज को दिशा देता है। वर्तमान समय में सत्य को अक्सर कठिनाइयों और दबावों का सामना करना पड़ता है, लेकिन उसकी शक्ति और महत्व को नकारा नहीं जा सकता।
ऐसे में आवश्यकता इस बात की है कि शासन-प्रशासन और समाज दोनों मिलकर निष्पक्ष, निर्भीक और सत्यनिष्ठ पत्रकारों को प्रोत्साहन दें, उन्हें समान अवसर प्रदान करें और एक ऐसा वातावरण तैयार करें जिसमें पत्रकार बिना किसी दबाव के केवल सत्य को सामने लाने का कार्य कर सकें।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर। जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
आणखी कथा






