बिजली कंपनी में 1235 पदों पर बंपर भर्ती, युवाओं के लिए खुलेंगे रोजगार के नए अवसर
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN – 7647981711, 9303948009
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनीज़ ने जारी किया भर्ती विज्ञापन, राज्य गठन के बाद पहली बार इतनी बड़ी संख्या में होगी नियुक्तियां
रायपुर, ACGN। छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन एवं निर्देशानुसार छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनीज़ ने कुल 1235 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू करने के लिए विज्ञापन जारी कर दिया है। राज्य गठन के बाद पहली बार बिजली कंपनियों में इतनी बड़ी संख्या में भर्ती की जा रही है। इस निर्णय से एक ओर युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे, वहीं दूसरी ओर प्रदेश में उपभोक्ताओं को निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक मानव संसाधन भी उपलब्ध होगा।

भर्ती प्रक्रिया के अंतर्गत सहायक अभियंता, कनिष्ठ अभियंता, संयंत्र परिचारक, डाटा एंट्री ऑपरेटर, चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ, फायर ऑफिसर एवं फायर स्टाफ, विधि विभाग, वित्त अधिकारी तथा सुरक्षा विभाग सहित विभिन्न श्रेणियों के पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। ये भर्तियां छत्तीसगढ़ स्टेट पावर जनरेशन कंपनी, ट्रांसमिशन कंपनी तथा डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी में की जाएंगी।
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि रिक्त पदों पर शीघ्र भर्ती कर बिजली व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया जाए। उन्होंने कहा कि बढ़ती उपभोक्ता संख्या और बिजली की मांग को देखते हुए पर्याप्त तकनीकी एवं गैर-तकनीकी कर्मचारियों की उपलब्धता आवश्यक है, ताकि प्रदेश के प्रत्येक उपभोक्ता तक गुणवत्तापूर्ण और निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।

छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनीज़ के अध्यक्ष श्री सुबोध कुमार सिंह ने अधिकारियों को मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप भर्ती प्रक्रिया को तेज गति से पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि राज्य गठन के समय प्रदेश में लगभग 18 लाख 91 हजार बिजली उपभोक्ता थे, जो अब बढ़कर 67 लाख हो चुके हैं। इसी प्रकार वर्ष 2000 में विद्युत मांग 1334 मेगावाट थी, जो वर्तमान में बढ़कर 7083 मेगावाट तक पहुंच गई है। बढ़ती मांग को देखते हुए कोरबा पश्चिम में 1320 मेगावाट क्षमता के सुपर क्रिटिकल ताप विद्युत संयंत्र की स्थापना का कार्य भी प्रारंभ किया जा चुका है। साथ ही प्रदेशभर में नए उपकेंद्रों एवं विद्युत लाइनों का विस्तार भी तेजी से किया जा रहा है।
जारी भर्ती विज्ञापन के अनुसार कुल 1235 पदों में 189 द्वितीय श्रेणी, 711 तृतीय श्रेणी तथा 335 चतुर्थ श्रेणी के पद शामिल हैं। इनमें छत्तीसगढ़ स्टेट पावर जनरेशन कंपनी में 547 पद, ट्रांसमिशन कंपनी में 96 पद, डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी में 415 पद तथा कॉमन कैडर के लिए 177 पद निर्धारित किए गए हैं।
पदवार रिक्तियों में सबसे अधिक 400 डाटा एंट्री ऑपरेटर, 300 प्लांट अटेंडेंट, 146 सहायक अभियंता तथा 122 कनिष्ठ अभियंता के पद शामिल हैं। इसके अलावा अन्य तकनीकी एवं प्रशासनिक पदों पर भी भर्ती की जाएगी।
पावर कंपनी प्रबंधन ने बताया कि पात्रता, आयु सीमा, आवेदन प्रक्रिया, परीक्षा पद्धति, आवेदन तिथि तथा परीक्षा तिथि सहित विस्तृत दिशा-निर्देश अलग से जारी किए जाएंगे। सभी जानकारी छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनीज़ की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराई जाएगी।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़। अपने क्षेत्र के छोटे-बड़े समाचार, घटना, दुर्घटना, भ्रष्टाचार एवं अपनी संस्था के विज्ञापन प्रसारण हेतु संपर्क करें: 7647981711, 9303948009।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


