सुशासन तिहार में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का बड़ा संवाद, 66.99 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
सूरजपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
संवाददाता:- सौरभ साहू
ग्राम रामपुर में जनसमस्या निवारण शिविर में शामिल होकर मुख्यमंत्री ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं, योजनाओं और विकास कार्यों पर दिया जोर
सूरजपुर, ACGN:- मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जनपद पंचायत रामानुजनगर के ग्राम रामपुर में आयोजित सुशासन तिहार के अंतर्गत जनसमस्या निवारण शिविर में पहुंचकर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने 66.99 करोड़ रुपये की लागत से कुल 87 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया और क्षेत्रवासियों को बड़ी विकास सौगात प्रदान की। उन्होंने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण कर योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली तथा 116 हितग्राहियों को सहायता राशि एवं सामग्री का वितरण किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य अंतिम पंक्ति में बैठे व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है और सुशासन तिहार इसी लक्ष्य को मजबूत करने का माध्यम है। उन्होंने बताया कि सूरजपुर उनका 11वां जिला प्रवास है और 10 जून तक सभी 33 जिलों का दौरा कर योजनाओं की समीक्षा की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों को 3716 करोड़ रुपये का बोनस वितरित किया गया है तथा 18 लाख प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए गए हैं। उन्होंने बताया कि 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी की जा रही है और लगभग 70 लाख माताओं-बहनों को महतारी वंदन योजना का लाभ मिल रहा है।

मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से तेंदूपत्ता संग्राहक महिलाओं के लिए चरण पादुका योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि पहले जंगलों में नंगे पैर जाने वाली बहनों को अब जूते-चप्पल उपलब्ध कराए जा रहे हैं जिससे उनकी सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित हुई है।

उन्होंने कहा कि अटल डिजिटल सेवा केंद्र के माध्यम से गांव स्तर पर बैंकिंग और अन्य सेवाएं पहुंचाई जा रही हैं तथा ई-डिस्ट्रिक्ट प्रणाली से जाति, आय, निवास सहित प्रमाण पत्र अब आसानी से उपलब्ध हो रहे हैं। शीघ्र ही मुख्यमंत्री हेल्पलाइन शुरू की जाएगी जिससे नागरिक सीधे अपनी समस्या दर्ज कर सकेंगे।

मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री बिजली बिल राहत योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए शिविर लगाए जा रहे हैं तथा प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के माध्यम से जीरो बिजली बिल की दिशा में कार्य किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि किसानों को खाद-बीज की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी और नैनो डीएपी एवं नैनो यूरिया की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। उन्होंने विकास को सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता बताया।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने रामानुजनगर में मिनी स्टेडियम, ग्राम पटना में हायर सेकेंडरी स्कूल भवन तथा नगरपालिका सूरजपुर में पॉलिटेक्निक कॉलेज बाउंड्रीवाल निर्माण की घोषणा की, जिससे क्षेत्र में शिक्षा और खेल सुविधाओं को मजबूती मिलेगी।

कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री विष्णु देव साय किसान रघुनंदन सिंह के निवास पहुंचे, जहां उन्होंने ग्रामीण परिवार के साथ छत्तीसगढ़ी पारंपरिक व्यंजन जैसे कोचई पत्ता भाजी, ईढ़र, कोयलार भाजी और आम की चटनी का आनंद लिया। उन्होंने मिट्टी के चूल्हे पर बने भोजन और मिट्टी के गिलास में जल ग्रहण कर ग्रामीण संस्कृति के प्रति अपना जुड़ाव व्यक्त किया।

प्रदेश की महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी रजवाड़े ने कहा कि सरकार सीधे जनता के बीच पहुंचकर समस्याओं का समाधान कर रही है और यह सुशासन का वास्तविक स्वरूप है। वहीं विधायक भूलन सिंह मरावी ने कहा कि सुशासन तिहार से योजनाओं का लाभ सीधे अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है।

कार्यक्रम में रामपुर क्लस्टर के अंतर्गत 18 ग्रामों के ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर शिविर का लाभ प्राप्त किया तथा विभिन्न विभागों की सेवाओं से जुड़ी समस्याओं का निराकरण मौके पर ही किया गया।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरों एवं जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






