फर्जी ई-वे बिल बनाकर स्क्रैप चोरी का कारोबार उजागर, अंतर्राज्यीय गिरोह पर रायगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायगढ़, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
संवाददाता :- संजय जेठवानी
ओडिशा–छत्तीसगढ़ कनेक्शन से चल रहा था अवैध कबाड़ कारोबार, दो आरोपी गिरफ्तार, एक फरार
रायगढ़ ACGN:- पुसौर पुलिस ने फर्जी ई-वे बिल बनाकर चोरी के स्क्रैप को खपाने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का बड़ा खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई फर्जी दस्तावेज तैयार कर शासन को राजस्व नुकसान पहुंचाने और अवैध कारोबार को अंजाम देने के मामले में की गई है।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ट्रकों के माध्यम से ओडिशा के बलांगीर क्षेत्र से स्क्रैप लोड कर छत्तीसगढ़ के पूंजीपथरा क्षेत्र में सप्लाई करते थे। इस दौरान पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए फर्जी ई-वे बिल और टैक्स इनवॉइस तैयार कर दस्तावेजों में हेराफेरी की जाती थी।
मामले की जांच के दौरान ट्रक चालक सरोज भोई और कुबेर यादव से पूछताछ में कई महत्वपूर्ण खुलासे हुए। दस्तावेजों में माल डिस्पैच स्थानों में गंभीर विसंगतियां मिलने पर पुलिस को संदेह हुआ, जिसके बाद विस्तृत जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान ओडिशा के भेडन थाना क्षेत्र स्थित मसौदी इंटरप्राइजेस से जुड़े गुलाम हैदर और गुलाम मोहम्मद से पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि स्क्रैप का लेन-देन कभी वैध तो कभी बिना ई-वे बिल के किया जाता था। उन्होंने यह भी बताया कि रायगढ़ निवासी नीरज अग्रवाल के कहने पर रात में फर्जी ई-वे बिल तैयार कर व्हाट्सएप के माध्यम से भेजे गए ताकि पुलिस और न्यायालय को गुमराह किया जा सके।
पुलिस ने जांच में मोबाइल फोन और जीएसटी से जुड़े दस्तावेज जब्त किए हैं। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया कि फर्जी ई-वे बिल के माध्यम से जीएसटी राजस्व की चोरी की जा रही थी और दस्तावेजों में समय संबंधी कूटरचना कर उन्हें वैध दिखाने का प्रयास किया गया।
मामले में थाना पुसौर में अपराध क्रमांक 79/26 के तहत विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की गई है।
पुलिस ने अब तक सरोज भोई और कुबेर यादव को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है, जबकि मास्टरमाइंड नीरज अग्रवाल फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश जारी है।
रायगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध स्क्रैप कारोबार, फर्जी दस्तावेज और राजस्व चोरी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरों तथा जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल — अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






