गर्मी में पानी संकट से फूटा वार्डवासियों का गुस्सा, अवैध कब्जा और अवैध कनेक्शन का खुलासा
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
सूरजपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
संवाददाता सौरभ साहू
अध्यक्ष के मौके पर नहीं पहुंचने से बढ़ा आक्रोश, सीएमओ और इंजीनियर पहुंचे वार्ड 13 – दो दिन में समाधान का आश्वासन
सूरजपुर, । भटगांव नगर पंचायत के वार्ड क्रमांक 13 में गर्मी की शुरुआत के साथ ही पानी की गंभीर समस्या को लेकर वार्डवासियों का गुस्सा खुलकर सामने आ गया। पानी की किल्लत से परेशान लोगों ने नगर पंचायत अध्यक्ष परमेश्वरी राजवाड़े को ज्ञापन सौंपकर समस्या से अवगत कराया, लेकिन वार्डवासियों का आरोप है कि समस्या बताने के बावजूद अध्यक्ष मौके पर नहीं पहुंचीं, जिससे लोगों में नाराजगी और बढ़ गई।

वार्डवासियों ने आरोप लगाया कि अध्यक्ष परमेश्वरी राजवाड़े व्यक्तिगत कार्यों के लिए अपने पसंदीदा लोगों के यहां तुरंत पहुंच जाती हैं, लेकिन जब आम जनता सामूहिक रूप से अपनी समस्या लेकर जाती है तो उनकी शिकायतों को अनसुना कर दिया जाता है। इस रवैये को लेकर वार्ड क्रमांक 13 के निवासियों में खासा आक्रोश देखा गया।

इस दौरान वार्डवासियों ने एक और गंभीर मुद्दा उठाते हुए बताया कि SECL के पुराने माइंस क्वार्टर के पास सार्वजनिक भूमि पर अवैध कब्जा कर निर्माण कार्य किया जा रहा है। आरोप है कि संबंधित लोगों ने नगर पंचायत की पानी सप्लाई लाइन में अवैध कनेक्शन लेकर सीधे अपने निजी सिंटेक्स टंकी में पानी लेना शुरू कर दिया है, जिसके कारण आसपास के कई घरों में पानी की समस्या और गहरा गई है।
वार्डवासियों का यह भी कहना है कि क्षेत्र में पहले से मौजूद सार्वजनिक बोरवेल पर भी कब्जा कर उसे घर के अंदर कर लिया गया है, जिससे आम नागरिकों को उसका लाभ नहीं मिल पा रहा है। लोगों ने इसे जनता के अधिकारों का खुला उल्लंघन बताते हुए प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए नगर पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी राजेश कुशवाहा और इंजीनियर निशांत गुप्ता वार्ड क्रमांक 13 पहुंचे। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद वार्डवासियों की समस्याएं सुनीं और दो दिनों के भीतर पानी की समस्या के समाधान का आश्वासन दिया।
इस दौरान वार्ड क्रमांक 13 के पार्षद विमलेश कुमार सिंह सहित लगभग दो दर्जन महिलाएं और कई पुरुष उपस्थित रहे। वार्डवासियों ने साफ कहा कि यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे मजबूर होकर बड़े आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष निर्भीक और सच्ची खबरों और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






