भवानीपटना में मारवाड़ी सम्मेलन का भव्य आयोजन, डॉ. सुभाष अग्रवाल का स्वागत, नई कार्यकारिणी की घोषणा और जनकल्याणकारी योजनाओं का शुभारंभ
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
कालाहांडी, ओडिशा
By ACGN 7647981711, 9303948009
संवाददाता श्रवण अग्रवाल
पूर्व अध्यक्ष दिनेश अग्रवाल को सम्मानपूर्वक विदाई, प्रांतीय बैठक में 250 से अधिक प्रतिनिधियों की उपस्थिति
कालाहांडी ACGN: भवानीपटना स्थित एमएम रॉयल होटल और होटल रॉयल पैलेस में उत्कल प्रादेशिक मारवाड़ी सम्मेलन के तत्वावधान में भव्य स्वागत एवं विदाई समारोह के साथ प्रांतीय बैठक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नव निर्वाचित प्रांतीय अध्यक्ष डॉ. सुभाष अग्रवाल का भव्य स्वागत किया गया, वहीं पूर्व अध्यक्ष दिनेश अग्रवाल को सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। इस अवसर पर समाज के विभिन्न क्षेत्रों से आए प्रतिनिधियों, पदाधिकारियों और सदस्यों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही।

स्वागत एवं विदाई समारोह के दौरान डॉ. सुभाष अग्रवाल ने अपने आगामी कार्यकाल की प्रस्तावित योजनाओं की जानकारी देते हुए समाज के विकास और संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का संकल्प व्यक्त किया। वहीं पूर्व अध्यक्ष दिनेश अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि भले ही वे अब अध्यक्ष पद पर नहीं हैं, लेकिन समाज और संगठन के प्रति उनकी जिम्मेदारी हमेशा बनी रहेगी और वे भविष्य में भी संगठन को मार्गदर्शन देते रहेंगे।

कार्यक्रम में सम्मेलन की नई कार्यकारिणी को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई तथा यह प्रयास किया गया कि संगठन की टीम में विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिनिधियों की भागीदारी सुनिश्चित हो। सम्मेलन के उप सभापति दीपक गुप्ता और प्रांतीय महासचिव किशन लाल अग्रवाल ने डॉ. सुभाष अग्रवाल के नेतृत्व पर भरोसा जताते हुए सभी सदस्यों से एकजुट होकर संगठन को नई दिशा देने का आह्वान किया। कार्यक्रम में कालाहांडी सहित आसपास के कई अंचलों से आए समाज के प्रतिनिधियों की अच्छी उपस्थिति रही।

इसके बाद होटल रॉयल पैलेस में आयोजित प्रांतीय बैठक में प्रदेशभर की विभिन्न शाखाओं और संस्थाओं के लगभग 250 से अधिक प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक में टीटलागढ़, बलांगीर, बरगढ़, संबलपुर, खरियार सहित विभिन्न क्षेत्रों से आए सदस्य, महिला शाखा, युवा मंच और अन्य सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम में प्रांतीय अध्यक्ष डॉ. सुभाष अग्रवाल, निवर्तमान अध्यक्ष दिनेश अग्रवाल, प्रांतीय महासचिव किशन लाल अग्रवाल, प्रांतीय उपाध्यक्ष सीए दीपक गुप्ता, प्रांतीय कोषाध्यक्ष सीए नरेंद्र जैन और कालाहांडी जिला अध्यक्ष श्रवण अग्रवाल सहित कई पदाधिकारी मंचासीन रहे।

बैठक के दौरान प्रांतीय अध्यक्ष डॉ. सुभाष अग्रवाल ने नई कार्यकारिणी की घोषणा की और निवर्तमान अध्यक्ष दिनेश अग्रवाल द्वारा सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों और शाखा अध्यक्षों को सम्मानित किया गया। संबलपुर शाखा अध्यक्ष शीशराम अग्रवाल और कमल पंसारी को सफल आयोजन के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इस दौरान 20 सदस्यों के साथ नई “बेहरा शाखा” का भी शुभारंभ किया गया।

बैठक में समाज के आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के उत्थान के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाओं की घोषणा की गई। सीए दीपक गुप्ता के नेतृत्व में प्रदेशभर के चार्टर्ड अकाउंटेंट सदस्यों के सहयोग से स्वरोजगार योजना शुरू की जाएगी, जिसके तहत जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक सहायता दी जाएगी। साथ ही संगठन विस्तार को प्रोत्साहित करने के लिए 20 नए महिला सदस्य जोड़ने पर सिलाई मशीन, 25 नए सदस्य बनाने पर व्हीलचेयर और 100 नए सदस्य बनाने पर वाटर कूलर पुरस्कार स्वरूप देने की योजना भी घोषित की गई।

केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के आह्वान पर “पौष्टिक आहार सबके लिए” अभियान के तहत आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों को जन्मदिन, विवाह और त्योहारों के अवसर पर फल एवं मिठाइयां वितरित करने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा साड़ी बैंक की सफलता के बाद पूरे प्रांत में “बुक बैंक” परियोजना शुरू करने की घोषणा की गई, जिसका संचालन अनिल मोदी और गोपाल अग्रवाल के नेतृत्व में किया जाएगा। आगामी 1 से 30 दिसंबर तक विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से एक लाख कंबल वितरण का लक्ष्य भी निर्धारित किया गया है।

बैठक में वैवाहिक प्रकोष्ठ, पंचायत व्यवस्था और समाज सुधार से जुड़े विभिन्न विषयों पर जल्द ही विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने का निर्णय लिया गया। कार्यक्रम के अंत में विभिन्न शाखाओं, महिला समिति और युवा मंच की ओर से प्रांतीय अध्यक्ष डॉ. सुभाष अग्रवाल का भव्य अभिनंदन किया गया और समाज के विकास के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया गया।
प्रदीप मिश्रा
देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल – अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़ हम लाते हैं निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरें।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






