“ऑपरेशन तलाश” में पॉक्सो एक्ट का फरार आरोपी गिरफ्तार
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
By ACGN 7647981711, 9303948009
कोतवाली पुलिस की दबिश में बैकुंठपुर क्षेत्र से दबोचा गया आरोपी, नाबालिग से छेड़खानी के मामले में था फरार
रायगढ़ ACGN:- जिले में चलाए जा रहे “ऑपरेशन तलाश” अभियान के तहत सिटी कोतवाली पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के मामले में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में की गई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार होली त्यौहार को देखते हुए फरार आरोपियों और वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए थाना प्रभारी सिटी कोतवाली निरीक्षक सुखनंदन पटेल के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर लगातार दबिश दी जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने बैकुंठपुर क्षेत्र में दबिश देकर आरोपी शंकर बरेठ (23 वर्ष) को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।
मामले में एक स्थानीय नाबालिग बालिका ने 14 नवंबर 2025 को थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह अपनी सहेलियों के साथ रोजाना मॉर्निंग वॉक के लिए जाती थी। 10 नवंबर को मॉर्निंग वॉक के दौरान भूतबधन तालाब के पास आरोपी ने उसके साथ छेड़खानी की थी। भय के कारण बालिका ने यह बात किसी को नहीं बताई, लेकिन 13 नवंबर को स्कूल से घर लौटते समय आरोपी ने फिर से छेड़खानी की, जिसके बाद बालिका ने अपने माता-पिता को घटना की जानकारी दी और थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
रिपोर्ट के आधार पर थाना कोतवाली में आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 589/2025 धारा 74, 75(2), 75(3) भारतीय न्याय संहिता और धारा 8, 12 पॉक्सो एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की गई थी। गिरफ्तारी के डर से आरोपी फरार हो गया था।
पुलिस ने आरोपी शंकर बरेठ पिता दिनेश बरेठ, निवासी बैकुंठपुर राम मंदिर के पास, थाना सिटी कोतवाली जिला रायगढ़ को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी मारपीट के तीन मामले दर्ज हैं।
आरोपी की गिरफ्तारी में थाना कोतवाली के प्रधान आरक्षक दिलीप भानु, आरक्षक गोविंद पटेल, कमलेश यादव, भगवती रत्नाकर, हरेंद्र पाल जगत और वीरेंद्र कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि “ऑपरेशन तलाश के तहत फरार आरोपियों और वारंटियों की धरपकड़ लगातार जारी रहेगी। किसी भी अपराधी को खुले में घूमने नहीं दिया जाएगा और ऐसे व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।”
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ तेजी से उभरता विश्वसनीय वेब पोर्टल — अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






