होली को लेकर बिलासपुर पुलिस अलर्ट, व्यापक समीक्षा बैठक और फ्लैग मार्च
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
बिलासपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
200 से अधिक जवानों की मौजूदगी में शहर में संयुक्त मार्च, संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी
बिलासपुर ACGN:- आगामी होली पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए बिलासपुर पुलिस ने व्यापक तैयारी शुरू कर दी है। पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह द्वारा समस्त राजपत्रित अधिकारियों और थाना प्रभारियों की विस्तृत समीक्षा बैठक लेकर कानून व्यवस्था की स्थिति का जायजा लिया गया।

बैठक में प्रत्येक थाना क्षेत्र की संवेदनशीलता, मिश्रित आबादी वाले इलाकों, भीड़भाड़ वाले स्थानों और विगत वर्षों के अनुभवों की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए। थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में फ्लैग मार्च, पैदल गश्त, मोटर पेट्रोलिंग और रात्रि गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए गए। निगरानी बदमाशों और असामाजिक तत्वों की नियमित चेकिंग सुनिश्चित करने को भी कहा गया है।

सोशल मीडिया पर भ्रामक और साम्प्रदायिक सौहार्द प्रभावित करने वाले संदेशों की निगरानी के लिए साइबर सेल को सक्रिय कर दिया गया है। अफवाह फैलाने या कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
बैठक के बाद कलेक्टर बिलासपुर और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, बाजारों और संवेदनशील क्षेत्रों में संयुक्त फ्लैग मार्च निकाला गया। पुलिस ग्राउंड से शुरू हुआ यह मार्च विभिन्न मार्गों से होते हुए पुनः पुलिस ग्राउंड पहुंचा। फ्लैग मार्च में 200 से अधिक पुलिस अधिकारी-कर्मचारी और 50 से अधिक वाहन शामिल रहे।

ग्रामीण क्षेत्रों में भी थाना और चौकी स्तर पर फ्लैग मार्च कर नागरिकों में सुरक्षा का भरोसा जगाया गया। डीजे संचालन, जुलूस और सार्वजनिक आयोजनों के लिए पूर्व अनुमति की अनिवार्यता और शर्तों के कड़ाई से पालन के निर्देश दिए गए हैं। यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान भी लागू किया जाएगा।

बिलासपुर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि होली भाईचारे और शांति के साथ मनाएं, जबरन रंग न लगाएं, नशे की हालत में वाहन न चलाएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। कानून व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रदीप मिश्रा
देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
हम लाते हैं निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरें
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






