दिशा समिति बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष ने सौंपा ज्ञापन
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
सूरजपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
नर्सिंग कॉलेज और महिला समृद्धि बाजार की स्थापना की उठी मांग
सूरजपुर, ACGN:- जिला पंचायत सभाकक्ष में गुरुवार को चिंतामणि महाराज, सांसद सरगुजा एवं दिशा समिति अध्यक्ष की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति दिशा समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं की समीक्षा करते हुए जिले के समग्र विकास पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक के दौरान नगर पालिका परिषद सूरजपुर की अध्यक्ष श्रीमती कुसुमलता राजवाड़े ने सांसद को ज्ञापन सौंपते हुए जन अपेक्षाओं से जुड़ी महत्वपूर्ण मांगें रखीं। ज्ञापन में बताया गया कि सूरजपुर को जिला बने 13 वर्ष पूरे हो चुके हैं, लेकिन अब भी कई बुनियादी सुविधाएं अधूरी हैं, जिससे आम जनता को परेशानी हो रही है।
नगर पालिका अध्यक्ष ने जिला मुख्यालय में नर्सिंग कॉलेज की स्थापना की मांग करते हुए कहा कि जिले में शासकीय और निजी अस्पतालों की संख्या लगातार बढ़ रही है। ऐसे में नर्सिंग शिक्षा की मांग भी तेजी से बढ़ी है। यदि यहां नर्सिंग कॉलेज शुरू होता है तो जिले के युवाओं को बाहर नहीं जाना पड़ेगा और उन्हें स्थानीय स्तर पर ही रोजगारोन्मुख शिक्षा का अवसर मिलेगा।

इसके साथ ही उन्होंने स्व सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं के लिए महिला समृद्धि बाजार स्थापित करने की मांग भी उठाई। उनका कहना था कि महिलाओं को घरेलू उद्योगों के लिए प्रोत्साहित तो किया गया है, लेकिन उनके उत्पादों के बिक्री के लिए स्थायी बाजार उपलब्ध नहीं है। महिला समृद्धि बाजार बनने से महिला उद्यमियों को अपना सामान बेचने का स्थायी मंच मिलेगा और उनकी आय में बढ़ोतरी होगी।

ज्ञापन के अंत में सांसद से मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार कर स्वीकृति दिलाने का आग्रह किया गया। सांसद ने भरोसा दिलाया कि जनहित से जुड़े इन मुद्दों को प्राथमिकता के साथ संबंधित स्तर पर रखा जाएगा। बैठक में जनप्रतिनिधि, जिला स्तरीय अधिकारी और विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष निर्भीक और सच्ची खबरों के साथ
देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






