खाकी पर कलंक, मासूम की मौत के मामले में रिश्वत लेते SI-ASI गिरफ्तार
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
कोरिया, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
ACB अंबिकापुर की ट्रैप कार्रवाई में 25 हजार लेते रंगे हाथ पकड़े गए अधिकारी, शोकाकुल परिवार से सौदेबाजी का आरोप
कोरिया ACGN:- बैकुंठपुर जिले से इंसानियत को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक मासूम की डूबने से हुई मौत के बाद जांच के नाम पर रिश्वत मांगने के आरोप में दो पुलिस अधिकारियों को गिरफ्तार किया गया है। एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने बचरापोड़ी चौकी में पदस्थ उप निरीक्षक अब्दुल मुनाफ को 25 हजार रुपये लेते रंगे हाथों पकड़ा, जबकि सहायक उप निरीक्षक गुरु प्रसाद यादव को भी साजिश और रिश्वत मांगने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।

जानकारी के मुताबिक घटना तब शुरू हुई जब प्रार्थी सत्येन्द्र कुमार प्रजापति के घर ईंट निर्माण का काम चल रहा था। परिसर में खोदे गए गड्ढे में भरे पानी में मजदूर मोहित घसिया के मासूम बेटे की डूबने से मौत हो गई। परिवार पहले ही सदमे में था, लेकिन आरोप है कि मामले की जांच के नाम पर चौकी स्तर पर दबाव बनाया गया और केस को रफा-दफा करने के लिए 50 हजार रुपये की मांग की गई। बाद में कथित तौर पर 25 हजार रुपये में बात तय हुई।
बताया जा रहा है कि तबादले के बाद भी रिश्वत की मांग नहीं रुकी। नए चौकी प्रभारी उप निरीक्षक अब्दुल मुनाफ पर आरोप है कि उन्होंने प्रार्थी को रकम लेकर चौकी बुलाया। परेशान होकर प्रार्थी ने एंटी करप्शन ब्यूरो अंबिकापुर से शिकायत की। सत्यापन के बाद ब्यूरो ने ट्रैप बिछाया और जैसे ही 25 हजार रुपये दिए गए, टीम ने मौके पर ही गिरफ्तारी कर ली।
दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7 और 12 के तहत कार्रवाई की गई है और आगे की जांच जारी है।
यह कार्रवाई एक बड़ा संदेश मानी जा रही है कि कानून के नाम पर अवैध वसूली करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी। शोक में डूबे परिवार से सौदेबाजी के आरोप ने सिस्टम पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं, वहीं ACB की त्वरित कार्रवाई ने यह भी स्पष्ट किया है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्ती बरती जाएगी।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष निर्भीक और सच्ची खबरों के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल
अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






