जनगणना 2027 के लिए जिला स्तरीय प्रशिक्षण शुरू, समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
कोरबा, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
कलेक्टर कुणाल दुदावत ने अधिकारियों को दी जिम्मेदारी, राष्ट्रीय प्रशिक्षक ने प्रथम व द्वितीय चरण की विस्तृत जानकारी दी
कोरबा ACGN:- भारत सरकार के निर्देशानुसार जनगणना 2027 के प्रथम चरण मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना के लिए कोरबा जिले में 25 फरवरी 2026 से जिला स्तरीय प्रशिक्षण का शुभारंभ कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में किया गया। प्रारंभिक सत्र को संबोधित करते हुए कलेक्टर कुणाल दुदावत ने कहा कि जनगणना अत्यंत महत्वपूर्ण और संवेदनशील कार्य है, इसलिए इसे सटीक जानकारी के साथ गंभीरता एवं जिम्मेदारीपूर्वक तय समय-सीमा में पूर्ण करना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे अधिकारियों को निर्देशित किया कि हर घर तक पहुंचकर सही डेटा दर्ज किया जाए और टीमवर्क के साथ कार्य किया जाए ताकि प्रक्रिया में किसी प्रकार की त्रुटि न हो।

कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि जनगणना से संबंधित सभी दिशा-निर्देश लिखित रूप में उपलब्ध हैं और प्रशिक्षण के दौरान चरणबद्ध जानकारी दी जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि फील्ड में कार्य करते समय सरपंच, सचिव और ग्रामीणों को यह अवश्य बताया जाए कि जनगणना से प्राप्त जानकारी का किसी योजना की पात्रता या अपात्रता से कोई संबंध नहीं है तथा व्यक्तिगत डेटा को किसी भी स्थिति में सार्वजनिक नहीं किया जाएगा। जिला पंचायत सीईओ दिनेश कुमार नाग ने भी अधिकारियों से अपील की कि प्रशिक्षण में दी जा रही प्रत्येक जानकारी को गंभीरता से समझकर फील्ड में प्रभावी ढंग से लागू करें।
जनगणना निदेशालय के संयुक्त निदेशक एवं राष्ट्रीय प्रशिक्षक अशोक मिश्रा ने प्रशिक्षण के दौरान जनगणना 2027 के प्रथम एवं द्वितीय चरण, कानूनी प्रावधान, जनगणना पदाधिकारियों की भूमिका, कोष प्रबंधन, जनशक्ति, आधारभूत संरचना, प्रक्रियाएं, अवधारणाएं, सीएमएमएस मॉड्यूल तथा उपयोगकर्ता पंजीकरण की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रगणकों के लिए अलग मोबाइल ऐप तथा नागरिकों के लिए अलग ऐप उपलब्ध रहेगा, लेकिन नागरिकों द्वारा दर्ज जानकारी अधिकृत प्रगणक के सत्यापन के बाद ही मान्य होगी। उन्होंने यह भी बताया कि छत्तीसगढ़ में प्रथम चरण की जनगणना 1 मई से 30 मई 2026 तक संचालित होगी और पूरी प्रक्रिया 28 फरवरी 2027 तक पूर्ण की जाएगी। जिले में इस कार्य के लिए 2353 प्रगणक, 246 रिजर्व प्रगणक, 402 पर्यवेक्षक, 52 रिजर्व पर्यवेक्षक तथा 53 फील्ड ट्रेनर तैनात किए जाएंगे।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष निर्भीक और सच्ची खबरों के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






