धान ओवरलोडिंग और रिसायक्लिंग पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
मुंगेली – छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
अनियमितता पर उपलेटा राइस मिल सील, 09 वाहन जब्त, वर्धमान राइस मिल की जांच जारी
मुंगेली, ACGN :-जिले में धान की अवैध ओवरलोडिंग और रिसायक्लिंग की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन ने कड़ा कदम उठाया है। राज्य शासन से प्राप्त अलर्ट और मुख्य सचिव की बैठक के उपरांत कलेक्टर कुन्दन कुमार तथा पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने उपलेटा और वर्धमान राइस मिल सहित उपार्जन केंद्र नवागांव घुठेरा का सघन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान गंभीर अनियमितताएं सामने आने पर उपलेटा राइस मिल को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया, वहीं धान परिवहन और ओवरलोडिंग में संलिप्त 09 वाहनों को जब्त किया गया है।

निरीक्षण के दौरान उपलेटा क्षेत्र की राइस मिलों में बड़े पैमाने पर गड़बड़ियां पाई गईं। कलेक्टर ने बताया कि राइस मिल के पीछे की बाउंड्रीवाल टूटी हुई मिली, जिससे बाहरी धान को अवैध रूप से खपाने की आशंका जताई जा रही है। जांच में यह भी सामने आया कि कस्टम मिलिंग के नाम पर प्राइवेट मिलिंग की जा रही थी और विभिन्न फर्मों के बीच कोई अधिकृत एंट्री एग्जिट गेट नहीं था, जिससे एक फर्म का चावल दूसरी फर्म में अवैध रूप से खपाया जा रहा था।

कलेक्टर ने बताया कि राज्य स्तर से प्राप्त अलर्ट में जिस वाहन में धान के मूवमेंट की जानकारी मिली थी, वही वाहन राइस मिल परिसर में पाया गया। इससे स्पष्ट होता है कि शासन को आर्थिक क्षति पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा था। प्रारंभिक जांच में ओवरलोडिंग, अवैध परिवहन और धान रिसायक्लिंग से जुड़ा एक सुनियोजित नेटवर्क होने की संभावना भी सामने आई है।

इसी दौरान वर्धमान राइस मिल की जांच प्रक्रिया जारी है, जबकि उपार्जन केंद्र नवागांव घुठेरा में बिना जीपीएस लगे वाहन के माध्यम से धान उठाव की सूचना पर अलग से जांच की जा रही है। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि पूरे मामले की विस्तृत जांच कराई जा रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर संबंधित राइस मिल संचालकों, फर्मों और संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ प्रभाकर पाण्डेय, अपर कलेक्टर जी एल यादव, जिला खाद्य अधिकारी हुलेश डड़सेना, सहकारिता आयुक्त हितेश श्रीवास, डीएम नान संदीप शर्मा, जिला विपणन अधिकारी मनोज यादव, जिला परिवहन अधिकारी असीम माथुर सहित राजस्व और पुलिस विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
प्रदीप मिश्रा
देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
हम लाते हैं निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरें
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






