महुआ शराब पर कार्रवाई के बीच बवाल! आबकारी टीम से मारपीट, दो महिलाएं गिरफ्तार
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
कोरबा, छत्तीसगढ़
By ACGN – 7647981711, 9303948009
13 लीटर अवैध महुआ शराब की जब्ती के दौरान शासकीय कार्य में बाधा डालने और महिला पुलिसकर्मियों से मारपीट का आरोप, उरगा पुलिस ने दोनों महिलाओं को गिरफ्तार कर भेजा जेल।
कोरबा ACGN:- अवैध महुआ शराब के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची आबकारी विभाग की टीम को उस समय विरोध का सामना करना पड़ा, जब शराब जब्ती के दौरान दो महिलाओं ने कथित तौर पर अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ हुज्जतबाजी करते हुए मारपीट की। आरोप है कि दोनों महिलाओं ने ग्रामीणों को एकत्रित कर आबकारी टीम को घेरने का प्रयास भी किया। मामले में उरगा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों महिलाओं को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 2 नवंबर 2026 को आबकारी विभाग को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम दशरथभाठा (बैगचुलभाठा), पंचायत पताढी निवासी जीवन उरांव अपने घर और बाड़ी में बिक्री के लिए भारी मात्रा में अवैध महुआ शराब छिपाकर रखा है। सूचना के आधार पर आबकारी विभाग की टीम शासकीय वर्दी में गवाहों के साथ मौके पर पहुंची। विधिवत तलाशी के दौरान जीवन उरांव के कब्जे से कुल 13 लीटर हाथ भट्ठी निर्मित अवैध महुआ शराब बरामद की गई।
शराब जब्ती के दौरान बढ़ा विवाद, आबकारी टीम से मारपीट का आरोप
आबकारी विभाग की टीम जब अवैध शराब जब्त कर जीवन उरांव के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे अपने साथ ले जाने की तैयारी कर रही थी, तभी उसकी पत्नी सरस्वती उरांव और रिश्तेदार बुन्दकुंवर उरांव ने कथित तौर पर कार्रवाई में बाधा उत्पन्न की। शिकायत के अनुसार, दोनों महिलाओं ने आबकारी विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इतना ही नहीं, प्रशिक्षु महिला उपनिरीक्षक शुभांगी तिवारी और आरक्षक रोचक देवांगन के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट भी की गई। आरोप है कि दोनों महिलाओं ने जोर-जोर से चिल्लाकर ग्रामीणों को एकत्रित करने और आबकारी टीम को घेरने का प्रयास किया।
उरगा पुलिस की कार्रवाई, दोनों महिलाएं गिरफ्तार
आबकारी विभाग की लिखित शिकायत पर थाना उरगा में अपराध क्रमांक 608/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 221, 132, 121, 296, 351(2) एवं 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए उरगा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर 3 नवंबर 2026 को दोनों आरोपी महिलाओं को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

गिरफ्तार आरोपी महिलाओं के नाम एवं पते
बुन्दकुंवर उरांव (45 वर्ष), पति राजाराम उरांव, निवासी दशरथभाठा, पताढी, थाना उरगा, जिला कोरबा।
सरस्वती उरांव (25 वर्ष), पति जीवन उरांव, निवासी दशरथभाठा (बैगचुलभाठा), पंचायत पताढी, थाना उरगा, जिला कोरबा। मूल निवासी गुच्चकुलिया, थाना जैजैपुर, जिला सक्ती।
अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई के दौरान आबकारी विभाग की टीम के साथ हुए इस विवाद ने ग्रामीण क्षेत्रों में कानून व्यवस्था और अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण की जरूरत को फिर सामने ला दिया है। फिलहाल दोनों आरोपी महिलाएं न्यायिक रिमांड पर जेल भेजी जा चुकी हैं।
प्रदीप मिश्रा [संपादक]
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
आपके क्षेत्र में भी कोई महत्वपूर्ण खबर, जनसमस्या या जनहित का मुद्दा हो तो हमें इस नंबर पर भेजें। 7647981711, 9303948009।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
















































