“राष्ट्रपति मुर्मू का संघर्ष और सफलता पूरी दुनिया के लिए प्रेरणा” मुख्यमंत्री माझी
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
भुवनेश्वर ओड़िशा
By ACGN 7647981711, 9303948009
ओड़िशा ब्यूरो | स्वामी बिजया नंद जी महाराज
ओड़िशा विधानसभा का आज का सत्र इतिहास के स्वर्णाक्षरों में दर्ज हो गया, जब देश की प्रथम नागरिक और ओड़िशा की गौरव, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अपने राजनीतिक जीवन की प्रारंभिक भूमि इसी सदन को प्रथम बार राष्ट्रपति के रूप में संबोधित किया। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने उनका स्वागत करते हुए कहा कि यह केवल एक औपचारिकता नहीं, बल्कि समूचे राज्य के सम्मान और गर्व का क्षण है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि द्रौपदी मुर्मू का जीवन संघर्षों, तपस्या और लोकसेवा की अनूठी मिसाल है। साधारण पृष्ठभूमि से विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र के सर्वोच्च संवैधानिक पद तक पहुंचना उनके अदम्य साहस का प्रमाण है। उन्होंने उल्लेख किया कि मयूरभंज की बेटी ने अपने कर्म और मूल्यों से भारत के आदिवासी समाज, महिलाओं, युवाओं और वंचित समुदायों के भीतर नई उम्मीद जगाई है। अपने जन्मस्थान और प्रथम कार्यस्थल की धरती को नमन् कर राष्ट्रपति ने आज यह संदेश दिया है कि व्यक्ति चाहे जितना भी ऊंचा पद प्राप्त कर ले, अपनी जड़ों को कभी नहीं भूलना चाहिए।

मुख्यमंत्री माझी ने कहा कि राष्ट्रपति मुर्मू का यह उत्कर्ष किसी संयोग का परिणाम नहीं, बल्कि जनता की सेवा के प्रति उनकी कठोर साधना और ईश्वर के आशीर्वाद की देन है। उन्होंने सरकार की प्राथमिकताओं का उल्लेख करते हुए कहा कि ओड़िशा में शासन और जनता के बीच किसी प्रकार की दूरी न रहे — इसी संकल्प ने मौजूदा सरकार को “जनता की सरकार” की उपाधि दिलाई है। समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच बनाते हुए महिलाओं और युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए अनेक योजनाएँ तेजी से आगे बढ़ रही हैं।

अपने संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास” के मंत्र का उल्लेख करते हुए कहा कि राष्ट्रपति के मार्गदर्शन में ओड़िशा 2036 तक समृद्ध और 2047 तक विकसित भारत की संकल्पना को साकार करने की दिशा में दृढ़ता से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि राष्ट्रपति का आज का उद्बोधन विधानसभा और राज्य दोनों को नई दिशा देगा और ओड़िशा के विकास यात्रा को और तेज गति प्रदान करेगा।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






























