टारपाली स्कूल में बच्चों को गुड टच-बैड टच से लेकर साइबर सुरक्षा तक की जानकारी
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायगढ़, छत्तीसगढ़
By ACGN – 7647981711, 9303948009
संवाददाता :- संजय जेठवानी रायगढ़
महिला थाना पुलिस के जागरूकता कार्यक्रम में 70-80 छात्र-छात्राओं ने सीखी सुरक्षा की जरूरी बातें, डायल 112 और हेल्पलाइन की भी दी जानकारी
रायगढ़ ACGN:- बच्चों को सुरक्षित माहौल देने और उन्हें अपराध तथा साइबर ठगी से बचाने के उद्देश्य से रायगढ़ महिला थाना पुलिस ने 6 अक्टूबर 2026 को चक्रधरनगर थाना क्षेत्र के शासकीय प्राथमिक शाला संकुल केंद्र ग्राम टारपाली में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन और डीएसपी उन्नति ठाकुर के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में करीब 70 से 80 छात्र-छात्राओं के साथ स्कूल के शिक्षक, ग्राम सरपंच और उपसरपंच भी मौजूद रहे।
महिला थाना की सहायक उप निरीक्षक सरस्वती महापात्रे और महिला थाना स्टाफ ने बच्चों से सीधे संवाद करते हुए बाल सुरक्षा, महिला अपराध, साइबर अपराध, यातायात नियमों और आपातकालीन सहायता के बारे में जानकारी दी। पुलिस टीम ने बच्चों को सरल भाषा में समझाया कि किसी भी परेशानी को छिपाने के बजाय समय पर भरोसेमंद बड़े व्यक्ति को बताना जरूरी है।
कार्यक्रम में बच्चों को गुड टच और बैड टच के बारे में विशेष रूप से समझाया गया। पुलिस ने बताया कि शरीर के निजी अंगों को गलत तरीके से छूना, देखने का प्रयास करना या किसी बच्चे को गलत तरीके से छूने के लिए मजबूर करना अनुचित व्यवहार है। ऐसी स्थिति में डरकर चुप रहने के बजाय माता-पिता, शिक्षक या किसी भरोसेमंद व्यक्ति को तुरंत इसकी जानकारी देनी चाहिए।
बच्चों को यह भी बताया गया कि जरूरत पड़ने पर “ना” कहना उनका अधिकार है और किसी भी गलत व्यवहार के लिए बच्चे को खुद को दोषी नहीं समझना चाहिए। पुलिस ने बच्चों को असहज या संदिग्ध स्थिति सामने आने पर बात छिपाने के बजाय तुरंत अपने विश्वसनीय माता-पिता, शिक्षक या अन्य जिम्मेदार व्यक्ति से साझा करने के लिए प्रेरित किया।

“हैलो सिस्टर” और डायल 112 की जानकारी
महिला एवं बाल सुरक्षा से जुड़ी सहायता के लिए पुलिस ने उपस्थित बच्चों और लोगों को “हैलो सिस्टर हेल्पलाइन नंबर 94792 70533” की जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि यदि कोई महिला या बच्चा उत्पीड़न, छेड़छाड़ या किसी असुरक्षित परिस्थिति का सामना कर रहा हो तो उपलब्ध सहायता माध्यमों का उपयोग किया जा सकता है। आपात स्थिति में डायल 112 के माध्यम से पुलिस सहायता लेने की जानकारी भी दी गई।
मोबाइल और सोशल मीडिया इस्तेमाल में सावधानी
कार्यक्रम में साइबर अपराधों से बचाव को लेकर भी बच्चों को जरूरी सावधानियां बताई गईं। पुलिस ने कहा कि सोशल मीडिया पर अनजान लोगों की फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार करने से बचना चाहिए और किसी अजनबी के साथ अपना पता, स्कूल की जानकारी, निजी फोटो, वीडियो, पासवर्ड या अन्य व्यक्तिगत जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए।
बच्चों को संदिग्ध लिंक पर क्लिक नहीं करने, अनजान व्यक्ति द्वारा भेजे गए ऐप डाउनलोड नहीं करने तथा OTP और पासवर्ड किसी के साथ साझा नहीं करने की समझाइश दी गई। सोशल मीडिया पर धमकी, आपत्तिजनक संदेश या परेशान करने वाली गतिविधि सामने आने पर उसका स्क्रीनशॉट सुरक्षित रखने और माता-पिता, शिक्षक अथवा पुलिस को इसकी जानकारी देने के लिए कहा गया।
सड़क पर छोटी सी गलती पड़ सकती है भारी
महिला थाना पुलिस ने बच्चों को यातायात नियमों और सड़क सुरक्षा के बारे में भी समझाया। सड़क पार करते समय दोनों ओर देखकर सावधानी से सड़क पार करने, चलते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने तथा वाहन में हेलमेट और सीट बेल्ट के महत्व की जानकारी दी गई।
पुलिस ने बच्चों को समझाया कि यातायात नियम केवल चालान से बचने के लिए नहीं हैं, बल्कि सड़क पर अपने और दूसरे लोगों के जीवन की सुरक्षा के लिए बनाए गए हैं। बच्चों से अपील की गई कि वे खुद यातायात नियमों का पालन करें और अपने परिवार के सदस्यों को भी इसके लिए प्रेरित करें।
कार्यक्रम के दौरान महिला अपराध, बाल अपराध और समाज में होने वाली आपराधिक घटनाओं को लेकर भी जागरूकता दी गई। पुलिस ने बच्चों से कहा कि किसी अपराध की जानकारी होने पर चुप रहना समस्या का समाधान नहीं है। समय पर सूचना मिलने से अपराध को रोकने और पीड़ित की मदद करने में पुलिस को सहायता मिलती है।
महिला थाना पुलिस ने बच्चों को यह संदेश भी दिया कि पुलिस से डरने की जरूरत नहीं है। किसी भी परेशानी, खतरे या अपराध की स्थिति में पुलिस की मदद ली जा सकती है। जागरूकता कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और उपलब्ध सहायता तंत्र की जानकारी देकर उन्हें अधिक सजग, सुरक्षित और आत्मविश्वासी बनाना रहा।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
आपके क्षेत्र में भी कोई महत्वपूर्ण खबर, जनसमस्या या जनहित का मुद्दा हो तो हमें इस नंबर पर भेजें। 7647981711, 9303948009।
हमारे द्वारा छत्तीसगढ़ के प्रत्येक जिले, तहसील और ब्लॉक में प्रतिनिधि नियुक्त किए जा रहे हैं। इच्छुक व्यक्ति संपर्क कर सकते हैं।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
















































