अम्बिकापुर से दिल्ली अब सप्ताह में दो दिन सीधी ट्रेन
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
अम्बिकापुर, छत्तीसगढ़
By ACGN – 7647981711, 9303948009
संवाददाता :- संतोष यादव सरगुजा
सरगुजा को बड़ी रेल सुविधा, सांसद चिंतामणि महाराज ने हरी झंडी दिखाकर द्विसाप्ताहिक ट्रेन को किया रवाना; स्टेशन पर नए प्लेटफॉर्म, रेल लाइनों के विस्तार और बड़े एफओबी का काम जारी
अम्बिकापुर ACGN:- सरगुजा संभाग के रेल यात्रियों के लिए मंगलवार का दिन बड़ी सुविधा लेकर आया। अम्बिकापुर से हजरत निजामुद्दीन के बीच चलने वाली एक्सप्रेस ट्रेन अब सप्ताह में एक दिन के बजाय दो दिन चलेगी। अम्बिकापुर रेलवे स्टेशन से सांसद चिंतामणि महाराज ने मंगलवार को सुबह निर्धारित 7.30 बजे ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उन्होंने ट्रेन में सफर कर रहे यात्रियों से मुलाकात की, उन्हें पुष्प भेंट किए और सुखद यात्रा की शुभकामनाएं दीं।

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे बिलासपुर मंडल के अनुसार गाड़ी संख्या 22407 अम्बिकापुर-हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस अब प्रत्येक मंगलवार और गुरुवार को अम्बिकापुर से सुबह 7.30 बजे रवाना होगी। वहीं गाड़ी संख्या 22408 हजरत निजामुद्दीन-अम्बिकापुर एक्सप्रेस प्रत्येक रविवार और मंगलवार को रात 11 बजे हजरत निजामुद्दीन से रवाना होगी।

ट्रेन की सेवा सप्ताह में एक दिन से बढ़ाकर दो दिन किए जाने से सरगुजा संभाग के यात्रियों को राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के लिए एक अतिरिक्त सीधी रेल सेवा मिल गई है। इससे दिल्ली आने-जाने वाले विद्यार्थियों, मरीजों, व्यापारियों और अन्य यात्रियों को पहले की तुलना में यात्रा के लिए अतिरिक्त विकल्प मिलेगा।

लंबे समय से उठ रही थी सप्ताह में दो दिन ट्रेन चलाने की मांग
सांसद चिंतामणि महाराज ने कहा कि अम्बिकापुर से दिल्ली के लिए ट्रेन को सप्ताह में दो दिन चलाने की मांग लंबे समय से की जा रही थी। इस दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे थे। उन्होंने कहा कि पहले सप्ताह में केवल एक दिन ट्रेन चलने के कारण कई यात्रियों को अपनी यात्रा के लिए सीमित विकल्प मिलते थे। अब अतिरिक्त फेरा शुरू होने से सरगुजा संभाग के यात्रियों को सुविधा मिलेगी।
सांसद ने कहा कि पहले दिन ही यात्रियों में इस नई सुविधा को लेकर उत्साह दिखाई दिया। रायगढ़, जशपुर सहित आसपास के क्षेत्रों से भी यात्री इस ट्रेन से सफर करने के लिए अम्बिकापुर पहुंचे। उन्होंने इस सुविधा के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति सरगुजा संभाग की जनता की ओर से आभार व्यक्त किया।

यात्रियों की मांग पर बढ़ाई गई ट्रेन की आवृत्ति
डीआरएम राकेश रंजन ने बताया कि क्षेत्र के लोगों और जनप्रतिनिधियों की ओर से दिल्ली के लिए चल रही रेल सेवा को सप्ताह में एक दिन से बढ़ाकर दो दिन करने की मांग की जा रही थी। इसी मांग के आधार पर रेल मंत्रालय द्वारा ट्रेन की आवृत्ति बढ़ाई गई है।
उन्होंने कहा कि इसका लाभ केवल अम्बिकापुर के यात्रियों को ही नहीं, बल्कि ट्रेन के मार्ग में आने वाले विभिन्न स्टेशनों के यात्रियों को भी मिलेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि क्षेत्र के लोग इस अतिरिक्त रेल सेवा का अधिक से अधिक उपयोग करेंगे।

अम्बिकापुर रेलवे स्टेशन का भी हो रहा विस्तार
अम्बिकापुर रेलवे स्टेशन में यात्री सुविधाओं और रेल अधोसंरचना के विस्तार का काम भी जारी है। डीआरएम राकेश रंजन ने बताया कि स्टेशन में नया प्लेटफॉर्म बनाया जा रहा है। इसके साथ ही रेलवे लाइनों का विस्तार और बड़े फुट ओवरब्रिज यानी एफओबी का निर्माण कराया जा रहा है।
स्टेशन की कोचिंग सुविधाओं में सुधार का काम भी किया जा रहा है। भविष्य में अम्बिकापुर से और ट्रेनों के संचालन की आवश्यकता को देखते हुए स्टेशन पर जरूरी अधोसंरचना और यात्री सुविधाओं के विस्तार पर भी काम किया जा रहा है।
पढ़ाई, इलाज और कारोबार के लिए दिल्ली का सफर होगा आसान
नगर निगम अम्बिकापुर की महापौर मंजूषा भगत ने कहा कि अम्बिकापुर से दिल्ली के लिए सप्ताह में दो दिन सीधी ट्रेन मिलने से नगर और पूरे क्षेत्र के यात्रियों को सुविधा होगी। खासकर दिल्ली आने-जाने वाले विद्यार्थी, मरीज, व्यापारी और अन्य यात्रियों के लिए यह अतिरिक्त रेल सेवा उपयोगी साबित होगी।
इस अवसर पर डीसीएम एस. भारतीयन, एसआर डीआरएम अहूजा, पार्षद आलोक दुबे, पार्षद रविकांत उरांव, भारत सिंह सिसोदिया, अरुणा सिंह, विनोद हर्ष सहित जनप्रतिनिधि, रेलवे अधिकारी और वरिष्ठ नागरिक उपस्थित रहे।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
आपके क्षेत्र में भी कोई महत्वपूर्ण खबर, जनसमस्या या जनहित का मुद्दा हो तो हमें इस नंबर पर भेजें। 7647981711, 9303948009।
हमारे द्वारा छत्तीसगढ़ के प्रत्येक जिले, तहसील और ब्लॉक में प्रतिनिधि नियुक्त किए जा रहे हैं। इच्छुक व्यक्ति संपर्क कर सकते हैं।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
















































