मॉल के ट्रांसफार्मर से तांबे का तार चोरी, दो महिला सहित 5 आरोपी पकड़ाए
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायगढ़, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
कोतवाली पुलिस ने चोरी की गुत्थी सुलझाई, 12 किलो तांबे का अर्थिंग वायर बरामद, चोरी का माल खरीदने वाला भी गिरफ्तार।
रायगढ़ ACGN :- रायगढ़ कोतवाली पुलिस ने गैलेक्सी मॉल परिसर में लगे बिजली ट्रांसफार्मर से लगातार हो रही तांबे के अर्थिंग वायर की चोरी का खुलासा करते हुए दो विधि से संघर्षरत बालकों, दो महिला आरोपियों तथा चोरी का माल खरीदने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 12 किलोग्राम तांबे का अर्थिंग वायर भी बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया, जबकि दोनों विधि से संघर्षरत बालकों के विरुद्ध किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार गैलेक्सी मॉल में एकाउंटेंट शिव राज कुमार साहू (43 वर्ष) ने 18 जुलाई को कोतवाली थाना में शिकायत दर्ज कराई थी कि मॉल के पीछे स्थापित बिजली ट्रांसफार्मर से जुड़े अर्थिंग वायर की लगातार चोरी हो रही है। 15 जुलाई की सुबह करीब 10 मीटर लंबा और लगभग 12 किलोग्राम वजन का तांबे का अर्थिंग वायर, जिसकी कीमत लगभग 15 हजार रुपये थी, अज्ञात चोर काटकर ले गए थे। शिकायत पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
विवेचना के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि बजरंगपारा निगम कॉलोनी के दो विधि से संघर्षरत बालकों ने अपने मोहल्ले की दो महिलाओं के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस ने सादे कपड़ों में दोनों बालकों को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने महिलाओं के साथ मिलकर ट्रांसफार्मर का अर्थिंग वायर चोरी करना तथा उसे अपने मोहल्ले के गुड्डू उर्फ रमेश सारथी को बेचने की बात स्वीकार की।
पुलिस ने इसके बाद चोरी का माल खरीदने वाले आरोपी के घर दबिश देकर करीब 12 किलो तांबे का चोरी गया अर्थिंग वायर बरामद कर लिया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर दो महिला आरोपियों और चोरी का माल खरीदने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी

निशा सारथी (28 वर्ष), पति सुनील सारथी, निवासी बजरंगपारा निगम कॉलोनी, थाना जूटमिल, रायगढ़।
रजनी सारथी (27 वर्ष), पति शिवा सारथी, निवासी मटन मार्केट, थाना जूटमिल, रायगढ़।
गुड्डू सारथी उर्फ रमेश सारथी (30 वर्ष), पिता राजू सारथी, निवासी बजरंगपारा निगम कॉलोनी, थाना जूटमिल, रायगढ़। (चोरी का माल खरीदने वाला)
दो विधि से संघर्षरत बालक।
रायगढ़ पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति संदिग्ध परिस्थितियों में तांबा, लोहे या अन्य चोरी की सामग्री बेचने का प्रयास करे तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
प्रदीप मिश्रा
देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल, अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़, हम लाते हैं निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरें
अपने क्षेत्र के समाचार एवं विज्ञापन प्रसारण हेतु संपर्क करें : 7647981711, 9303948009
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
आणखी कथा


