नकली शराब गिरोह के फरार आरोपी पर 10 हजार का इनाम घोषित, संपत्ति कुर्की की तैयारी में पुलिस
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायगढ़, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
संवाददाता :- संजय जेठवानी
नकली शराब के संगठित नेटवर्क का खुलासा, फरार आरोपी की तलाश में जुटी रायगढ़ पुलिस
रायगढ़ ACGN:- नकली शराब के अवैध कारोबार का भंडाफोड़ करने के बाद रायगढ़ पुलिस ने फरार चल रहे मुख्य आरोपी विनय सिंह ठाकुर पर शिकंजा कस दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रायगढ़ शशि मोहन सिंह ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए 10 हजार रुपये के नगद इनाम की घोषणा की है। पुलिस ने कहा है कि आरोपी की सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी और गिरफ्तारी में सहयोग करने वाले व्यक्ति को नियमानुसार पुरस्कार दिया जाएगा।
यह मामला थाना कोतरारोड़ के अपराध क्रमांक 178/2026 से जुड़ा है। आरोपी विनय सिंह ठाकुर पिता गजराज सिंह ठाकुर निवासी विकास नगर गली क्रमांक-03, कोतरारोड़ जिला रायगढ़ के खिलाफ बीएनएस की धारा 336(4), 336(3), 340(2), 61(2), 275 सहित आबकारी अधिनियम की धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
बताया गया कि 8 जून 2026 की रात रायगढ़ पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने ग्राम धनागर थाना कोतरारोड़ क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए नकली शराब बनाने वाले संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया था। इस दौरान पुलिस ने करीब 869 नग अलग-अलग पैमाने की लगभग 240 लीटर नकली शराब, स्प्रिट के ड्रम, फर्जी होलोग्राम, नकली लेबल, ढक्कन और शराब निर्माण में उपयोग होने वाली सामग्री बरामद की थी।
मामले में मुख्य आरोपी दुष्यंत उर्फ पप्पू पटेल को गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया था कि वह अपने भाई सुभाष पटेल और विनय सिंह ठाकुर के साथ मिलकर लंबे समय से नकली शराब के इस अवैध कारोबार को संचालित कर रहा था।
जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी फार्म हाउस में शराब का भंडारण करते थे और उसमें स्प्रिट मिलाकर मात्रा बढ़ाते थे। शराब का रंग और गुणवत्ता छिपाने के लिए उसमें अन्य सामग्री मिलाकर उसे असली शराब जैसा रूप दिया जाता था। इसके बाद नकली होलोग्राम और लेबल लगाकर अलग-अलग क्षेत्रों में कोचियों के माध्यम से बिक्री कराई जाती थी।
विवेचना के दौरान पुलिस ने 10 जून को आरोपी सुभाष पटेल को उसके फार्म हाउस से गिरफ्तार कर लिया था। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने शराब निर्माण में उपयोग किए जाने वाले गैस सिलेंडर, गैस चूल्हा, एल्यूमिनियम डेगची और बड़ी संख्या में खाली बोतलें बरामद की थीं।
वहीं मुख्य आरोपी विनय सिंह ठाकुर घटना के बाद से लगातार फरार है। पुलिस टीम द्वारा उसके विकास नगर स्थित निवास पर दबिश दी गई, लेकिन आरोपी घर पर नहीं मिला। आसपास के लोगों से पूछताछ में जानकारी मिली कि आरोपी और उसके परिवार के लोग कई दिनों से घर पर नहीं हैं। इसके बाद पुलिस ने नियमानुसार आरोपी के मकान पर नोटिस चस्पा कर उसे तीन दिनों के भीतर थाना कोतरारोड़ में उपस्थित होने के निर्देश दिए थे।
एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में पुलिस अब आरोपी की चल-अचल संपत्तियों की जानकारी जुटा रही है। इसके लिए जिला पंजीयक रायगढ़ और कार्यपालिक दंडाधिकारी को पत्र भेजकर संपत्ति का विवरण मांगा गया है। जानकारी प्राप्त होने के बाद न्यायालय के समक्ष आवेदन प्रस्तुत कर आरोपी की संपत्ति कुर्क कराने की कार्रवाई की जाएगी।
रायगढ़ पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि फरार आरोपी विनय सिंह ठाकुर के संबंध में कोई भी महत्वपूर्ण सूचना मिलने पर तत्काल पुलिस को जानकारी दें। सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा।
फरार आरोपी की गिरफ्तारी में सहयोग करने या ऐसी सूचना देने पर जिसके आधार पर आरोपी पकड़ा जाता है, संबंधित व्यक्ति को 10 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा।
आरोपी के संबंध में सूचना देने हेतु वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के मोबाइल नंबर 947919200, 9479193201, 9479193202, पुलिस नियंत्रण कक्ष रायगढ़ के मोबाइल नंबर 9479193299 तथा थाना प्रभारी कोतरारोड़ के मोबाइल नंबर 9479193211 पर संपर्क किया जा सकता है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान सार्वजनिक नहीं की जाएगी।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा है कि संगठित अपराध करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। जनता के सहयोग से ऐसे अपराधियों को कानून के शिकंजे तक पहुंचाया जाएगा और फरार आरोपियों के खिलाफ लगातार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
अपने क्षेत्र के समाचार एवं विज्ञापन प्रसारण हेतु संपर्क करें 7647981711, 9303 948 009
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
आणखी कथा


