उड़ीसा के चैन स्नैचिंग गिरोह का बिलासपुर पुलिस ने किया पर्दाफाश, 6 आरोपी गिरफ्तार
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
बिलासपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
महिलाओं को अकेला पाकर करते थे चैन स्नैचिंग और लूट, सीसीटीवी व तकनीकी जांच से पुलिस पहुंची आरोपियों तक
बिलासपुर ACGN:- बिलासपुर पुलिस ने महिलाओं को निशाना बनाकर चैन स्नैचिंग और लूट की वारदातों को अंजाम देने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की कार्रवाई में थाना तोरवा और सिरगिट्टी क्षेत्र में हुई तीन घटनाओं का खुलासा हुआ है। आरोपियों के खिलाफ संगठित अपराध और आपराधिक षड्यंत्र की धाराओं के तहत भी कार्रवाई की गई है।

पुलिस के अनुसार 15 मई 2026 को थाना तोरवा क्षेत्र के शिवधाम कॉलोनी निवासी एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी कि सुबह करीब 6 बजे घर के बाहर साफ-सफाई करते समय स्कूटी सवार तीन अज्ञात युवकों ने उसके गले से सोने की चैन छीन ली और फरार हो गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर श्री रजनेश सिंह के निर्देशन में विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज में बिना नंबर की स्कूटी पर घूम रहे संदिग्ध युवकों की गतिविधियां सामने आईं। इसी दौरान सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में भी एक महिला के साथ मारपीट कर चैन लूटने की घटना सामने आई। दोनों घटनाओं के फुटेज और आरोपियों के हुलिए का मिलान करने पर पुलिस को एक ही गिरोह के शामिल होने की जानकारी मिली।
पुलिस ने मुखबिर सूचना और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर गणेश नगर सिरगिट्टी निवासी नवीन साहू को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने बताया कि उसने उड़ीसा निवासी अपने साथियों को बिलासपुर बुलाकर अपने यहां ठहराया था और सभी मिलकर महिलाओं को निशाना बनाकर चैन स्नैचिंग व लूट की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे।
इसके बाद पुलिस ने गिरोह के अन्य सदस्यों को भी गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने थाना तोरवा और सिरगिट्टी क्षेत्र में तीन महिलाओं से चैन स्नैचिंग और लूट की वारदात करना स्वीकार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी उड़ीसा से आकर स्थानीय सहयोगियों की मदद से अलग-अलग स्थानों पर रुकते थे और मौका देखकर वारदातों को अंजाम देते थे।
गिरफ्तार आरोपियों में शिव सिंह निवासी राउरकेला उड़ीसा, शक्ति प्रसाद निवासी सुंदरगढ़ उड़ीसा, नवीन साहू निवासी सिरगिट्टी बिलासपुर, प्रमोद सिंह निवासी सुंदरगढ़ उड़ीसा, अतुल मुंडा निवासी उड़ीसा और बसंता खड़िया निवासी संबलपुर उड़ीसा शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बिना नंबर की स्कूटी जब्त की है। गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश अभी जारी है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अपने आसपास बाहर से आकर रहने वाले संदिग्ध व्यक्तियों की जानकारी पुलिस को दें, ताकि अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण लगाया जा सके।
प्रदीप मिश्रा (प्रधान संपादक)
निष्पक्ष निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
अपने क्षेत्र के समाचार एवं विज्ञापन प्रसारित करने हेतु इस नंबर पर भेजें 7647981711 – 9303948009
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


