शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म और अपहरण करने वाला आरोपी गिरफ्तार
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायगढ़, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
संवाददाता :- संजय जेठवानी
घरघोड़ा पुलिस की कार्रवाई, एससी/एसटी एक्ट सहित गंभीर धाराओं में आरोपी भेजा गया जेल
रायगढ़ ACGN:- वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन में महिला एवं विशेष वर्ग के विरुद्ध अपराधों पर सख्त कार्रवाई करते हुए घरघोड़ा पुलिस ने युवती के अपहरण, दुष्कर्म और धमकी देने के मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार 19 वर्षीय पीड़िता ने 31 मई 2026 को थाना घरघोड़ा पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पीड़िता ने बताया कि करीब एक वर्ष पहले उसकी पहचान ग्राम पुसल्दा निवासी ललित लोहार से हुई थी, जो क्षेत्र में एक फ्लाई ऐश ब्रिक्स भट्ठे में काम करता था। आरोपी ने युवती को शादी करने का भरोसा दिलाकर उसके साथ संबंध बनाए और बाद में शादी से मुकरते हुए धमकी देकर उसका शोषण करता रहा।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि होली के बाद 8 मार्च 2026 को आरोपी ने उसके साथ जबरदस्ती की और किसी को जानकारी देने पर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद आरोपी लगातार डराकर उसका शारीरिक शोषण करता रहा। जब युवती ने विरोध किया तो आरोपी ने उसे जबरन अपने साथ ले जाने की धमकी दी।
पीड़िता के अनुसार 11 मई की रात आरोपी उसके घर पहुंचा और उसे जबरन मोटरसाइकिल में बैठाकर रायगढ़ ले गया, जहां आरोपी के माता-पिता किराए के मकान में रहते थे। परिजनों की समझाइश के बाद भी आरोपी ने युवती को अपने साथ रखा और करीब एक सप्ताह तक उसे डराकर अपने कब्जे में रखा। इसके बाद वह युवती को ओडिशा स्थित अपनी नानी के घर भी ले गया और वहां उसे अपनी पत्नी बताकर परिचय कराया।
ओडिशा में रहने के दौरान पीड़िता ने किसी अन्य व्यक्ति के मोबाइल से अपने परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद परिजन वहां पहुंचे और उसे वापस घर लेकर आए। इसके बाद भी आरोपी लगातार धमकी देता रहा, जिससे भय के कारण पीड़िता ने कुछ समय बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए घरघोड़ा थाना में आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 64(2)(ड), 127(4), 140(3), 351(3) सहित एससी/एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर दबिश देकर आरोपी ललित लोहार उर्फ ललित अगरिया को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय में पेश किया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि महिला अपराधों में त्वरित कार्रवाई रायगढ़ पुलिस की प्राथमिकता है और ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिलाओं एवं विशेष वर्ग के लोगों के विरुद्ध अपराधों को पुलिस गंभीरता से ले रही है। पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं और अपराधियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।
प्रदीप मिश्रा (प्रधान संपादक)
निष्पक्ष निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
अपने क्षेत्र के समाचार एवं विज्ञापन प्रसारित करने हेतु इस नंबर पर भेजें 7647981711 – 9303948009
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


