हनोदा माइनर नहर क्षेत्र से हटाया गया अतिक्रमण, प्रशासन की बड़ी कार्रवाई
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
दुर्ग, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
दुर्ग ACGN:- जल संसाधनों के संरक्षण और सार्वजनिक परिसंपत्तियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से दुर्ग जिले के हनोदा माइनर नहर क्षेत्र में विशेष अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। कलेक्टर अभिजीत सिंह के मार्गदर्शन में जल संसाधन विभाग एवं नगर पालिक निगम रिसाली की संयुक्त टीम ने नहर क्षेत्र और विभागीय स्वामित्व वाली शासकीय भूमि पर किए गए अवैध अतिक्रमणों को हटाकर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया।
हनोदा माइनर नहर डीपीएस स्कूल से वीआईपी नगर तक रिसाली निगम क्षेत्र से होकर गुजरती है। जल प्रबंधन और सिंचाई व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण इस नहर क्षेत्र में वर्षों से किए गए अतिक्रमण नहरों के रखरखाव, निरीक्षण और मरम्मत कार्यों में बाधा उत्पन्न कर रहे थे। प्रशासन द्वारा कार्रवाई से पहले संबंधित अतिक्रमणकर्ताओं को स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाने का पर्याप्त अवसर दिया गया था। निर्धारित समय सीमा समाप्त होने के बाद विधिसम्मत प्रक्रिया का पालन करते हुए संयुक्त दल ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की।

अभियान के दौरान नगर पालिक निगम रिसाली और जल संसाधन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सक्रिय भूमिका निभाई। पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराई गई, जिससे नहर क्षेत्र को उसके मूल स्वरूप में पुनर्स्थापित किया जा सका।
कार्यपालन अभियंता आशुतोष सारश्वत ने बताया कि जल संसाधन विभाग के अधीन नहरों, जल संरचनाओं, अनुरक्षण मार्गों और शासकीय भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध अतिक्रमण स्वीकार नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में नियमानुसार कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। विभाग द्वारा अपने अधिकार क्षेत्र की सभी नहरों और शासकीय परिसंपत्तियों की लगातार निगरानी की जा रही है।
उन्होंने कहा कि शासकीय भूमि और जल संरचनाएं सार्वजनिक संपत्ति हैं, जिनका संरक्षण सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। इन परिसंपत्तियों का सुरक्षित और उद्देश्यपूर्ण उपयोग सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है।

जल संसाधन विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे नहरों, शासकीय भूमि और अन्य सार्वजनिक उपयोगिता की संरचनाओं पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण न करें तथा इनके संरक्षण में प्रशासन का सहयोग करें। विभाग का कहना है कि सार्वजनिक परिसंपत्तियों की सुरक्षा और संरक्षण से ही जनहित और विकास कार्यों की निरंतरता सुनिश्चित की जा सकती है।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर। जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space

