उचित मूल्य दुकानों में अनियमितता का आरोप, कांग्रेस ने सौंपा ज्ञापन
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
कोरबा, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
कोरबा ACGN:- जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं पार्षद मुकेश राठौर, नेता प्रतिपक्ष कृपाराम साहु, उपनेता प्रतिपक्ष गोपाल कुर्रे, पार्षद रवि सिंह चंदेल, कोरबा ब्लॉक अध्यक्ष पालुराम साहु, पार्षद टामेश अग्रवाल सहित कांग्रेस पदाधिकारियों ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर उचित मूल्य की राशन दुकानों में वितरण को लेकर गंभीर अनियमितताओं की शिकायत दर्ज कराई। प्रतिनिधिमंडल ने खाद्य अधिकारी घनश्याम कंवर से भेंटकर ज्ञापन भी सौंपा।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि खाद्य विभाग की लापरवाही के कारण आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। फरवरी माह समाप्त होने के बावजूद हितग्राहियों को अब तक फरवरी का राशन प्राप्त नहीं हुआ है।
कांग्रेस पदाधिकारियों ने बताया कि कई संचालक एक से अधिक सरकारी राशन दुकानों का संचालन कर रहे हैं, जिससे व्यवस्था प्रभावित हो रही है। आरोप है कि कुछ दुकानदार हितग्राहियों को एक बार में पूरा राशन नहीं देकर बार-बार बुलाते हैं, जिससे लोगों को अनावश्यक रूप से परेशान होना पड़ता है।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि पहले खाद्य सामग्री के आबंटन की जानकारी प्रत्येक वार्ड में सार्वजनिक की जाती थी, जिसे वर्तमान में बंद कर दिया गया है। इससे पारदर्शिता में कमी आई है।
मांग पत्र के माध्यम से कांग्रेस ने मांग की है कि राशन दुकानों को निर्धारित समय सारणी के अनुसार नियमित रूप से खोला जाए, हितग्राहियों को एक बार में पूरा राशन प्रदान किया जाए, फरवरी माह का लंबित राशन मार्च माह में दोनों महीनों का एक साथ वितरण किया जाए तथा पूर्व की भांति राशन आबंटन की जानकारी सार्वजनिक की जाए।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरों के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल
अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






