मानव-हाथी द्वंद्व रोकने कलेक्टर के सख्त निर्देश, प्रभावित किसानों को समय पर मिलेगा मुआवजा
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
कोरबा, छत्तीसगढ़
By ACGN – 7647981711, 9303948009
हाथी प्रभावित धान खरीदी केंद्रों में सुरक्षा बढ़ाने पर जोर, अवैध बिजली हुकिंग पर कार्रवाई और हाथियों को करंट से बचाने के निर्देश
कोरबा ACGN:- जिले में मानव-हाथी द्वंद्व की घटनाओं को रोकने और हाथियों से प्रभावित लोगों को समय पर राहत उपलब्ध कराने के लिए गठित समिति की बैठक 6 अक्टूबर 2026 को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर कुणाल दुदावत ने की। बैठक में फसल नुकसान का मुआवजा, हाथी प्रभावित क्षेत्रों में धान खरीदी केंद्रों की सुरक्षा, अवैध बिजली हुकिंग और मानव-हाथी संघर्ष को रोकने के उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई।
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि हाथियों द्वारा फसल नुकसान की घटना सामने आने पर पटवारियों से निर्धारित समय-सीमा में आवश्यक रिपोर्ट तैयार कराई जाए, ताकि प्रभावित किसानों को मुआवजा राशि मिलने में अनावश्यक देरी न हो। उन्होंने ग्राम सभाओं के माध्यम से ग्रामीणों को मुआवजा प्रक्रिया और उससे संबंधित नियमों की जानकारी देने पर भी जोर दिया।

अवैध बिजली हुकिंग पर होगी कार्रवाई
हाथियों के विचरण वाले क्षेत्रों में बिजली के तारों से की जाने वाली अवैध हुकिंग को लेकर कलेक्टर ने विद्युत विभाग को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अवैध हुकिंग से जहां बिजली चोरी की स्थिति बनती है, वहीं इससे हाथियों के करंट की चपेट में आने का खतरा भी बढ़ जाता है।
कलेक्टर ने विद्युत विभाग को हाथियों को करंट से बचाने के लिए आवश्यक सुरक्षा उपाय करने और बिजली के तारों को सुरक्षित ऊंचाई पर रखने के निर्देश दिए। अवैध हुकिंग की सूचना मिलने पर लाइनमैन को तत्काल मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करने के लिए भी कहा गया।

हाथी प्रभावित धान खरीदी केंद्रों में सुरक्षा पर जोर
बैठक में हाथी प्रभावित क्षेत्रों में संचालित धान खरीदी केंद्रों को संवेदनशील केंद्र के रूप में चिह्नित कर वहां सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने पर चर्चा हुई। कलेक्टर ने उप-पंजीयक सहकारिता और खाद्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि धान खरीदी केंद्रों में काम करने वाले कर्मचारियों को खुले में सोने की स्थिति न बने। उनके लिए सुरक्षित स्थान की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
कलेक्टर ने इन केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था के साथ आवश्यक अधोसंरचना उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए, ताकि धान खरीदी के दौरान कर्मचारियों और किसानों को किसी तरह का खतरा न हो।

मृतकों के परिजनों और घायलों को समय पर सहायता
हाथियों के हमले से होने वाली घटनाओं में मृतकों के परिजनों और घायलों को मिलने वाली मुआवजा सहायता की प्रक्रिया समय पर पूरी करने के निर्देश पुलिस और वन विभाग को दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि प्रभावित परिवारों को राहत और सहायता उपलब्ध कराने में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।
बैठक में जंगलों में अवैध शराब निर्माण की शिकायतों पर भी चर्चा हुई। कलेक्टर ने आबकारी विभाग को पुलिस और वन विभाग के साथ समन्वय कर ऐसे मामलों में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सर्पदंश और वन्यजीव रेस्क्यू के लिए टीम उपलब्ध
बैठक में वन मंडलाधिकारी कटघोरा जितेंद्र उपाध्याय ने समिति के सामने बैठक के एजेंडे प्रस्तुत किए। उन्होंने बताया कि सर्पदंश के मामलों तथा किंग कोबरा सहित जहरीले सांपों के रेस्क्यू के लिए वन विभाग के साथ नोवा नेचर की टीम उपलब्ध रहती है। सूचना मिलने पर टीम सामान्य तौर पर 10 से 15 मिनट के भीतर मौके पर पहुंच सकती है। आवश्यकता पड़ने पर कोई भी विभाग टीम को सूचना दे सकता है।
बैठक में किसानों द्वारा जंगली हाथियों और जंगली सूअरों से फसलों तथा सब्जियों को बचाने के लिए खेतों और बाड़ियों की घेराबंदी के विषय पर भी चर्चा की गई। बाजार में तार फेंसिंग के लिए उपयोग किए जाने वाले तारों की बिक्री से संबंधित सूची वन परिक्षेत्र कार्यालय में उपलब्ध कराने का सुझाव दिया गया, ताकि जरूरत पड़ने पर संबंधित जानकारी के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
बैठक में नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने मानव-हाथी द्वंद्व की घटनाओं को कम करने, ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और प्रभावित परिवारों को समय पर सहायता उपलब्ध कराने के लिए विभागीय समन्वय के साथ काम करने पर जोर दिया।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
आपके क्षेत्र में भी कोई महत्वपूर्ण खबर, जनसमस्या या जनहित का मुद्दा हो तो हमें इस नंबर पर भेजें। 7647981711, 9303948009।
हमारे द्वारा छत्तीसगढ़ के प्रत्येक जिले, तहसील और ब्लॉक में प्रतिनिधि नियुक्त किए जा रहे हैं। इच्छुक व्यक्ति संपर्क कर सकते हैं।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
















































