बोतलों की बोरियों के नीचे छिपा था 6 क्विंटल से ज्यादा गांजा, तस्कर गिरफ्तार
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
जशपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN – 7647981711, 9303948009
लावाकेरा चेकिंग बैरियर पर पुलिस की कार्रवाई, 632.380 किलो गांजा, ट्रक, मोबाइल और नगदी समेत 3.41 करोड़ रुपये की जब्ती
जशपुर ACGN:- नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन आघात के तहत जशपुर पुलिस ने लावाकेरा चेकिंग बैरियर पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 632 किलो 380 ग्राम गांजा बरामद किया है। पुलिस ने गांजा तस्करी के आरोप में उत्तर प्रदेश के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार 4 अक्टूबर 2026 की सुबह करीब 10 बजे एंटी नारकोटिक्स टीम और थाना तपकरा पुलिस की संयुक्त टीम लावाकेरा बैरियर पर ओडिशा की ओर से आने वाले संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान टाटा आईसर ट्रक क्रमांक UP-47-AT-9839 को संदेह के आधार पर रोका गया।
पुलिस को चकमा देने के लिए ट्रक में ऊपर खाली बोतलों से भरी बोरियां रखी गई थीं। जब पुलिस ने इन बोरियों को हटाकर नीचे रखी बोरियों की जांच की तो टेप से लिपटे पैकेट मिले। जांच करने पर पैकेटों में गांजा बरामद हुआ।

पुलिस के मुताबिक कुल 20 बोरियों में 597 पैकेट मिले, जिनका कुल वजन 632.380 किलोग्राम था। ट्रक में मौजूद व्यक्ति से गांजे के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम विनोद कुमार गुप्ता, उम्र 42 वर्ष, निवासी ग्राम बेरिया खलीलपुर, थाना देहात कोतवाली, जिला बहराईच, उत्तर प्रदेश बताया। पुलिस के अनुसार आरोपी ने बताया कि वह गांजा ओडिशा से लेकर उत्तर प्रदेश जा रहा था।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 632.380 किलो गांजा, तस्करी में इस्तेमाल टाटा आईसर ट्रक, दो मोबाइल फोन और 3 हजार रुपये नगद जब्त किए हैं। पुलिस के अनुसार गांजे की अनुमानित कीमत 3 करोड़ 16 लाख 19 हजार रुपये, ट्रक की कीमत करीब 25 लाख रुपये और मोबाइल की कीमत करीब 25 हजार रुपये है। नगदी सहित कुल जब्ती करीब 3 करोड़ 41 लाख 47 हजार रुपये बताई गई है।
मामले में थाना तपकरा में अपराध क्रमांक 87/2026 के तहत धारा 20(बी)(ii)(सी) एनडीपीएस एक्ट में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा कहां से खरीदा गया था, उत्तर प्रदेश में किस व्यक्ति तक पहुंचाया जाना था और इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
जशपुर पुलिस के अनुसार मामले की एंड-टू-एंड जांच की जा रही है। जांच में जो भी व्यक्ति तस्करी में संलिप्त पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
खास बात यह है कि लावाकेरा में जशपुर पुलिस की यह लगातार दूसरी बड़ी गांजा कार्रवाई है। इससे पहले 2 अक्टूबर 2026 को एंटी नारकोटिक्स टीम और थाना तपकरा पुलिस ने एक टाटा आईसर मिनी ट्रक से 440.630 किलो गांजा बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था।
इस कार्रवाई में डीएसपी शुभम तिवारी, एसडीओपी कुनकुरी विनोद कुमार मंडावी, थाना प्रभारी तपकरा निरीक्षक त्रिलोक प्रधान सहित प्रधान आरक्षक मोहन बंजारे, प्रेम सिंह, आरक्षक नंदलाल यादव, अविनाश सोनी, रोशन पैंकरा, बलराम पैंकरा, कृष्णा राम, शिवशंकर राम, विनोद तिर्की तथा एंटी नारकोटिक्स टीम और थाना तपकरा पुलिस की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि सरगुजा रेंज आईजी दीपक कुमार झा के निर्देश पर नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि लावाकेरा बैरियर पर पुलिस की सतर्कता और बेहतर समन्वय से छह क्विंटल से अधिक गांजा पकड़ा गया है। उनके अनुसार तस्करी के पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है और कार्रवाई में शामिल पुलिसकर्मियों को नगद पारितोषिक से पुरस्कृत किया जाएगा।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
आपके क्षेत्र में भी कोई महत्वपूर्ण खबर, जनसमस्या या जनहित का मुद्दा हो तो हमें इस नंबर पर भेजें। 7647981711, 9303948009।
हमारे द्वारा छत्तीसगढ़ के प्रत्येक जिले, तहसील और ब्लॉक में प्रतिनिधि नियुक्त किए जा रहे हैं। इच्छुक व्यक्ति संपर्क कर सकते हैं।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
















































