रायगढ़ पुलिस की क्राइम मीटिंग: एसएसपी शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश, लंबित अपराधों का समयबद्ध निराकरण करें
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायगढ़, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
संवाददाता :- संजय जेठवानी
अपराध नियंत्रण, त्वरित न्याय, यातायात सुधार और बाढ़ आपदा प्रबंधन को लेकर पुलिस अधिकारियों को दिए महत्वपूर्ण निर्देश
रायगढ़ ACGN:- वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह ने शनिवार को पुलिस नियंत्रण कक्ष में जिले की मासिक क्राइम मीटिंग लेकर कानून-व्यवस्था, लंबित अपराधों, विवेचनाओं तथा आगामी चुनौतियों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में रायगढ़, खरसिया एवं धरमजयगढ़ अनुविभाग के सभी थाना प्रभारियों के कार्यों का मूल्यांकन किया गया और लंबित अपराध, शिकायत, गुमशुदगी तथा मर्ग प्रकरणों की विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान हत्या, हत्या के प्रयास, बड़ी चोरी, नकबजनी, महिला संबंधी अपराध, पॉक्सो एक्ट सहित गंभीर मामलों में लंबित विवेचनाओं की प्रगति की जानकारी ली गई। एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को गुणवत्तापूर्ण विवेचना करते हुए समय-सीमा के भीतर प्रकरणों का निराकरण कर शीघ्र न्यायालय में चालान प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

क्राइम मीटिंग में तीन प्रमुख विषयों पर विशेष जोर दिया गया। इनमें लंबित अपराधों का त्वरित निराकरण, यातायात व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाना तथा मानसून के दौरान संभावित बाढ़ एवं आपदा प्रबंधन की तैयारियां शामिल रहीं।

बैठक में वर्ष 2025 और वर्ष 2026 के प्रथम छह माह के कार्यों की तुलनात्मक समीक्षा प्रस्तुत करते हुए सभी थाना प्रभारियों का छह माह का प्रदर्शन रिपोर्ट कार्ड भी रखा गया। एसएसपी ने जुआ, सट्टा, अवैध शराब, बदमाशों के विरुद्ध कार्रवाई तथा प्रतिबंधात्मक कार्यवाहियों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस का प्रमुख उद्देश्य पीड़ितों को समय पर न्याय उपलब्ध कराना है।

यातायात व्यवस्था की समीक्षा करते हुए एसएसपी ने मानसून के दौरान सड़क क्षति, जलभराव और जाम की समस्या से निपटने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्थानीय जनप्रतिनिधियों और संबंधित विभागों के समन्वय से सड़क सुरक्षा एवं रोड इंजीनियरिंग में सुधार करने पर भी बल दिया।
बैठक में प्रशिक्षु उप निरीक्षकों के लिए विशेष कार्यशाला का आयोजन भी किया गया। इस दौरान डीएसपी श्री सुशांतो बनर्जी ने केस स्टडी के माध्यम से विवेचना में होने वाली सामान्य त्रुटियों तथा वैज्ञानिक एवं विधिक दृष्टिकोण से अनुसंधान करने के तरीकों की जानकारी दी।

मानसून को देखते हुए महानदी से लगे संवेदनशील क्षेत्रों में संभावित बाढ़ की स्थिति की भी समीक्षा की गई। एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को स्थानीय प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और कोटवारों के साथ समन्वय बनाए रखते हुए राहत एवं बचाव कार्यों के लिए अग्रिम तैयारी करने के निर्देश दिए।

बैठक में नगर पुलिस अधीक्षक श्री मयंक मिश्रा, डीएसपी श्रीमती उन्नति ठाकुर, एसडीओपी खरसिया श्री प्रभात पटेल, एसडीओपी धरमजयगढ़ श्री सिद्धांत तिवारी, ट्रैफिक डीएसपी उत्तम प्रताप सिंह, डीएसपी श्री सुशांतो बनर्जी, रक्षित निरीक्षक अमित सिंह सहित जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारी उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह ने कहा कि “जनता को समय पर न्याय दिलाना हमारी सर्वोच्च जिम्मेदारी है। प्रत्येक विवेचना गुणवत्तापूर्ण, समयबद्ध और कानून सम्मत हो, यही रायगढ़ पुलिस की प्राथमिकता है।”
प्रदीप मिश्रा
देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल
अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
हम लाते हैं निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरें
अपने क्षेत्र के समाचार एवं विज्ञापन प्रसारण हेतु संपर्क करें : 7647981711, 9303948009
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
आणखी कथा


