फर्जी केंद्रीय अधिकारी बनकर लाखों की ठगी, ट्रांसफर-नौकरी का झांसा देने वाला आरोपी गिरफ्तार
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
संवाददाता :- अनादि पांडेय
स्वास्थ्य मंत्रालय का सहायक आयुक्त बताकर करता था ठगी, फर्जी आईडी, दस्तावेज, लैपटॉप, मोबाइल, नकदी और कार जब्त
रायपुर ACGN:- रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने स्वयं को भारत सरकार का अधिकारी बताकर सरकारी नौकरी, ट्रांसफर और पोस्टिंग दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी फर्जी पहचान पत्र, संपादित (एडिटेड) फोटो और प्रभावशाली व्यक्तियों से संबंध होने का झांसा देकर लोगों को अपने जाल में फंसाता था।
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी गुरु नारायण की शिकायत पर थाना सिविल लाइन में अपराध क्रमांक 376/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया। शिकायत में बताया गया कि लगभग दो वर्ष पहले ट्रेन यात्रा के दौरान आरोपी रजनीश कुमार राय उर्फ छोटू राय से परिचय हुआ था। आरोपी ने स्वयं को भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय में सहायक आयुक्त बताते हुए मनचाही पोस्टिंग और सरकारी नौकरी दिलाने का भरोसा देकर 5 लाख रुपये की मांग की थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर/मध्य जोन) श्री स्मृतिक राजनाला के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, थाना सिविल लाइन एवं थाना तेलीबांधा की संयुक्त टीम गठित की गई। तकनीकी जांच और मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह फर्जी पहचान पत्रों का उपयोग कर स्वयं को भारत सरकार का अधिकारी बताता था। लोगों का विश्वास जीतने के लिए वह अपने संपादित फोटो दिखाता और कार पर “भारत सरकार” अंकित कर चलता था। इसके बाद सरकारी नौकरी, स्थानांतरण और अन्य शासकीय कार्य कराने का झांसा देकर लोगों से मोटी रकम वसूलता था।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने छत्तीसगढ़ और बिहार के कई लोगों से सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी की है। ठगी से प्राप्त रकम से उसने महंगे मोबाइल फोन, लैपटॉप और अन्य सामान खरीदे। आरोपी को महंगी खरीदारी का भी शौक था।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से फर्जी पहचान पत्र, विभिन्न दस्तावेज, लैपटॉप, मोबाइल फोन, तीन सिम कार्ड, फर्जी सिम, क्रेडिट कार्ड संबंधी दस्तावेज, नकद राशि तथा घटना में प्रयुक्त कार जब्त की है। जब्त इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और दस्तावेजों की फोरेंसिक एवं तकनीकी जांच की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान रजनीश कुमार राय उर्फ छोटू राय (29 वर्ष) निवासी जिला बक्सर (बिहार) तथा वर्तमान में अमलेश्वर, जिला दुर्ग निवासी के रूप में हुई है। पुलिस आरोपी को रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है और संभावना जताई जा रही है कि जांच में ठगी के अन्य मामलों का भी खुलासा हो सकता है।
प्रदीप मिश्रा
देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल
अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
हम लाते हैं निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरें
अपने क्षेत्र के समाचार एवं विज्ञापन प्रसारण हेतु संपर्क करें : 7647981711, 9303948009
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


