पीएम जनमन सड़क निर्माण में लापरवाही पर बड़ी कार्रवाई, सहायक अभियंता और उप अभियंता निलंबित
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
कबीरधाम, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के निर्देश पर हुई राज्य स्तरीय जांच, ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट करने और क्षतिग्रस्त सड़क दोबारा बनाने के निर्देश
रायपुर ACGN :- उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा के निर्देश पर कबीरधाम जिले के बोड़ला विकासखंड में दलदली मेन रोड खारिया से अगरी तक प्रधानमंत्री जनमन योजना के अंतर्गत निर्मित सड़क के धंसने की शिकायत की राज्य स्तरीय जांच की गई। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के सचिव श्री भीम सिंह ने गुरुवार को मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य का निरीक्षण किया और सड़क की गुणवत्ता की वैज्ञानिक जांच के लिए कोर कटिंग करवाई।

निरीक्षण के दौरान सड़क के विभिन्न तकनीकी मानकों की जांच की गई। जांच में पाया गया कि नवनिर्मित सड़क पर निर्धारित क्षमता से कई गुना अधिक भार वाले वाहनों के आवागमन के कारण सड़क क्षतिग्रस्त हुई। जिस सड़क पर 10 से 12 टन क्षमता वाले वाहनों के संचालन की अनुमति है, वहां 60 से 70 टन तक रेत परिवहन करने वाले भारी वाहनों का संचालन किया गया। साथ ही सड़क के शोल्डर निर्माण में तकनीकी खामियां भी सामने आईं।

जांच के बाद सचिव श्री भीम सिंह ने निर्माण कार्य की मॉनीटरिंग और गुणवत्ता सुनिश्चित करने में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित सहायक अभियंता सौरभ देशमुख और उप अभियंता जे. रितेश नायडू को तत्काल निलंबित करने के निर्देश दिए। वहीं कार्यपालन अभियंता संतोष कुमार ठाकुर के निलंबन के लिए शासन को प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा संबंधित ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट करने की प्रक्रिया शुरू करने के भी निर्देश जारी किए गए।

सचिव ने अधिकारियों को क्षतिग्रस्त सड़क के हिस्से को पूरी तरह उखाड़कर दोबारा गुणवत्तापूर्ण निर्माण कराने तथा पूरी सड़क के शोल्डर का निर्धारित मानकों के अनुसार सुधार कराने के निर्देश दिए।

तकनीकी परीक्षण में जीएसबी एवं डब्ल्यूबीएम परतों का ग्रेडेशन और कम्पैक्शन निर्धारित मानकों के अनुरूप पाया गया। वहीं बीटी कार्य के तहत पीएमसी और सील कोट के लिए किए गए बाइंडर कंटेंट परीक्षण में भी छह प्रतिशत परिणाम प्राप्त हुआ, जो मानकों के अनुरूप है। हालांकि शोल्डर का कम्पैक्शन निर्धारित 100 प्रतिशत के स्थान पर लगभग 95 प्रतिशत और 94.68 प्रतिशत पाया गया। साथ ही पुलिया के एप्रोच पर बैकफिलिंग कार्य भी मानकों के अनुरूप नहीं किया गया था, जिससे वर्षा का पानी सड़क की निचली सतह में पहुंचकर उसे कमजोर कर गया।

सचिव श्री भीम सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत निर्मित इस सड़क पर क्षमता से अधिक भार वाले वाहनों के संचालन पर प्रतिबंध लगाया जाएगा। इसके लिए परिवहन, पुलिस और राजस्व विभाग संयुक्त रूप से कार्रवाई करेंगे, ताकि भविष्य में सड़क को नुकसान न पहुंचे।
निरीक्षण के दौरान अधीक्षण अभियंता श्री अखिलेश तिवारी, श्री बलवंत पटेल, श्री अमित गुलहरे, कार्यपालन अभियंता श्री संतोष ठाकुर तथा विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रदीप मिश्रा
देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल
अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
हम लाते हैं निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरें
अपने क्षेत्र के समाचार एवं विज्ञापन प्रसारण हेतु संपर्क करें : 7647981711, 9303948009
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
आणखी कथा


