बरहमपुर–उधना अमृत भारत एक्सप्रेस अब रोजाना चलेगी, बरहमपुर रेलवे स्टेशन के आधुनिकीकरण पर खर्च होंगे 300 करोड़ रुपये
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
गंजाम, ओडिशा
By ACGN 7647981711, 9303948009
संवाददाता :- अनिल कुमार चौधरी
रोजाना ट्रेन सेवा से ओडिशा–गुजरात के सांस्कृतिक और आर्थिक संबंध होंगे मजबूत, मुख्यमंत्री और रेल मंत्री ने दिखाई हरी झंडी
गंजाम ACGN :- ओडिशा की विकास यात्रा में एक नया अध्याय जुड़ गया है। बरहमपुर (सिल्क सिटी) से पश्चिमी ओडिशा होते हुए गुजरात के उधना (सूरत) तक चलने वाली अमृत भारत एक्सप्रेस अब साप्ताहिक नहीं बल्कि प्रतिदिन संचालित होगी। 6 जुलाई 2026 को मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी और केंद्रीय रेल, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना-प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने इस अवसर पर कहा कि यह सेवा गंजाम, गजपति, रायगढ़ा, कोरापुट, कालाहांडी, बलांगीर और नुआपाड़ा सहित पूरे क्षेत्र के लोगों के लिए ऐतिहासिक सौगात है। उन्होंने कहा कि ओडिशा और सूरत के बीच लंबे समय से भावनात्मक, सांस्कृतिक और आर्थिक संबंध रहे हैं। लाखों ओड़िया श्रमिक और व्यापारी सूरत में कपड़ा एवं हीरा उद्योग से जुड़े हैं। पहले ट्रेन सप्ताह में केवल एक बार चलने से यात्रियों को काफी परेशानी होती थी, जिसे देखते हुए राज्य सरकार के अनुरोध पर केंद्र सरकार ने इसे दैनिक सेवा में परिवर्तित किया है।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि स्वदेशी तकनीक से निर्मित आधुनिक अमृत भारत एक्सप्रेस गरीब एवं मध्यम वर्ग के यात्रियों को सुरक्षित, तेज और किफायती यात्रा की सुविधा उपलब्ध कराएगी। उन्होंने बताया कि पिछले दो वर्षों में राज्य में 3.11 लाख करोड़ रुपये के 152 औद्योगिक परियोजनाओं पर कार्य प्रारंभ हुआ है, जिससे लगभग 2.5 लाख युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित हुए हैं। उन्होंने गोपालपुर बंदरगाह के विस्तार, बहुदा में नए बंदरगाह के निर्माण, ग्रेटर बरहमपुर सिटी के विकास तथा बरहमपुर–जयपुर छह लेन सड़क निर्माण की भी घोषणा की।

केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि सूरत में आयोजित एक बैठक के दौरान बरहमपुर के लिए नियमित ट्रेन सेवा की मांग की गई थी, जिसे अब पूरा कर दिया गया है। उन्होंने घोषणा की कि बरहमपुर रेलवे स्टेशन को विश्वस्तरीय स्टेशन के रूप में विकसित करने के लिए 300 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे और इस परियोजना पर शीघ्र कार्य प्रारंभ होगा।

उद्घाटन समारोह में ओडिशा सरकार के स्टील एवं माइंस मंत्री विभूति भूषण जेना, मत्स्य एवं पशु संसाधन मंत्री गोकुलानंद मल्लिक, बरहमपुर सांसद डॉ. प्रदीप कुमार पाणिग्राही, आसिका सांसद अनीता सुभदर्शिनी, ईस्ट कोस्ट रेलवे के महाप्रबंधक परमेश्वर फुंकवाल, गंजाम जिले के जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, रेलवे अधिकारी तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
प्रदीप मिश्रा
देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल “अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़” — हम लाते हैं निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरें।
अपने क्षेत्र के समाचार एवं विज्ञापन प्रसारण हेतु संपर्क करें : 7647981711, 9303948009
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


