नवा रायपुर बनेगा टेक्सटाइल हब, पहली यूनिट का हुआ भूमिपूजन; 4650 लोगों को मिलेगा रोजगार
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
235 करोड़ के निवेश से स्विफ्ट टेक्सटाइल्स लगाएगी गारमेंट यूनिट, युवाओं और महिलाओं को मिलेगा रोजगार का बड़ा अवसर
रायपुर ACGN:- छत्तीसगढ़ में उद्योगों के विस्तार और रोजगार के नए अवसरों की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए नवा रायपुर के टेक्सटाइल पार्क में पहली गारमेंट मैन्युफैक्चरिंग यूनिट की स्थापना का शुभारंभ हुआ। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री श्री लखन लाल देवांगन एवं आवास एवं पर्यावरण मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी ने टेक्सटाइल पार्क की पहली यूनिट का भूमिपूजन किया।

तमिलनाडु की स्विफ्ट टेक्सटाइल्स प्राइवेट लिमिटेड द्वारा 235 करोड़ रुपए के निवेश से स्थापित की जा रही इस यूनिट से लगभग 4650 लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है। यह कदम छत्तीसगढ़ को टेक्सटाइल और गारमेंट मैन्युफैक्चरिंग के क्षेत्र में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री श्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि एक टेक्सटाइल फैक्ट्री केवल उद्योग की क्षमता नहीं बढ़ाती बल्कि हजारों परिवारों के जीवन में रोजगार और आर्थिक मजबूती लेकर आती है। इस क्षेत्र में युवाओं, महिलाओं और ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों के लिए रोजगार की अपार संभावनाएं हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य है कि छत्तीसगढ़ के लोगों को रोजगार के लिए बाहर न जाना पड़े बल्कि उनके अपने क्षेत्र में ही बेहतर अवसर उपलब्ध हों। नवा रायपुर में स्विफ्ट टेक्सटाइल्स की यूनिट की स्थापना इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

आवास एवं पर्यावरण मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि छत्तीसगढ़ को देश का नया टेक्सटाइल हब बनाने की दिशा में सरकार लगातार काम कर रही है। टेक्सटाइल उद्योग ऐसा क्षेत्र है, जहां बड़ी संख्या में रोजगार के अवसर पैदा किए जा सकते हैं। निवेशकों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए बिजली, पानी, सड़क, कनेक्टिविटी और अन्य अधोसंरचनाओं को प्राथमिकता से विकसित किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि नवा रायपुर का टेक्सटाइल पार्क आने वाले समय में उद्योग और रोजगार का बड़ा केंद्र बनेगा। इससे प्रदेश के युवाओं को नई दिशा मिलेगी और छत्तीसगढ़ की औद्योगिक पहचान और मजबूत होगी।

81 एकड़ में विकसित हो रहा आधुनिक टेक्सटाइल पार्क
राज्य सरकार द्वारा नवा रायपुर में 81 एकड़ क्षेत्र में आधुनिक टेक्सटाइल पार्क विकसित किया जा रहा है। यहां टेक्सटाइल, गारमेंट, तकनीकी वस्त्र और सहायक उद्योगों के लिए आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
पार्क में पक्की सड़कें, जल निकासी व्यवस्था, पॉवर सब-स्टेशन, जल आपूर्ति, स्ट्रीट लाइट, प्रशासनिक भवन, व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स, इफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन क्षेत्र एवं कॉमन फैसिलिटी सेंटर जैसी सुविधाएं तैयार की जा रही हैं।
स्विफ्ट टेक्सटाइल्स के अलावा पुनीत क्रिएशन्स और दृष्टि डिजाइन्स एलएलपी को भी टेक्सटाइल पार्क में भूमि आबंटित की गई है। इन इकाइयों में करीब 445 करोड़ रुपए के निवेश का प्रस्ताव है, जिससे 11 हजार से अधिक रोजगार के अवसर मिलने की उम्मीद है।

स्विफ्ट टेक्सटाइल्स द्वारा मुख्य रूप से बच्चों के कपड़े (किड्सवियर), निट गारमेंट्स और अंतरराष्ट्रीय बाजारों के लिए कपड़ों का निर्माण किया जाएगा। इससे छत्तीसगढ़ को वैश्विक गारमेंट सप्लाई चेन से जोड़ने में मदद मिलेगी।
राज्य की औद्योगिक नीति 2024-30 में टेक्सटाइल और रेडीमेड गारमेंट्स को प्राथमिकता वाले क्षेत्र के रूप में शामिल किया गया है। सरकार द्वारा श्रम आधारित उद्योगों को बढ़ावा देकर अधिक से अधिक रोजगार सृजन पर जोर दिया जा रहा है।
नई औद्योगिक नीति के तहत रोजगार को बढ़ावा देने के लिए महिला कर्मचारियों के लिए 6 हजार रुपये प्रतिमाह और पुरुष कर्मचारियों के लिए 5 हजार रुपये प्रतिमाह की रोजगार सहायता पांच वर्षों तक देने का प्रावधान भी किया गया है।
कार्यक्रम में सीएसआईडीसी के अध्यक्ष श्री राजीव अग्रवाल, आवास एवं पर्यावरण विभाग के सचिव श्री अंकित आनंद, सीएसआईडीसी के प्रबंध संचालक श्री विश्वेश कुमार सहित विभागीय अधिकारी एवं स्विफ्ट टेक्सटाइल्स के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
अपने क्षेत्र के समाचार एवं विज्ञापन प्रसारण हेतु संपर्क करें 7647981711, 9303 948 009
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
















































