युवाओं ने भरी खेल और विकास की हुंकार : खेलो इंडिया संवाद में युवाओं ने खेल, नशामुक्ति और विकसित भारत पर रखे विचार
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN – 7647981711, 9303948009
संवाददाता :- अनादि पांडेय रायपुर
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने युवाओं को नशे से दूर रहने का दिया संदेश, प्रधानमंत्री मोदी ने खेलशक्ति को विकसित भारत से जोड़ने पर दिया जोर
रायपुर ACGN:- राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर रायपुर के राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (NIT) में आयोजित ‘खेलो इंडिया संवाद’ कार्यक्रम में युवाओं ने खेल, प्रतिभा विकास, नशामुक्ति और देश के भविष्य को लेकर अपने विचार साझा किए। उप मुख्यमंत्री तथा खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री अरुण साव कार्यक्रम में शामिल हुए। देशव्यापी आयोजन को प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया ने वर्चुअली संबोधित किया।

देशभर में करीब 1600 स्थानों से जुड़े आठ लाख से अधिक युवाओं ने इस संवाद में भाग लिया। रायपुर में आयोजित कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर तिलक वर्मा और यूथ-आइकन डॉ. प्रियंका बिस्सा भी मौजूद रहीं।
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि खेल केवल पदक जीतने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह देश की खेलशक्ति और युवाशक्ति को एक साथ जोड़कर विकसित भारत के निर्माण का माध्यम है। उन्होंने कहा कि खेल में खिलना केवल मैदान पर जीत हासिल करना नहीं, बल्कि व्यक्तित्व का विकास, परिवार का विकास और देश का गौरव बढ़ाना भी है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत में 21वीं सदी का आधुनिक स्पोर्ट्स इकोसिस्टम तैयार करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। खेल विश्वविद्यालयों, आधुनिक प्रशिक्षण केंद्रों और प्रतिभा पहचान की व्यवस्था के माध्यम से खिलाड़ियों को शुरुआती स्तर से लेकर अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने के लिए सहयोग दिया जा रहा है। उन्होंने स्पोर्ट्स साइंस, प्रशिक्षण, कोचिंग और अंतरराष्ट्रीय अनुभवों को साझा करने के लिए दूसरे देशों के साथ सहयोग बढ़ाने की बात भी कही।

युवाओं के विचारों को नीति से जोड़ने पर जोर
प्रधानमंत्री श्री मोदी ने कहा कि ‘खेलो इंडिया संवाद’ केवल खेलों पर चर्चा का मंच नहीं है। युवाओं के विचार और सुझाव देश के खेल विजन को नई दिशा दे सकते हैं। उन्होंने कहा कि स्पोर्ट्स इकोसिस्टम, प्रतिभा विकास, गवर्नेंस और विकसित भारत को लेकर युवाओं की सोच को सुना जा रहा है और उनके सुझावों को नीतियों के निर्माण से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
रायपुर में आयोजित युवा संवाद के दौरान एनआईटी के विद्यार्थियों, खिलाड़ियों और युवाओं ने खेल अधोसंरचना के विकास, खेल सुविधाओं के विस्तार, मजबूत खेल पारिस्थितिकी तंत्र, वर्ष 2036 के ओलंपिक के लिए प्रतिभा विकास, नशामुक्ति, युवा नेतृत्व, शासन में युवाओं की भागीदारी और युवा सशक्तीकरण जैसे विषयों पर अपने विचार रखे।

नशे से दूर रहें युवा : अरुण साव
उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि हर सफलता के पीछे कठोर परिश्रम और निरंतर प्रयास होता है। जीवन की बुराइयों को छोड़कर अपनी कमियों को दूर करते हुए मेहनत करने से ही बड़ी सफलता हासिल की जा सकती है।
उन्होंने युवाओं से नशे से पूरी तरह दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि नशामुक्त युवा ही विकसित भारत के निर्माण में प्रभावी भूमिका निभा सकता है। नशा व्यक्ति को कमजोर करता है और उसके भविष्य को नुकसान पहुंचाता है। उन्होंने कहा कि जीवन में आने वाली छोटी असफलताओं से निराश होने के बजाय आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ना चाहिए।
श्री साव ने कहा कि देश की युवा शक्ति में अपार सामर्थ्य है और इसी सामर्थ्य के बल पर भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य पूरा किया जा सकता है। उन्होंने युवाओं से अपनी ऊर्जा और क्षमता का सकारात्मक दिशा में उपयोग करने का आह्वान किया।

खेल सिखाता है जीवन से लड़ना : तिलक वर्मा
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर तिलक वर्मा ने युवाओं के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि खेल व्यक्ति को जीवन की कठिन परिस्थितियों से जूझना सिखाता है। दबाव में बेहतर प्रदर्शन करना, टीम भावना, कौशल और मानसिक स्थिरता जैसे गुण खेलों के माध्यम से विकसित होते हैं। खेल के साथ स्वास्थ्य, फिटनेस और पोषण के प्रति जागरूकता भी बढ़ती है।

उन्होंने कहा कि कपिल देव, सचिन तेंदुलकर, विराट कोहली और नीरज चोपड़ा जैसे खिलाड़ियों ने देश के लाखों युवाओं को खेलों से जुड़ने की प्रेरणा दी है।
यूथ-आइकन डॉ. प्रियंका बिस्सा ने युवाओं से कहा कि केवल सुझाव देना या पहल करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि अपनी पहल की जिम्मेदारी भी स्वयं उठानी चाहिए। युवाओं को नेतृत्व, शासन-प्रशासन और देश के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने की जरूरत है।

कार्यक्रम के दौरान युवाओं को नशामुक्त रहने की शपथ भी दिलाई गई। इस अवसर पर एनआईटी के निदेशक डॉ. एन.वी. रमना राव, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव श्री यशवंत कुमार, संचालक सुश्री आकांक्षा शिक्षा खलखो, माय भारत के राज्य निदेशक श्री अर्पित तिवारी सहित एनआईटी के प्राध्यापकगण और खेल एवं युवा कल्याण विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
अपने क्षेत्र के छोटे-बड़े समाचार, घटना, दुर्घटना, भ्रष्टाचार एवं अपनी संस्था के विज्ञापन प्रसारण हेतु संपर्क करें: 7647981711, 9303948009।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
















































