प्रेस क्लब दर्री ने किया कोरबा प्रेस क्लब के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का भव्य सम्मान
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
कोरबा, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
पत्रकारों की एकजुटता, सुरक्षा और जनहित की पत्रकारिता को लेकर लिया संकल्प
कोरबा ACGN:- कोरबा प्रेस क्लब में हाल ही में संपन्न हुए निर्वाचन के बाद नवनिर्वाचित पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों के सम्मान में प्रेस क्लब दर्री द्वारा भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पत्रकारिता जगत से जुड़े वरिष्ठ पत्रकारों, प्रेस क्लब के पदाधिकारियों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों, जनप्रतिनिधियों एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों ने उपस्थित होकर नवनिर्वाचित टीम को शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में कोरबा प्रेस क्लब के अध्यक्ष श्री नौशाद खान, संरक्षक श्री कमलेश यादव, उपाध्यक्ष श्री राजकुमार शाह, सचिव श्री दिनेश राज, सह सचिव श्री हरीश तिवारी, कोषाध्यक्ष श्री दुर्गेश श्रीवास्तव एवं कार्यकारिणी सदस्य श्री राजेश मिश्रा (मिट्ठू), श्री नवाब हुसैन, श्री आकाश शर्मा सहित अन्य पदाधिकारियों का पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया।

इस दौरान प्रेस क्लब दर्री के अध्यक्ष अनिल द्विवेदी, संरक्षक सुधीर जैन, संतोष गुप्ता, प्रदीप मिश्रा, अजय राय, अशोक अग्रवाल, भागवत दीवान, मनी निंजा, बालकृष्ण मिश्रा, भागीरथी यादव, सहित प्रेस क्लब दर्री के सभी पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

स्वागत उद्बोधन में प्रेस क्लब दर्री के संरक्षक सुधीर जैन ने कहा कि पत्रकारिता समाज को दिशा देने वाला महत्वपूर्ण कार्य है। पत्रकारों को एकजुट होकर निष्पक्षता और जिम्मेदारी के साथ जनहित से जुड़े मुद्दों को सामने लाना चाहिए। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती से ही पत्रकारों के हितों, सम्मान और सुरक्षा की रक्षा संभव है।

वहीं प्रेस क्लब दर्री के अध्यक्ष अनिल द्विवेदी ने प्रेस क्लब दर्री की गतिविधियों एवं कार्यों की जानकारी देते हुए कहा कि पत्रकारों के हितों और सहयोग की भावना से संगठन लगातार कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि कोरबा प्रेस क्लब के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का सम्मान करना हमारे लिए गौरव का विषय है। पत्रकारों के बीच आपसी सहयोग, समन्वय और एकजुटता से ही पत्रकारिता को और अधिक मजबूत बनाया जा सकता है।

समारोह को संबोधित करते हुए कोरबा प्रेस क्लब के संरक्षक श्री कमलेश यादव ने कहा कि वर्तमान समय डिजिटल युग का है। आज पत्रकारिता के क्षेत्र में तकनीक और संसाधनों की उपलब्धता बढ़ी है, जिससे समाचार संकलन, लेखन और प्रसारण पहले की अपेक्षा अधिक सरल और प्रभावी हुआ है। उन्होंने कहा कि पूर्व समय में सीमित संसाधनों के कारण पत्रकारों को कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था, लेकिन आज डिजिटल माध्यमों ने पत्रकारिता को नई दिशा दी है।

उन्होंने कहा कि पत्रकारिता केवल खबर प्रकाशित करने का माध्यम नहीं बल्कि समाज और जनता की सेवा का महत्वपूर्ण दायित्व है। पत्रकारों को हमेशा सच्चाई, निष्पक्षता और विश्वसनीयता के साथ कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बड़ी संख्या में लोग पत्रकारिता के क्षेत्र में आ रहे हैं, ऐसे में पत्रकारों की जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है कि वह जनहित से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता दें और समाज की समस्याओं को मजबूती से सामने लाएं।

श्री यादव ने कहा कि पत्रकारों को आपसी सहयोग और भाईचारे की भावना के साथ एकजुट रहकर कार्य करना चाहिए, क्योंकि संगठन की शक्ति से ही पत्रकारों के हितों की रक्षा संभव है। उन्होंने बताया कि उपनगरीय क्षेत्रों में कार्यरत पत्रकारों को भी संगठन से जोड़ने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और जल्द ही उन्हें प्रेस क्लब में उचित स्थान दिया जाएगा।

वहीं कोरबा प्रेस क्लब अध्यक्ष श्री नौशाद खान ने कहा कि आज के समय में पत्रकारिता के क्षेत्र में कई चुनौतियां सामने हैं। वर्तमान परिस्थितियों में राजनीति का प्रभाव बढ़ने के कारण कई बार पत्रकारों को कठिन परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है और उनकी सुरक्षा भी एक गंभीर विषय बनती जा रही है।
उन्होंने कहा कि पत्रकार समाज की आवाज बनकर कार्य करते हैं। जब कोई पत्रकार जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर खबर प्रकाशित करता है तो कई बार किसी पक्ष को वह खबर पसंद नहीं आती और विरोध की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। ऐसे समय में पत्रकारों को घबराने की बजाय संगठित होकर और एक-दूसरे के सहयोग की भावना के साथ आगे बढ़ना चाहिए।

नौशाद खान ने कहा कि पत्रकारों का पहला दायित्व जनता के प्रति होता है। पत्रकारों को बिना किसी दबाव के निष्पक्षता पूर्वक कार्य करते हुए समाज के वास्तविक मुद्दों को सामने लाना चाहिए। पत्रकारिता में विश्वसनीयता सबसे बड़ी पूंजी है, जिसे बनाए रखना प्रत्येक पत्रकार की जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि पत्रकारों की सुरक्षा, सम्मान और सहयोग के लिए कोरबा प्रेस क्लब लगातार प्रयास करेगा। पत्रकार आर्थिक रूप से हमेशा मजबूत स्थिति में नहीं होते और कई बार उन्हें व्यक्तिगत एवं पारिवारिक समस्याओं का सामना करना पड़ता है। इन्हीं बातों को ध्यान में रखते हुए पत्रकार हित में सहायता राशि बढ़ाने का निर्णय लिया गया है।

उन्होंने बताया कि पूर्व में किसी पत्रकार को बीमारी, मेडिकल उपचार या आवश्यक दवाइयों के लिए 5 हजार रुपये तक सहायता राशि दी जाती थी, जिसे अब बढ़ाकर 25 हजार रुपये तक करने का निर्णय लिया गया है। इसके साथ ही किसी पत्रकार की आकस्मिक मृत्यु होने की स्थिति में उनके परिवार को आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराने के लिए 10 लाख रुपये तक सहायता देने के प्रस्ताव पर भी विचार किया जा रहा है।

नौशाद खान ने बताया कि पत्रकारों की सुरक्षा और हितों को ध्यान में रखते हुए एक नई पहल की जा रही है। इसके तहत पत्रकारों के हितों में कार्य करने के लिए कोरबा प्रेस क्लब, रायपुर प्रेस क्लब एवं बिलासपुर प्रेस क्लब को एकजुट करने की दिशा में प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि तीनों प्रेस क्लबों के बीच आपसी चर्चा चल रही है, ताकि पत्रकारों की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों को लेकर बेहतर तरीके से कार्य किया जा सके।
उन्होंने कहा कि पत्रकारों को किसी भी परिस्थिति में अकेला महसूस नहीं होना चाहिए। प्रेस क्लब सभी पत्रकार साथियों के हितों और सुरक्षा के लिए हमेशा खड़ा रहेगा। उन्होंने सभी पत्रकारों से अपील करते हुए कहा कि आपसी मतभेदों को दूर रखते हुए एकजुट होकर पत्रकारिता के मूल सिद्धांतों का पालन करें और समाज के अंतिम व्यक्ति की आवाज बनें।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों ने कहा कि मजबूत और जिम्मेदार पत्रकारिता से ही समाज में सकारात्मक बदलाव आता है। पत्रकारों को हमेशा जनहित, सच्चाई और निष्पक्षता को केंद्र में रखकर कार्य करना चाहिए।
इस दौरान क्षेत्र के जनप्रतिनिधि गणमान्य नागरिक एवं पत्रकार बंधु उपस्थित रहे
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
अपने क्षेत्र के समाचार एवं विज्ञापन प्रसारण हेतु संपर्क करें 7647981711, 9303 948 009
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


