आबकारी कार्रवाई के दौरान सड़क हादसा, एक नाबालिग की मौत और दो घायल
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
मुंगेली, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
कलेक्टर ने दिए जांच के निर्देश, घायलों को तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई गई
मुंगेली ACGN:- आबकारी विभाग की अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई के दौरान हुए सड़क हादसे में एक नाबालिग बच्चे की मौत हो गई, जबकि दो अन्य बच्चे घायल हो गए। घटना को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने विस्तृत जांच के निर्देश दिए हैं।
जानकारी के अनुसार आबकारी वृत्त लोरमी की संयुक्त टीम द्वारा ग्राम मनोहरपुर में अवैध शराब के खिलाफ छापामार कार्रवाई की गई थी। कार्रवाई के बाद जब्त शराब और आरोपी को लेकर टीम थाना जा रही थी, इसी दौरान लालपुर थाना क्षेत्र के समीप ग्राम बैगाकापा के तीन नाबालिग बच्चे तेज रफ्तार मोटरसाइकिल से सामने आ गए।

बच्चों को बचाने के प्रयास में आबकारी वाहन चालक ने अचानक ब्रेक लगाया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर नहर में पलट गया। हादसे में मोटरसाइकिल सवार तीनों बच्चे घायल हो गए। घायलों की पहचान अंकित यादव उम्र 12 वर्ष, शेखर कश्यप उम्र 10 वर्ष और प्रवीण कुमार गंधर्व उम्र 10 वर्ष के रूप में हुई। घटना के बाद सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान अंकित यादव की मौत हो गई। वहीं शेखर कश्यप और प्रवीण कुमार गंधर्व का इलाज विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में जारी है।

घटना की जानकारी मिलने पर कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने अधिकारियों को बेहतर उपचार व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। प्रशासन की ओर से मृतक बच्चे के परिवार को 25 हजार रुपये तथा घायल दोनों बच्चों के परिवारों को 10-10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई।

मुंगेली एसडीएम श्री अजय शतरंज ने जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना और मृतक बच्चे के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। हादसे में आबकारी विभाग का वाहन भी क्षतिग्रस्त हुआ तथा चालक, आबकारी निरीक्षक सहित टीम के अन्य सदस्य घायल हुए, जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से सुरक्षित बाहर निकाला गया।
पुलिस अधीक्षक श्री भोजराम पटेल ने कहा कि नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने की अनुमति देना गंभीर लापरवाही है। घटना के सभी पहलुओं की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि नाबालिग बच्चों को वाहन न चलाने दें, क्योंकि यह उनके जीवन और सड़क सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बन सकता है।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
अपने क्षेत्र के समाचार एवं विज्ञापन प्रसारण हेतु संपर्क करें 7647981711, 9303 948 009
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


