खर्वे गांव में 8 मौतों का सनसनीखेज खुलासा: परिचितों का हत्यारा निकला गांव का ही रामसहाय, शराब में जहर मिलाकर देता था वारदात को अंजाम
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
बलौदाबाजार, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
संवाददाता
चार माह में लगातार हुई मौतों की गुत्थी सुलझी, कुत्ते पर किया था जहर का ट्रायल, फिर ग्रामीणों को बनाया निशाना
बलौदाबाजार ACGN:- जिले के कसडोल थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खर्वे में पिछले चार माह के दौरान हुई आठ संदिग्ध मौतों का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि गांव का ही निवासी रामसहाय जायसवाल एक के बाद एक हत्याओं को अंजाम दे रहा था। आरोपी ने अपने परिचितों को शराब में सुहागा (जहर) मिलाकर पिलाया और उनकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार 6 जून 2026 को ग्राम खर्वे के ग्रामीणों ने एसडीओपी कसडोल को आवेदन देकर फरवरी से मई माह के बीच गांव में हुई आठ संदिग्ध मौतों पर संदेह जताया था। ग्रामीणों ने गांव के ही रामसहाय जायसवाल पर शक जाहिर किया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की।
जांच के दौरान सात मृतकों के शवों को उत्खनन कर पोस्टमार्टम के लिए रायपुर भेजा गया, जहां विशेषज्ञ टीम द्वारा परीक्षण कराया गया। पुलिस ने ग्रामीणों से पूछताछ, तकनीकी साक्ष्य और अन्य माध्यमों से जांच आगे बढ़ाई।
पुलिस जांच में पता चला कि आरोपी ने पहले चूहा मारने की दवा के नाम पर सुहागा प्राप्त किया था। आरोपी ने पहले एक कुत्ते पर इसका परीक्षण किया, जिसके बाद उसने ग्रामीणों को निशाना बनाना शुरू किया।
पूछताछ में आरोपी रामसहाय ने स्वीकार किया कि पुरानी रंजिश, छोटे-छोटे विवाद, गाली-गलौज, सामाजिक विवाद और व्यक्तिगत कुंठा के चलते उसने आठ लोगों को शराब में जहर मिलाकर मौत के घाट उतार दिया।
पुलिस के अनुसार आरोपी ने सबसे पहले 6 फरवरी को बद्री पटेल को जहर मिली शराब पिलाई, जिसके बाद उसकी मौत हो गई। इसके बाद आरोपी ने बुठालु साहू, छत्तु राम साहू, बुधराम जायसवाल, विनोद कुमार साहू, गजानंद मांझी, चैतुराम साहू और महेतरू राम साहू को इसी तरीके से निशाना बनाया।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने किसी को शक न हो इसलिए खुद मृतकों को अस्पताल पहुंचाने और अंतिम संस्कार की प्रक्रिया में शामिल होने का नाटक किया। शुरुआत में आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया, लेकिन कड़ी पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर आखिरकार उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना कसडोल में 8 हत्या और 1 हत्या के प्रयास सहित कुल 9 अपराध दर्ज किए हैं। मामले की विवेचना जारी है।
इस बड़ी कार्रवाई में आईजी रायपुर श्री अमरेश मिश्रा, पुलिस अधीक्षक श्री ओपी शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह, एसडीओपी कसडोल कौशल किशोर वासनिक के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीण मिंज, साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक प्रणाली वैद्य सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
अपने क्षेत्र के समाचार एवं विज्ञापन प्रसारण हेतु संपर्क करें 7647981711, 9303 948 009
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
















































