अवैध खनन पर बड़ी कार्रवाई, 6 क्रशर सीलबंद और रेत उत्खनन मशीन जब्त
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
बलौदाबाजार, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
ड्रोन सर्वे से हुई जांच, नियमों का उल्लंघन करने वालों पर खनिज विभाग की सख्ती जारी
बलौदाबाजार ACGN:- मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के निर्देश पर प्रदेश में अवैध खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। खनिज संसाधनों के संरक्षण और अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से खनिज विभाग की केंद्रीय उड़नदस्ता टीम द्वारा विभिन्न जिलों में औचक निरीक्षण कर बड़ी कार्रवाई की गई है।
खनिज साधन विभाग के सचिव और संचालक के निर्देश पर केंद्रीय खनि उड़नदस्ता की संयुक्त टीम ने 21 एवं 22 जून 2026 को बलौदाबाजार-भाटापारा और सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में खनन क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान बलौदाबाजार जिले के ग्राम खपरीडीह में गौण खनिज निम्न श्रेणी चूनापत्थर से जुड़े अस्थायी भंडारण अनुज्ञप्ति स्थलों और खदानों की जांच की गई।
जांच के दौरान विभिन्न प्रकार की अनियमितताएं पाए जाने पर 6 क्रशर इकाइयों को सीलबंद कर दिया गया है। संबंधित क्रशर संचालकों को नोटिस जारी कर निर्धारित समय सीमा में जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग द्वारा आगे की कार्रवाई जांच रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी।

इसी प्रकार सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के ग्राम दहिदा में महानदी क्षेत्र का औचक निरीक्षण किया गया। यहां जांच के दौरान एक चैन माउंटेन मशीन से अवैध रूप से रेत उत्खनन किया जाना पाया गया। खनिज अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए मशीन को जब्त कर सीलबंद कर दिया गया है। मशीन ऑपरेटर की सुपुर्दगी में मशीन रखी गई है और मशीन मालिक को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है।
पूरे अभियान के दौरान आधुनिक ड्रोन तकनीक के माध्यम से भी स्थलों का सर्वेक्षण किया गया, जिससे वास्तविक खनन गतिविधियों और मौके की स्थिति का सटीक आकलन किया जा सके। विभाग द्वारा ड्रोन सर्वे को निगरानी का प्रभावी माध्यम बनाया जा रहा है, जिससे अवैध उत्खनन पर अंकुश लगाया जा सके।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा है कि प्रदेश में अवैध खनन, परिवहन और भंडारण किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा और खनिज संपदा के नियमानुसार उपयोग के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
खनिज सचिव श्री पी. दयानंद ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि आधुनिक तकनीक, ड्रोन सर्वेक्षण और सतत निगरानी के माध्यम से अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जाए तथा शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
इस कार्रवाई में केंद्रीय उड़नदस्ता की संयुक्त टीम के साथ संबंधित जिलों की खनिज विभाग की टीम भी मौजूद रही।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
अपने क्षेत्र के समाचार एवं विज्ञापन प्रसारण हेतु संपर्क करें 7647981711, 9303 948 009
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


