सोमनाथ स्वाभिमान यात्रा से गूंजेगा छत्तीसगढ़ का सांस्कृतिक गौरव
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
संवाददाता :- अनादि पांडेय
1000 विशिष्टजन विशेष ट्रेन से जाएंगे सोमनाथ धाम, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय करेंगे यात्रा का शुभारंभ
रायपुर ACGN:- भारतीय संस्कृति, आस्था और राष्ट्रीय स्वाभिमान के प्रतीक सोमनाथ धाम से छत्तीसगढ़ को जोड़ने के उद्देश्य से प्रदेश में ऐतिहासिक सांस्कृतिक यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के अंतर्गत 22 से 26 जून 2026 तक आयोजित होने वाली सोमनाथ स्वाभिमान सांस्कृतिक यात्रा में प्रदेश के 1000 विशिष्टजन विशेष ट्रेन के माध्यम से गुजरात स्थित सोमनाथ धाम पहुंचेंगे।
यात्रा का शुभारंभ 22 जून को सुबह 9 बजे रायपुर रेलवे स्टेशन से किया जाएगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, वहीं पर्यटन, संस्कृति, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व मंत्री राजेश अग्रवाल कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। कार्यक्रम में रायपुर के जनप्रतिनिधि, सांसद, विधायक, महापौर सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहेंगे।
सोमनाथ स्वाभिमान पर्व भारत की सांस्कृतिक चेतना और गौरवशाली विरासत का प्रतीक है। हजारों वर्षों की चुनौतियों के बाद भी भारतीय आस्था और संस्कृति की निरंतरता को दर्शाने वाले इस आयोजन के माध्यम से नई पीढ़ी को देश की ऐतिहासिक धरोहर, आध्यात्मिक परंपरा और राष्ट्रीय गौरव से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
इस सांस्कृतिक यात्रा में प्रदेश के विभिन्न जिलों से चयनित विशिष्टजन, पद्म पुरस्कार एवं राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय सम्मान प्राप्त कलाकार, साहित्यकार, संस्कृति कर्मी, समाजसेवी और जनप्रतिनिधि शामिल होंगे। यात्रा के माध्यम से छत्तीसगढ़ की लोक कला, परंपरा और सांस्कृतिक विविधता को राष्ट्रीय मंच पर प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।
यात्रा में शामिल प्रतिभागी अपने-अपने क्षेत्रों की पवित्र मिट्टी और नदियों का जल लेकर सोमनाथ धाम पहुंचेंगे। यह भारत की सांस्कृतिक एकता, आध्यात्मिक समरसता और राष्ट्रीय अखंडता का प्रतीक बनेगा।
यात्रा के दौरान प्रतिभागियों को सोमनाथ मंदिर दर्शन के साथ ही विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों, कला प्रस्तुतियों और ऐतिहासिक स्थलों के भ्रमण का अवसर मिलेगा। आयोजन से अलग-अलग क्षेत्रों की संस्कृति के बीच संवाद और आदान-प्रदान को भी बढ़ावा मिलेगा।
संस्कृति विभाग द्वारा यात्रा को सफल और सुरक्षित बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। चयनित प्रतिभागियों के स्वास्थ्य परीक्षण, यात्रा व्यवस्था और आवश्यक दस्तावेजों की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। विशेष ट्रेन के संचालन को लेकर अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
सोमनाथ स्वाभिमान सांस्कृतिक यात्रा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि भारत की संस्कृति, इतिहास और राष्ट्रीय गौरव का उत्सव है। छत्तीसगढ़ से निकलने वाली यह यात्रा प्रदेश की समृद्ध लोक परंपराओं और आध्यात्मिक विरासत को देशभर में नई पहचान देने का कार्य करेगी।
प्रदीप मिश्रा (प्रधान संपादक)
निष्पक्ष निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
अपने क्षेत्र के समाचार एवं विज्ञापन प्रसारित करने हेतु इस नंबर पर भेजें 7647981711 – 9303948009
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


