उरगा पुलिस ने चोरी की दो वारदातों का किया खुलासा, लाखों का वाहन और चोरी का सामान बरामद
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
कोरबा, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
सजग कोरबा, सतर्क कोरबा अभियान के तहत पुलिस की कार्रवाई, दो आरोपी गिरफ्तार कर भेजे गए जेल
कोरबा ACGN:- जिले में अपराध नियंत्रण और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे “सजग कोरबा – सतर्क कोरबा” अभियान के तहत थाना उरगा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चोरी के दो अलग-अलग मामलों का खुलासा किया है। पुलिस ने चोरी के मामलों में संलिप्त दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का सामान और करीब 7 लाख रुपये कीमत का टाटा मैजिक वाहन बरामद किया है।

पहले मामले में थाना उरगा में अपराध क्रमांक 352/2026 धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया गया था। 6 जून 2026 को प्रार्थिया संतोषी साहू ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोर ने उसके घर का ताला तोड़कर नगदी, आभूषण सहित अन्य सामान चोरी कर लिया है। रिपोर्ट के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की।
विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर तकनीकी साक्ष्यों को जुटाया और मुखबिरों को सक्रिय किया। जांच के आधार पर ग्राम लालमाटी थाना उरगा निवासी युवराज कुमार कंवर उम्र 19 वर्ष को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया।
आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया चांदी का हाफ करधन करीब 7.50 तोला वजन का, जिसकी कीमत लगभग 16 हजार रुपये बताई गई है, सहित अन्य सामग्री बरामद कर जप्त की गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

वहीं दूसरे मामले में थाना उरगा में अपराध क्रमांक 351/2026 धारा 303(2), 3(5) बीएनएस के तहत वाहन चोरी का मामला दर्ज किया गया था। 20 जून 2026 को प्रार्थी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसका टाटा मैजिक वाहन क्रमांक CG 12 BT 2852 अज्ञात व्यक्ति चोरी कर ले गया है।
वाहन चोरी की घटना को गंभीरता से लेते हुए थाना उरगा पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी करन भारद्वाज पिता विदेशी लाल भारद्वाज उम्र 20 वर्ष निवासी नोन्दीरी थाना करतला जिला कोरबा को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी के साथ मिलकर वाहन चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी की निशानदेही पर चोरी किया गया टाटा मैजिक वाहन जिसकी कीमत करीब 7 लाख रुपये है, बरामद कर जप्त किया गया। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
थाना उरगा पुलिस की इस कार्रवाई से चोरी की घटनाओं में शामिल आरोपियों पर शिकंजा कसा गया है। कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।
प्रदीप मिश्रा (प्रधान संपादक)
निष्पक्ष निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
अपने क्षेत्र के समाचार एवं विज्ञापन प्रसारित करने हेतु इस नंबर पर भेजें 7647981711 – 9303948009
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


