नौगई तिहरे हत्याकांड में बड़ा खुलासा, फरार सभी मुख्य आरोपी पुलिस गिरफ्त में, कानून के सामने झुके आरोपी, रेत कारोबार विवाद से जुड़ा था मामला
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
कोरिया छत्तीसगढ़।
By ACGN 7647981711, 9303948009
संवाददाता – सौरभ साहू
कोरिया तिहरे हत्याकांड में पुलिस की बड़ी सफलता : लगातार दबिश और रणनीति से फरार सभी मुख्य आरोपी गिरफ्तार, रंजिश में फॉर्च्यूनर जलाकर हुई थी तीन लोगों की मौत
कोरिया/बैकुंठपुर, दिनांक 20 जून 2026। कोरिया जिले के सोनहत थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नौगई में हुए बहुचर्चित तिहरे हत्याकांड मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए घटना में शामिल फरार सभी मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की लगातार कार्रवाई, संभावित ठिकानों पर दबिश और आरोपियों पर बनाए गए दबाव के बाद सभी आरोपी कानून के सामने झुक गए।
यह सनसनीखेज घटना 16 जून 2026 की रात ग्राम नौगई में हुई थी। जानकारी के अनुसार पुरानी रंजिश और रेत कारोबार से जुड़े विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था। विवाद के दौरान आरोप है कि एक पक्ष के लोगों ने कटगोड़ी निवासी भरत कुमार सिंह उर्फ लल्ला सिंह की फॉर्च्यूनर वाहन में पेट्रोल डालकर आग लगा दी। इस दौरान मौके पर मौजूद लोगों के साथ मारपीट भी की गई।

घटना में भरत कुमार सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथ मौजूद नागेंद्र सिंह और वीरेंद्र सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इलाज के दौरान दोनों ने भी दम तोड़ दिया। एक ही घटना में तीन लोगों की मौत से पूरे कोरिया जिले में सनसनी फैल गई थी और क्षेत्र में तनाव की स्थिति निर्मित हो गई थी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। मृतकों के परिजनों और ग्रामीणों से बातचीत कर शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एमसीबी और कोरिया पुलिस की संयुक्त टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई।

प्रार्थी आदित्य सिंह पिता भरत कुमार सिंह निवासी महलपारा बैकुंठपुर की रिपोर्ट पर सोनहत थाना में अपराध क्रमांक 66/2026 के तहत धारा 190, 191(2), 191(3), 109, 324, 103(1), 326(जी) बीएनएस सहित अन्य धाराओं में अपराध पंजीबद्ध किया गया।
पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज श्री दीपक कुमार झा के निर्देशन में एमसीबी पुलिस अधीक्षक श्रीमती रत्ना सिंह एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कोरिया डॉ. सुरेशा चौबे के मार्गदर्शन में पुलिस टीमों ने लगातार कार्रवाई करते हुए आरोपियों के संभावित ठिकानों पर दबिश दी।

पुलिस ने घटना के बाद आरोपियों की तलाश के लिए तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर तंत्र और स्थानीय स्तर पर जुटाई गई जानकारियों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। आरोपियों के सहयोगियों और संपर्क में रहने वाले लोगों से पूछताछ की गई तथा फरार आरोपियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी गई।
पुलिस की कार्रवाई के दौरान पहले ही चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया था। इसके बाद फरार मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबाव बनाया गया। पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की जा रही लगातार घेराबंदी और दबिश के बाद पांचों फरार आरोपी भी गिरफ्तार कर लिए गए।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों से घटना के संबंध में विस्तृत पूछताछ की जा रही है। साथ ही घटना के पीछे वास्तविक कारण, पूरी साजिश और अन्य किसी व्यक्ति की संलिप्तता को लेकर भी जांच जारी है।
गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना गंभीरता से जारी है और सभी पहलुओं को सामने लाने के लिए साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

गिरफ्तार आरोपी—
निशांत त्रिपाठी पिता सत्य कुमार त्रिपाठी, निवासी ग्राम नौगई थाना सोनहत जिला कोरिया।
मनोज त्रिपाठी पिता राममिलन त्रिपाठी, निवासी ग्राम नौगई थाना सोनहत जिला कोरिया।
अमन त्रिपाठी पिता महेंद्र त्रिपाठी, निवासी ग्राम नौगई थाना सोनहत जिला कोरिया।
गौरव त्रिपाठी पिता अंजनी त्रिपाठी, निवासी ग्राम नौगई थाना सोनहत जिला कोरिया।
आशुतोष त्रिपाठी पिता मनोज त्रिपाठी, निवासी ग्राम नौगई थाना सोनहत जिला कोरिया।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


