52 किलो गांजा तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश, मुख्य सप्लायर महिला गिरफ्तार
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायगढ़, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
संवाददाता :- संजय जेठवानी
“ऑपरेशन आघात” के तहत रायगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, ओडिशा से पकड़ी गई गांजा सप्लायर
रायगढ़ ACGN:- मादक पदार्थों की अवैध तस्करी के खिलाफ रायगढ़ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत चौकी खरसिया पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने 52 किलो गांजा तस्करी मामले में मुख्य सप्लायर महिला को ओडिशा से गिरफ्तार कर पूरे नेटवर्क तक पहुंचने में सफलता प्राप्त की है। आरोपी महिला को एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार 22 अप्रैल 2026 को खरसिया क्षेत्र में गांजा तस्करी की सूचना मिली थी। सूचना मिलने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जिले के सभी थाना प्रभारियों एवं साइबर टीम को अलर्ट किया गया। इसी दौरान खरसिया रेलवे कॉलोनी क्षेत्र में तीन संदिग्ध युवक बड़े बैग लेकर घूमते मिले, जिनकी घेराबंदी कर पुलिस टीम ने उन्हें पकड़ा।
पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम दिनेश कुमार बेहरा, शिवा बेहरा एवं देवी प्रसाद कंहर निवासी जिला कंधमाल ओडिशा बताया। आरोपियों के पास से तलाशी के दौरान कुल 52 किलो गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 25 लाख 62 हजार रुपये बताई गई।
गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में गांजा तस्करी के नेटवर्क का खुलासा हुआ। आरोपियों ने बताया कि गांजा उन्हें संबलपुर रेलवे स्टेशन के पास रहने वाली महिला सुभद्रा उर्फ मामी मलिक द्वारा उपलब्ध कराया गया था, जिसे मध्यप्रदेश के बीना पहुंचाया जाना था।
मामले में मिले सुरागों के आधार पर चौकी खरसिया पुलिस ने ओडिशा के जिला कंधमाल क्षेत्र में स्थानीय पुलिस के सहयोग से दबिश दी। पुलिस टीम ने आरोपी महिला सुभद्रा उर्फ मामी मलिक को गिरफ्तार कर रायगढ़ लाया।
पूछताछ में आरोपी महिला ने स्वीकार किया कि उसने ही गांजा उपलब्ध कराया था और तस्करों को मध्यप्रदेश तक पहुंचाने की जिम्मेदारी दी थी। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक विवो वी-60 टच स्क्रीन मोबाइल फोन भी जब्त किया है।
रायगढ़ पुलिस ने बताया कि “ऑपरेशन आघात” के तहत केवल गांजा परिवहन करने वालों पर कार्रवाई नहीं की जा रही, बल्कि सप्लायर, नेटवर्क संचालक और पूरे तस्करी तंत्र तक पहुंचकर कार्रवाई की जा रही है। मामले में अन्य संलिप्त लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी महिला सुभद्रा उर्फ मामी मलिक पति बिरसा दिगल उम्र 41 वर्ष निवासी जिला कंधमाल ओडिशा के खिलाफ कार्रवाई की गई है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि नशे के कारोबार से जुड़े किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। रायगढ़ पुलिस मादक पदार्थों के अवैध कारोबार को रोकने के लिए लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रही है।
पूरी कार्रवाई एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन, एडिशनल एसपी अनिल सोनी एवं एसडीओपी खरसिया प्रभात पटेल के मार्गदर्शन में चौकी प्रभारी त्रिनाथ त्रिपाठी सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


