तमनार में 2 लाख की उठाईगिरी का खुलासा, जशपुर से शातिर आरोपी गिरफ्तार
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायगढ़, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
संवाददाता :-
बैंक से निकली रकम पर नजर रखने वाले गिरोह का पर्दाफाश, चोरी की रकम से खरीदी बाइक सहित औजार बरामद
रायगढ़ ACGN:- तमनार क्षेत्र में बैंक से रकम निकालकर ले जा रहे ग्रामीण की मोटरसाइकिल की डिक्की तोड़कर 2 लाख रुपये की उठाईगिरी करने वाले गिरोह के एक सदस्य को रायगढ़ पुलिस ने गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में तमनार पुलिस टीम ने जशपुर जिले में सात दिनों तक कैंप कर आरोपी को पकड़ने में सफलता प्राप्त की।
पुलिस के अनुसार 8 जून 2026 को ग्राम गौरबहरी निवासी लोकेश्वर पटेल ने थाना तमनार में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उन्होंने अपेक्स बैंक तमनार से 2 लाख रुपये निकालकर अपनी मोटरसाइकिल की डिक्की में रखे थे। तहसील कार्यालय के काम से जाने के दौरान जब उन्होंने वाहन बाहर खड़ा किया और कुछ देर बाद वापस लौटे तो मोटरसाइकिल की डिक्की टूटी हुई मिली और उसमें रखी रकम गायब थी। मामले में पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी शशि मोहन सिंह ने एडिशनल एसपी अनिल सोनी एवं एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के मार्गदर्शन में तमनार थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत राव के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की। पुलिस टीम ने बैंक एवं आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच की, जिसमें संदेह ग्राम गाला निवासी विशाल उर्फ हरि नट पर गया। स्थानीय लोगों से पहचान कराने के बाद पुलिस को आरोपी गिरोह तक पहुंचने में महत्वपूर्ण सुराग मिले।
जांच के दौरान पता चला कि आरोपी विशाल उर्फ हरि नट पहले से अपराधों में संलिप्त है और उसके साथी धर्मेन्द्र नट उर्फ धर्मेन्द्र मीणा की भी तलाश की जा रही थी। पुलिस टीम ने जशपुर जिले में लगातार निगरानी रखते हुए आरोपी धर्मेन्द्र को घेराबंदी कर पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने अपने साथी के साथ मिलकर बैंक से रुपये निकालने वाले लोगों की रेकी की और मौका पाकर मोटरसाइकिल की डिक्की तोड़कर रकम चोरी की थी। आरोपी ने बताया कि चोरी की रकम में मिले हिस्से से उसने नई टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल खरीदी थी।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, चोरी की रकम से खरीदी गई नई मोटरसाइकिल और डिक्की तोड़ने में इस्तेमाल किए गए लोहे के औजार बरामद किए हैं। जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 2 लाख रुपये बताई गई है। आरोपी धर्मेन्द्र मीणा उर्फ धर्मेन्द्र नट पिता मोहन लाल मीणा उम्र 40 वर्ष निवासी ग्राम झक्कड़पुर थाना पत्थलगांव जिला जशपुर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि उठाईगिरी और संपत्ति संबंधी अपराधों में रायगढ़ पुलिस लगातार पेशेवर तरीके से कार्रवाई कर रही है। अपराधियों तक पहुंचने के लिए तकनीकी और जमीनी स्तर पर लगातार काम किया जा रहा है। उन्होंने नागरिकों से भी बड़ी रकम निकालते समय सतर्कता बरतने की अपील की है।
पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी तमनार निरीक्षक प्रशांत राव सहित प्रधान आरक्षक बनारसी सिदार, दिलदार कुरैशी, आरक्षक पुष्पेन्द्र सिदार, पुरुषोत्तम सिदार एवं जॉन प्रकाश टोप्पो की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


