गोकुलगंज से सीतामणी मेन रोड तक सड़क डामरीकरण कार्य शुरू
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
कोरबा, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
महापौर संजूदेवी राजपूत ने पूजा-अर्चना कर कराया शुभारंभ, 20 लाख की लागत से होगा सड़क निर्माण
कोरबा ACGN:- नगर पालिक निगम कोरबा क्षेत्र के पुराने शहर स्थित मोतीसागरपारा में गोकुलगंज से सीतामणी मेन रोड तक बहुप्रतीक्षित सड़क डामरीकरण कार्य का शुभारंभ किया गया। महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने पूजा-अर्चना कर निर्माण कार्य की शुरुआत कराई। इस अवसर पर वरिष्ठ पार्षद श्री नरेंद्र देवांगन सहित निगम के पार्षदगण, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
उल्लेखनीय है कि उद्योग मंत्री श्री लखनलाल देवांगन एवं महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत के प्रयासों से नगर निगम क्षेत्र में लगभग 15 करोड़ रुपये के विभिन्न सड़क डामरीकरण कार्य स्वीकृत किए गए हैं। डामर की उपलब्धता के अनुसार इन कार्यों को क्रमशः प्रारंभ कराया जा रहा है। इसी क्रम में वार्ड क्रमांक 08 मोतीसागरपारा अंतर्गत गोकुलगंज से सीतामणी मेन रोड तक लगभग 20 लाख रुपये की लागत से सड़क निर्माण कार्य शुरू किया गया है।

महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क निर्माण कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए और कार्य को निर्धारित समय सीमा में पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण से क्षेत्र के नागरिकों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और लंबे समय से चली आ रही परेशानी दूर होगी।
महापौर ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र के सभी 67 वार्डों में समान रूप से विकास कार्य कराए जा रहे हैं। आम नागरिकों की आवश्यकता और मांग को प्राथमिकता देते हुए सड़क, पानी, बिजली सहित मूलभूत सुविधाओं के विस्तार की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है।
वरिष्ठ पार्षद नरेंद्र देवांगन ने कहा कि उद्योग मंत्री श्री लखनलाल देवांगन एवं महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत के मार्गदर्शन में कोरबा नगर निगम क्षेत्र में तेजी से विकास कार्य हो रहे हैं। वर्षों पुरानी समस्याओं का समाधान करते हुए नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों का दायित्व है कि बिना किसी भेदभाव के जनता की आवश्यकताओं को प्राथमिकता देते हुए कार्य करें और लोगों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराएं।
कार्यक्रम के दौरान पार्षद रूबीदेवी सागर, उर्वशी राठौर, राधा महंत, धनश्री साहू, उपेंद्र पटेल, ईश्वर पटेल, रामशंकर साहू, प्रमिला सागर, भाजपा कोरबा मंडल अध्यक्ष योगेश मिश्रा, पूर्व पार्षद सुफलदास महंत सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


