बढ़ी बिजली दरों के विरोध में कांग्रेस का हल्लाबोल, CSPDCL कार्यालय का घेराव
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
सूरजपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
संवाददाता :- सौरभ साहू
जिला कांग्रेस अध्यक्ष शशि सिंह के नेतृत्व में प्रदर्शन, सरकार से दरें वापस लेने की मांग
सूरजपुर ACGN:- राज्य में बढ़ाई गई विद्युत दरों के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी सूरजपुर ने बुधवार को जोरदार प्रदर्शन करते हुए छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (CSPDCL) कार्यालय का घेराव किया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष शशि सिंह के नेतृत्व में सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक केतका रोड से आक्रोश रैली निकालते हुए विद्युत विभाग कार्यालय पहुंचे और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री का पुतला दहन कर बढ़ी हुई बिजली दरों को तत्काल वापस लेने की मांग की। हाथों में तख्तियां लेकर पहुंचे कार्यकर्ताओं ने महंगाई और बिजली बिल वृद्धि को लेकर सरकार के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष शशि सिंह ने प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश की जनता पहले ही महंगाई की मार झेल रही है, ऐसे समय में बिजली दरों में बढ़ोतरी आम नागरिकों की परेशानी बढ़ाने वाला निर्णय है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार आम लोगों की समस्याओं को नजरअंदाज कर रही है और बिजली जैसी मूलभूत सुविधा को भी महंगा कर रही है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनता के हितों से जुड़े मुद्दों पर लगातार आवाज उठाती रहेगी। बढ़ी हुई विद्युत दरें वापस नहीं ली गईं तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
CSPDCL कार्यालय पहुंचने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य द्वार पर प्रदर्शन करते हुए घेराव किया। इस दौरान पुलिस बल की मौजूदगी रही और प्रदर्शनकारियों एवं प्रशासन के बीच नोकझोंक की स्थिति भी बनी। बाद में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर विद्युत दरों में की गई वृद्धि वापस लेने की मांग की।

कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार ने जनता को राहत नहीं दी तो जिलेभर में बड़े आंदोलन किए जाएंगे। जिला कांग्रेस अध्यक्ष शशि सिंह ने कहा कि यह प्रदर्शन केवल शुरुआत है, जरूरत पड़ने पर चक्काजाम और व्यापक आंदोलन किया जाएगा।
प्रदर्शन में जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री संजय दोसी, इस्माइल खान, विद्या सागर सिंह, सुनील अग्रवाल, परवेश गोयल, महेंद्र साहू, अरविंद यादव, लवकेश गुर्जर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं नागरिक मौजूद रहे।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


